कर्नाटक चुनाव में जीत पर बोले सीएम गहलोत,भाजपा के अहंकार की हार हुई,राजस्थान में भी हम जीतेंगे

Jaipur Politics Rajasthan Rajasthan Elections 2023

जयपुर:-कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जीत का श्रेय पार्टी के शीर्ष नेताओं को दिया है, साथ ही कर्नाटक की जनता का आभार जताया है कि उन्होंने सांप्रदायिक राजनीति को नकार कर विकास की राजनीति को चुना है। वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी जीत की उम्मीद जताई है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव जीत, जयपुर बम ब्लास्ट जैसे कई मुद्दों पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान पत्रिका से एक्सक्लुसिव बातचीतक की।

सवाल 1- कर्नाटक में कांग्रेस की प्रचंड जीत का श्रेय किसे देंगे?
जवाब- ये कर्नाटक की जनता की जीत है और भाजपा के अहंकार की हार है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कर्नाटक में जो माहौल दिखा था, उसी का नतीजा कर्नाटक के चुनाव परिणाम में स्पष्ट दिखा है। यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शानदार कैंपेन किया। कर्नाटक ने सांप्रदायिक राजनीति को नकार कर विकास की राजनीति को चुना है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भी इसकी पुनरावृत्ति होगी।

सवाल 2- क्या आपको लगता है कि कर्नाटक की जनता ने राजस्थान मॉडल पर भरोसा जताया है, गुजरात में राजस्थान मॉडल नहीं चल पाया था?
जवाब- हर राज्य के अपने मुद्दे होते हैं। गुजरात में बीजेपी ने पूरा कैंपेन भावनात्मक और धार्मिक मुद्दों पर रखा। आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के वोट काटने में भाजपा का पूरा साथ दिया। इस कारण वहां नतीजे हमारे पक्ष में नहीं आए। हिमाचल में तो मुख्य मुद्दा ही ओल्ड पेंशन स्कीम का था और हिमाचल में हमारी सरकार बनी। कर्नाटक में कांग्रेस ने अपनी 5 गारंटी के ऊपर चुनाव केन्द्रित किया। ये राजस्थान की हमारी 10 गारंटी जैसी ही हैं।