डिप्टी सीएम का BJP पर निशाना:अग्निहोत्री बोले- भाजपा के नेता बताएं केंद्र ने ऊना हमीरपुर रेललाइन के लिए बजट में क्या दिया

National Politics

ऊना:-हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा के नेतृत्व पर जवाबी पलटवार किया है। ऊना में सोमवार देर शाम जारी बयान में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा नेताओं ने अपनी कार्यसमिति में सिर्फ केंद्र सरकार के ही कसीदे पढ़े हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने पूछा कि इस दफा बजट में ऊना-हमीरपुर रेल लाइन के लिए कितना बजट मिला है? यह रेल लाइन कब पूरी होगी? इस बारे भाजपा नेताओं को स्थिति साफ करनी चाहिए।

डिप्टी सीएम ने कहा कि विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा ने उक्त रेल लाइन का शिलान्यास करवाने के लिए जोर लगाया था। लेकिन PM नरेंद्र मोदी ने इसका शिलान्यास नहीं किया। कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर यहां से हैं। इस रेल लाइन के नाम पर भाजपा चुनाव लड़ चुकी है। अब तो भाजपा को सच्चाई बतानी चाहिए कि आखिर कितना पैसा इस रेल लाइन के लिए मिला है।

5 साल में नहीं बना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्‌डा
जबकि खर्च तो इस रेल लाइन पर 3000 करोड़ से अधिक का बताया जा रहा है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 5 साल के शोर के बावजूद भाजपा इसे नहीं बना पाई। कर्मचारियों के ऊपर भाजपा ने मुकदमे दर्ज किए। यही नहीं कोरोनाकाल में मुकदमे दर्ज किए। राजनीतिक मुकदमे भी दर्ज किए। जिन्हें अब कांग्रेस सरकार वापस लेकर राहत प्रदान कर रही है।

कहा कि नेशनल हाईवे पर झूठ बोला गया। भाजपा के नेता आज तक जवाब नहीं दे पाए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हालत तो भाजपा की यह है कि ऊना में राज्य कार्यकारिणी के लिए नेता तो जुटे पर कार्यकर्ता लोगों की भीड़ नहीं जुट पाई। जिससे भाजपा को अभी से अपना आइना देख लेना चाहिए। कहा कि भाजपा का नेतृत्व पूरी तरह से विफल और असफल है। साथ ही इन कंधों में कोई जान नहीं है।

अपने नेताओं पर टिप्पणी कर रहे भाजपाई
भाजपा के नेता ही खुद ऐसी टिप्पणियां अपने नेताओं पर कर रहे हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा राजनीतिक प्रस्ताव लाकर कांग्रेस सरकार की आलोचना अपने दिल बहलाने के लिए कर सकती है। लेकिन कांग्रेस सरकार लगातार जनता के लिए काम कर रही है। नशा और खनन माफिया पर सख्त कार्रवाई कर रही है।

कहा कि कर्मचारियों को OPS देने के वादे को पूरा कर दिया गया है। जल्द उसको लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी जाएंगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा तो आज भी कर्मचारी विरोधी चेहरा दिखा रही है। कभी भाजपा के नेता कह रहे हैं कि केंद्र से मदद नहीं मिलेगी। कभी कह रहे हैं कि NPS का पैसा नहीं देंगे। कहा कि जो भी हो जाए कर्मचारियों को OPS दी जाएगी।

कांग्रेस की गारंटियों की चिंता न करे भाजपा
जो जिंदगी भर उनकी सुरक्षा का काम करेगी। हमारी भाजपा को सलाह है कि कांग्रेस की गारंटियों की चिंता न करें। कांग्रेस ने जो गारंटी दी हैं, हम उन सबको पूरा करके दिखाएंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ कांग्रेस सरकार काम कर रही है। हम बेहतरीन रिजल्ट देंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।

कहा कि लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा जितने भी सपने पाले, फिर भी BJP को मुंह की खानी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *