उदयपुर में 2 छात्रों के झगड़े के बाद बवाल:कई जगह हिंसक प्रदर्शन, गाड़ियों में आग लगाई,मॉल में तोड़फोड़-पथराव;धारा-144 लागू

Front-Page Rajasthan Rajasthan-Others Udaipur

उदयपुर में शुक्रवार (16 अगस्त) को सरकारी स्कूल के दो स्टूडेंट के झगड़े के कारण तनाव हो गया। लोगों ने शॉपिंग मॉल में तोड़फोड़ की और पथराव किया। एक गैरेज में खड़ी कारों को आग भी लगा दी। पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। कलेक्टर अरविंद पोसवाल ने धारा-144 लागू कर दी। दोनों स्टूडेंट अलग-अलग धर्मों के हैं।

घटना सूरजपोल थाना क्षेत्र में सुबह 10:30 बजे की है। राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल भटि्टयानी चौहट्‌टा में एक स्टूडेंट ने दूसरे छात्र को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल स्टूडेंट को टीचर महाराणा भूपाल (एमबी) हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना से आक्रोशित हिंदू संगठनों ने चेतक सर्किल, हाथीपोल, अश्विनी बाजार, बापू बाजार और घंटाघर एरिया की दुकानों को बंद करवा दिया। धीरे-धीरे घटना ने हिंसक रूप ले लिया। एहतियात के तौर पर पुलिस के जवान तैनात हैं। कलेक्टर अरविंद पोसवाल ने बताया- हमला कर फरार हुए नाबालिग छात्र को हिरासत में लेकर उसके पिता को गिरफ्तार किया गया है। पूरे मामले की जांच गंभीरता से की जाएगी।

एक ही क्लास में पढ़ते हैं दोनों स्टूडेंट
जिला शिक्षा अधिकारी लोकेश भारती ने बताया- दोनों नाबालिग की उम्र करीब 15 साल है। दोनों एक ही क्लास में पढ़ते हैं। दोनों के बीच पहले क्या विवाद हुआ, इसके बारे में जानकारी नहीं है। जब लंच हुआ तो दोनों के बीच स्कूल के बाहर झगड़ा हुआ। इस झगड़े में एक स्टूडेंट ने दूसरे की जांघ में चाकू से दो-तीन वार कर घायल कर दिया। घायल स्टूडेंट चिल्लाने लगा तो टीचर दौड़कर बाहर आए।

बच्चे के परिजन को जब घटना की जानकारी मिली तो वे एमबी अस्पताल पहुंचे। यही नहीं, हिंदू संगठनों के लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचकर नारेबाजी की और घटना को लेकर आक्रोश जताया। हॉस्पिटल में पुलिस का जाब्ता तैनात किया गया है।

दोनों पढ़ाई में अच्छे हैं, कभी झगड़ते नहीं देखा
प्रिंसिपल ईशा धर्मावत ने बताया- लंच के करीब 5 से 7 मिनट बाद अचानक स्कूल के बाहर से कुछ छात्र चिल्लाते हुए दौड़कर अंदर आए। मैंने तुरंत बाहर जाकर देखा तो हैरान रह गई। स्टूडेंट घायल अवस्था में था। मेरी स्कूटी पर बैठाकर स्टाफ ने उसे तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया। दोनों छात्र पढ़ाई में अच्छे हैं। इससे पहले दोनों को स्कूल में कभी झगड़ते हुए नहीं देखा, न ही सुना। इस तरह की घटना ने हमें भी चौंका दिया।

15 थानों का जाब्ता तैनात किया
उदयपुर एएसपी सिटी उमेश ओझा ने बताया कि शहर के लगभग सभी इलाकों में पुलिस बल तैनात है। इसमें शहर के करीब 15 थानों का जाब्ता लगाया है। पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त जाब्ता क्षेत्रों में तैनात किया गया है। सभी पुलिस अफसर फील्ड में रहकर हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। धारा 144 की पालना कराई जा रही है। लोगों से अपील है कि वे शांति बनाए रखें।