भाजपा महिला संभाग स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन,महिला मोर्चा सम्मेलन में कांग्रेस सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का लिया संकल्प

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-भाजपा महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से महिलाओं का जीवन बेहद सरल हुआ है। जिसमें उज्जवला योजना, पीएम आवास योजना और स्वच्छता अभियान के तहत करोड़ों शौचालय का निर्माण कराया गया। 2014 में सत्ता में आते ही मोदी सरकार ने  हर योजना में महिलाओं को प्राथमिकता दी।

भाजपा महिला मोर्चा की ओर से शुक्रवार को दीप स्मृति सभागार मानसरोवर मे भाजपा महिला संभाग स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन में महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने कहा कि पीएम मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए जन धन के खाते खुलवाए और आज ये भारत और भारत सरकार के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। आज जनधन खातों की संख्या 50 करोड़ हो गई है। इसे बैंकिग सेक्टर में एक क्रांति के तौर पर देखा जा रहा है।

राजसमंद सांसद और प्रदेश भाजपा महामंत्री दिया कुमारी ने कहा कि प्रदेश में दुष्कर्म की घटनाएं बढी हैं। सरकार में बैठे लोग खुद न्यायोचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, इससे साफ जाहिर होता है कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध अब सरकार के नियंत्रण से बाहर है।

उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के सारे कारनामे लाल डायरी में छिपे है और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में पुनः डबल इंजन की सरकार बनेगी साथ ही बहनों को कांग्रेस सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प दिलाया।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रवक्ता पूजा कपिल मिश्रा ने अपने संबोधन में कांग्रेस सरकार की विफलताओं के बारे में बताया और कहा कि गहलोत सरकार ने भ्रष्टाचार की लूट मचा रखी है गहलोत जी जो खुद मुख्यमंत्री होने के साथ गृहमंत्री भी है आज उनके राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं है और इस गूंगी बहरी गहलोत सरकार को जगाने के लिए महिला वर्ग भी आगामी चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करेगा।

महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने कहा कि  भाजपा महिला मोर्चा आगामी दिनों में विभिन्न अभियानों की शुरूआत करेगा ।

सम्मेलन में भरतपुर सांसद रंजीता कोली, विधायक अनीता भदेल, जयपुर महापौर सौम्या गुर्जर, अजमेर महापौर ब्रजलता हाडा़, जयपुर जिला प्रमुख रमा चोपड़ा, टोंक जिला प्रमुख सरोज बंसल, झुंझुनू जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी आदि प्रदेश व जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।