शेखावत के जन्म शताब्दी समारोह के माध्यम से भाजपा आम लोगों को जोड़ने का करेगी प्रयास,कार्य योजना तैयार

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व उप राष्ट्रपति  स्वर्गीय भैरोसिंह शेखावत की जन्म शताब्दी वर्ष में उनके जीवन की विशेषताओं, सफल शासन प्रणाली, गरीबी उन्मूलन के लिए बनाई अन्त्योदय योजना, भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा के विस्तार मे उनके बहुमूल्य योगदान को गाॅव-ढाणी, नगर-उप नगर तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार किया गया।

सोमवार को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की अध्यक्षता में स्वर्गीय भैरोंसिंह शेखावत जन्म शताब्दी वर्ष आयोजन समिति की प्रदेश स्तरीय बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। जन्म शताब्दी वर्ष में ‘‘प्रदेश  और जिला स्तर पर’’ भैरोंसिंह शेखावत के जीवन दर्शन पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।  सोमवार की बैठक में यह भी तय किया गया कि शेखावत के आदर्शमय जीवन  और लोकतंत्र के पुरौधा के रूप में उनके लोक कल्याण कार्यो पर एक विस्तृत पुस्तक का प्रकाशन किया  जाएगा।

इस शताब्दी वर्ष में वरिष्ठ कार्यकर्ता मिलन  और सम्मान समारोह भी आयोजित होगा। जनप्रतिनिधि सम्मेलनो में सांसद, विधायक, निकाय और पंचायत प्रमुख, सहकारिता क्षेत्र के दायित्वान कार्यकर्ताओं के विशाल सम्मेलन आयोजित होगें। पूर्व जनप्रतिनिधि और शेखावत  के जीवन से प्रभावितजनों के विशिष्ठ कार्यक्रम  किए जाएंगे।

स्वर्गीय भैरूसिंह शेखावत के विधायी कार्यों  और सम्पूर्ण देश को प्रभावित करने वाले निर्णयो  पर भी सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।  स्वर्गीय भैरोंसिंह शेखावत जन्मस्थान खाचरियावास में आगामी 15 मई को कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

भाजपा मुख्यालय पर आयोजित बैठक में उपस्थित पार्टी के वरिष्ठ और प्रमुख कार्यकर्ताओं ने शेखावत के जीवन, उपलब्धियों  तथा शासन प्रणाली पर अपने संस्मरणों और घटनाक्रमों पर प्रकाश डाला।

सोमवार  की बैठक में अन्त्योदय योजना, काम के बदलेअनाज योजना, स्थानीय निकायों व पंचायत राज चुनावों में महिलाओं  और पिछडे व अनुसूचित जाति, जनजातिवर्ग के लिए आरक्षण द्वारा सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला गया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि शेखावत अजातशत्रु थे और उनकी विलक्षण  और प्रभावी कार्य पद्धति थी। आपने कहा कि शेखावत ने भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा को जन-जन तक लोकप्रिय बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि भारतीय जनसंघ के कार्यकाल से लेकर भाजपा के विकास में भैरोंसिंह शेखावत की प्रेरणा दायी भूमिका रही।  उन्होंने कहा उनकी कार्य पद्धति और शासन प्रणाली से प्रत्येक कार्यकर्ता का अवगत कराया जाना आवश्यक है। आपने इस शताब्दी  वर्ष में भाजपा के हर स्तर के कार्यकर्ता की भूमिका को रेखांकित किया।

सोमवार को भाजपा मुख्यालय पर बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल, शांतिलाल चपलोत, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. अरूण चतुर्वेदी, भाजपा सांसद घनश्याम तिवाडी, पूर्व मंत्री नरपत सिंह राजवी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर  चौधरी, पूर्व उपकुलपति लोकेश शेखावत, गोपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री श्री भजनलाल शर्मा, पूर्व सांसद ओंकार सिंह लखावत, महापौर जयपुर नगर निगम ग्रेटर श्रीमती सौम्या गुर्जर, जिला प्रमुख श्रीमती रमा चोपड़ा, भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक राजेन्द्र सिंह शेखावत, पूर्व िजलाध्यक्ष हनुमानगढ काशीराम गोदारा, अजय विजयवर्गीय, पूर्व जिलाप्रमुख पुखराज पहाडिया, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष राधव शर्मा, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह, किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष हरीराम रिणवा, दिनेश धाबाई, पूर्व सांसद रामकुमार वर्मा, महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश महामंत्री श्रीमती मंजू शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष दौसा टीकम सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक कन्हैयालाल मीणा, विधायक निर्मल कुमावत, अभिमन्यु सिंह राजवी, वीरेन्द्र शर्मा, विकास शर्मा,  विजय सिंह चौहान आदि उपस्थित थे।