गोविंददेवजी मंदिर के लिए सीएम ने मंजूर किए 20 करोड़:काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर बनेगा कॉरिडोर

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-सीएम अशोक गहलोत ने जयपुर के गोविंद देवजी मंदिर में विकास कामों के लिए 20.30 करोड़ रुपए का फंड मंजूर किया है। सीएम ने बजट में 100 करोड़ की लागत से गोविंद देवजी मंदिर का कॉरिडोर बनाने और दूसरे विकास काम करवाने की घोषणा की थी। गोविंद देवजी मंदिर के कॉरिडोर को काशी विश्वनाथ और उज्जैन के महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने का प्लान तैयार किया है।

सीएम ने बीकानेर के राजरतन बिहारी मंदिर के लिए भी 3.62 करोड़ मंजूर किए हैं। दोनों ही जग पर्यटन विकास कोष से पैसा खर्च किया जाएगा। इस फंड से इन मंदिरों का सौंदर्यीकरण करने के साथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

चुनावी साल में मंदिरों और धार्मिक कामों पर सरकार खास फोकस कर रही है। पिछले दिनों भी सरकार ने मंदिरों के विकास के लिए बजट में की गई घोषणाओं के कामों को मंजूरी देते हुए फंड अलॉट किया था।

66 आईटीआई में बनेंगे स्मार्ट क्लास रूम,97 आईटीआई सोलर पॉवर प्लांट लगेंगे

प्रदेश के 66 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में स्मार्ट क्लास रूम बनेंगे। हर आईटीआई में एक-एक स्मार्ट क्लास रूम बनेगा। हर स्मार्ट क्लास पर 2.62 लाख रुपए की लागत आएगी। इसमें कुल 1 करोड़ 72 लाख 92 हजार रुपए खर्च होंगे। सीएम अशोक गहलोत ने इसके लिए फंड की मंजूरी दे दी है। सीएम ने प्रदेश के 97 आईटीआई और आठ दफ्तरों में सोलर पॉवर प्लांट लगाने के लिए 12.88 करोड़ रुपए के फंड को मंजूरी दी है। हर आईटीआई में 2601.60 किलोवाट के स्मॉल सोलर प्लांट लगाए जाएंगे।