ग्रेटर नगर निगम मेयर उप चुनाव : रश्मि सैनी भाजपा, हेमा सिंघानिया कांग्रेस से भरा नामांकन

Front-Page Jaipur Rajasthan

प्रत्याशी नहीं बनाने पर रोने लगी कार्यवाहक मेयर शील धाबाई

Jaipur

जयपुर नगर निगम ग्रेटर में मेयर पद को लेकर भाजपा में विवाद हो गया। कार्यवाहक मेयर शील धाबाई को प्रत्याशी नहीं बनाने पर उनकी बेटी ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदर्शन कर अपना विरोध प्रकट किया इससे कार्यालय के  बाहर हंगामे की स्थिति बन गई। 

मेयर का प्रत्याशी नहीं बनाने पर शील धाबाई भावुक हो गई। इससे पहले आज नामांकन के आखिरी दिन भाजपा की ओर से रश्मि सैनी और कांग्रेस की ओर से हेमा सिंघानिया ने मेयर पद के लिए  नामांकन भरा।

भाजपा-कांग्रेस ने अपने-अपने मेयर प्रत्याशी के लिए गुरुवार देर रात तक मंथन किया। सूत्रों की मानें तो भाजपा में एन वक्त पर नाम बदला। पहले सुखप्रीत बंसल का नाम फाइनल था। कांग्रेस ने हेमा सिंघानिया का नाम तय किया है।

भाजपा से रश्मि सैनी को उम्मीदवार बनाने के बाद शील धाबाई की बेटी कुछ समर्थकों को साथ लेकर अचानक भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंची। विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में समर्थकों से भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगवाए। इस दौरान मीडिया प्रभारी और संयोजक पंकज जोशी से धाबाई की बेटी को कहासुनी हो गई।

भाजपा प्रवक्ता चोमू विधायक रामलाल शर्मा ने बताया कि पार्षदों, विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों की राय के बाद ही मेयर पद का प्रत्याशी तय किया गया है। किसी का कोई विरोध नहीं है।

रश्मि सैनी के नाम पर एक नेगेटिव फेक्टर विद्याधर नगर क्षेत्र के पार्षदों की नाराजगी है। यहां के 25 में से 12 से ज्यादा पार्षद नाराज है। सैनी वर्तमान में लाइट समिति की चेयरमैन हैं। उनके पति की दखलअंदाजी के चलते पार्षद उनसे नाराज हैं। वे पिछले दिनों सैनी के पति के खिलाफ प्रदर्शन भी कर चुके हैं।

भाजपा से एक, कांग्रेस से दो उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

ग्रेटर नगर निगम  मेयर  के निर्वाचनअधिकारी शंकर लाल सैनी ने बताया कि नामांकन के आखिरी दिन मेयर पद पर चुनाव लड़ने के लिए 4 पार्षदों ने नामांकन भरे हैं। इसमें भाजपा उम्मीदवार रश्मि सैनी ने एक, वार्ड 74 की हेमा सिंघानिया (कांग्रेस) ने दो, वार्ड 130 की पार्षद रजुला सैनी (कांग्रेस) ने एक और एक आवेदन पत्र वार्ड 32 नसरीन बानो ने भरा है। हालांकि नसरीन बानो ने नामांकन पत्र तो दे दिया, लेकिन वे जमानत राशि जमा नहीं करवा सकी। इस कारण उनका नामांकन निरस्त होना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *