भाजपा महिला मोर्चा का थाली बजाकर प्रदर्शन में पुलिस से धक्का-मुक्की,दो महिला कार्यकर्ता बेहोश,महिलाओं ने दी गिरफ्तारी

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा की ओर से थाली बजाकर प्रदर्शन किया।  भाजपा मुख्यालय से जैसे ही महिलाओं ने थाली बजाते हुए मुख्यमंत्री निवास की ओर जाने का प्रयास किया कि पुलिस ने सिविल लाइन फाटक पर बैरिकेट्ड लगाकर महिलाओं को रोक दिया। भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं ने  बैरिकेट्स पर चढ़कर आगे जाने की कोशिश की। इस पर महिला कार्यकर्ताओं और महिला पुलिस कर्मियों धक्का-मुक्की हो गई। इस घटना में दो महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गई। जिन्हें इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ देर प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने गिरफ्तारियां दी।

बुधवार को महिला मोर्चा के आह्वान पर भाजपा मुख्यालय पर प्रातः काल 11:00 बजे महिलाएं एकत्रित होना शुरू हो गई थी। जहां पर सभा का आयोजन किया गया।  राजसमंद से सांसद और प्रदेश महासचिव दीया कुमारी  ने कहा कि सीएम गहलोत अपनी कुर्सी को बचाने में लगे हुए हैं और महिलाओं पर दिनोंदिन अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार को हमें उखाड़ फेंकना चाहिए। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री डॉ अलका सिंह गुर्जर ने कहा कि गहलोत सरकार का महिलाओं के प्रति रवैया ठीक नहीं है।  अब संघर्ष को  जारी रखना पड़ेगा और आने वाले 2023 के चुनाव में हमें सीएम अशोक गहलोत की सरकार को हटाने के लिए पुरजोर कोशिश करनी पड़ेगी। सभा को प्रभारी  विजया रहाटकर ने और महिला मोर्चा की अध्यक्ष मूंदड़ा ने भी संबोधित किया।

भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सिविल लाइन फाटक से पहले भारी पुलिस फोर्स तैनात की भी थी। जहां पर बैरिकेट्स लगाकर महिलाओं को रोका गया। महिलाओं ने ताली बजाने के प्रदर्शन के बाद गिरफ्तारी दी। महिला पुलिस कर्मियों ने भाजपा महिला कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर बसों में बैठा कर वहां से रवाना किया। वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रभारी अरुण सिंह और सांसद  दीया कुमारी ने सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचकर दो महिला कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त की।