बीजेपी वाले झंडा लेकर खड़े होते हैं,जब मैं अडानी कहता हूं तो वह मुंह नीचे कर लेते हैं:-राहुल गांधी

Front-Page Loksabha Election National Politics

कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को हरियाणा दौरे पर हैं। वह चरखी दादरी में रैली करने के बाद सोनीपत पहुंच गए हैं। यहां वह रैली को संबोधित कर रहे हैं।

इससे पहले उन्होंने सबसे पहले चरखी दादरी में पार्टी उम्मीदवार राव दान सिंह के समर्थन में रैली की। इस दौरान मंच पर राहुल के सामने बेटी श्रुति की टिकट कटने से नाराज विधायक किरण चौधरी और कैंडिडेट राव दान सिंह भिड़ गए। दोनों ने एक-दूसरे को अंगुलियां दिखाई।

इसके बाद राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वे हरियाणा की सभी 10 सीटें जीतेंगे। 4 जून को I.N.D.I.A. गठबंधन की सरकार बन रही है। इसके एक महीने बाद 4 जुलाई को देश की करोड़ों महिलाओं के खाते में 8500 रुपए आएंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि मैं देश का बेटा हूं और पीएम नरेंद्र मोदी देश के राजा हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं को पहली पक्की नौकरी देगी। सोनीपत में रैली के बाद राहुल गांधी पंचकूला में संविधान सम्मान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

मोदी ने करोड़ों युवाओं को बेरोजगार किया:-राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने करोड़ों युवाओं को बेरोजगार किया है। सब छोटी कंपनियों को बंद कर दिया। कुछ दिन पहले मैं न्यू दिल्ली रेलवे स्टेशन पर गया, वहां मुझे एक कुली मिला, वह बोला मैं सिविल इंजीनियर हूं। अब देखिए ये हालात देश के हैं। मीडिया वाले कभी नहीं कहेंगे। सबसे पहला काम यह होगा कि जो तीस लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं, उनको आपके हवाले कर देंगे

हम गारंटी के रूप में एमएसपी देंगे: राहुल

उन्होंने कहा कि हजारों किसानों ने एक बात हमें समझाइए कि हम कोई भी चीज लेते हैं तो उस पर दाम लिखा होता है, मगर किसानों को कोई दाम नहीं मिलता है।

किसानों को सही प्राइज उनकी फसलों का नहीं मिलता। मिनिमम सपोर्ट प्राइज की मांग हजारों किसानों ने की। हिंदुस्तान के किसानों को पहली बार हम गारंटी के रूप में एमएसपी देंगे। किसानों ने कहा कि नरेंद्र मोदी जो फसल बीमा योजना लाए हैं, हम पैसे देते हैं, लेकिन नुकसान होने पर हमें पैसा नहीं मिलता। हम ये योजना खत्म करके नई योजना लाएंगे। किसानों की योजना होगी। एक कानून लाएंगे। बीमा का पैसा किसान के खाते में तीस दिनों के अंदर होना चाहिए।

किसानों का कर्जा माफ करेंगे:-राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि अब मैं किसानों की बात करूंगा। मोदी ने आपका कर्जा माफ नहीं किया, अडानी का किया। यात्रा के दौरान लाखों किसानों से मिला। उन्होंने कहा कि हमारा कर्जा माफ होना चाहिए। एक बार कर्जा माफ होना चाहिए। मैं कुछ और करना चाहता हूं। एक बार तो कर्जा माफ करेंगे ही करेंगे। हम वहां नहीं रूकेंगे। हम किसानों के लिए एक सिस्टम बनाएंगे। जिसमें किसानों की आवाज होगी। जब भी उस एसोसिएशन ने सरकार से कर्जा माफी मांगी, हम आपका कर्जा माफ कर देंगे।

अग्निवीर योजना को हटाएंगे: राहुल

राहुल गांधी ने कहा का कांग्रेस सरकार आने पर अग्निवीर योजना को हटा देंगे। कांग्रेस अग्निवीर योजना को कूड़े में ढेर में डालेगी। पीएम कहते हैं किसानों का कर्ज माफ नहीं होगा, हम किसानों का कर्ज माफ करेंगे। पीएम सिर्फ अरबपतियों का कर्ज माफ करते करते हैं, बीजेपी सरकार ने गरीबों को और गरीब बनाया है। बीजेपी की सरकार अमीरों की सरकार है।

मोदी ने देश के 22 लोगों के लिए 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया:-राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान आज दो भागों में बंट गया है, एक अमीर और एक गरीब। सारा का सारा काम जो भी हुआ है वह 22-25 लोगों के लिए हुआ है। आपको पता है कि नरेंद्र मोदी ने देश के 22 लोगों के लिए 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया है। फिर कहते हैं कि सबको गरीब बना दूं। हां मोदी जी आपने 22 को छोड़कर सबको गरीब बना दिया। ऐसा उन्होंने इसलिए किया कि क्योंकि 24 घंटे ये लोग इन्हीं का चेहरा दिखाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इमेज का गुब्बारा फटाक से फट गया है। बीजेपी के लोग खड़े होते हैं झंडा लेकर, मैं जब अडानी कहता हूं तो वह लोग मुंह नीचे कर लेते हैं। यह सरकार अरबपतियों की सरकार है।

जितना पैसा इन्होंने अरबपतियों को दिया है, उतना पैसा हम देश के गरीब लोगों को दे देंगे

ये चुनाव संविधान बचाने का है: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि गर्मी में आप लोग आए हैं, इसके लिए आपका धन्यवाद है। भाइयों और बहनों ये जो किताब है हिंदुस्तान का संविधान, लाखों लोगों ने इसकी लड़ाई लड़ी थी। कांग्रेस के लोगों ने लड़ी थी, हिंदुस्तान की जनता ने लड़ी थी। जो भी आपको इससे मिला, वह इस किताब की ही देन है। ये किताब गांधी, अंबेडकर, नेहरू ने लड़कर आपको दी है। आज बीजेपी के नेता ये खुलकर कह रहे हैं कि वह इसको बदल देंगे।

भाजपा तो छोड़िए, दुनिया में ऐसी कोई शक्ति नहीं है, जो इसको बदल दे। सबसे पहले जो ये चुनाव है वह संविधान बचाने का है।

राहुल बोले- पहली नौकरी पक्की का अधिकार देंगे

युवा कह रहे हैं कि आपने सबकी बात कर ली, लेकिन हमारी बात नहीं की। 30 लाख रोजगार खाली पड़े हैं, हम वो आपको देंगे। दूसरा ऐतिहासिक काम हम सभी ग्रेजुएट को एक बड़ा अधिकार देने जा रहे हैं, आप हैरान हो जाएंगे।

दुनिया की किसी भी सरकार ने ये आज तक नहीं किया है। हम आपको पहली पक्की नौकरी का अधिकार देने जा रहे हैं। हरियाणा में प्राइवेट सेक्टर में, सरकारी कॉलेज में, ये नौकरियां आपको मिलेंगी।

इस साल की ये नौकरी होगी। बेहतरीन ट्रेनिंग आपकी होगी। इस साल के इस काम के लिए आपको एक लाख रुपया मिलेगा। हर महीने जैसे महिलाओं के खाते में 8500 रुपए आते हैं, वैसे ही आपके अकाउंट में ये पैसा खटाखट खटाखट पैसा आएगा।