राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा देख भावुक हुए सीएम भजनलाल शर्मा:जयपुर में ऊंट-घोड़ों के साथ निकली गई शोभायात्रा;दीया कुमारी ने सिटी पैलेस में की पूजा

Front-Page Jaipur Rajasthan

अयोध्या के साथ ही जयपुर में भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का जश्न मनाया जा रहा है। इसका जश्न मनाने सीएम भजनलाल शर्मा देव दर्शन पर हैं। सभी मंत्री और विधायक अलग-अलग मंदिरों में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। जयपुर में जगह-जगह शोभायात्रा निकाली जा रही है। इस दौरान बड़ी चौपड़ से लेकर रामगंज चौपड़ तक ऊंट-घोड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई।

अल्बर्ट हॉल पर राम मंदिर के जैसा 35 फीट ऊंचा भव्य राम मंदिर का स्वरूप बनाया गया है। बंगाल से आए 150 कारीगर ने इसका निर्माण किया है। मंदिर की यह झांकी लोगों के लिए 3 दिन तक रहेगी। आज के इस खास दिन पर शाम को अल्बर्ट हॉल परिसर में 300 ड्रोन से हवा में भगवान श्रीराम का स्वरूप बनाया जाएगा। सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार का आयोजन पहली बार हो रहा है, जिसे 3 से 4 किमी तक की दूरी से लोग देख सकेंगे। कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और दोनों डिप्टी सीएम दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को निमंत्रण दिया गया है।

वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देव दर्शन पर हैं। उन्होंने न्यू सांगानेर रोड स्थित रामजानकी मंदिर, प्रतापनगर के सेक्टर-18 के देहलावास बालाजी मंदिर, प्रतापनगर के प्रेम मंदिर के दर्शन किए। सीएम ने प्रेम मंदिर में ही प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम देखा। इस दौरान वे भावुक हो गए। दूसरी तरफ दीया कुमारी ने सिटी पैलेस में पूजा की।

वहीं, इस दौरान गोविंद देवजी मंदिर पहुंचे भक्त भावुक हो गए। उन्होंने कहा- 500 साल के बाद ऐसा अवसर देखने को मिला है। कई कारसेवकों के बलिदानों और पूर्वजों के संघर्षों के पश्चात यह अवसर आया है।

अल्बर्ट हॉल पर पूरे आयोजन के दौरान भजन और हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। इसमें भजन गायक गौरव जैन, शिखा जैन, सीमा मिश्रा और रविन्द्र उपाध्याय राजस्थानी गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर पूरे रामनिवास बाग में कन्नौज के विशेष इत्र का छिड़काव भी किया जाएगा।

गोविंद देवजी मंदिर में भावुक हुए लोग
जयपुर के गोविंद देव जी मंदिर में लोग नए कपड़ों में सज धजकर पहुंचे। इस दौरान राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोग भावुक भी हुए। उन्होंने कहा- 500 साल के बाद ऐसा अवसर देखने को मिला है। कई कारसेवकों के बलिदानों और पूर्वजों के संघर्षों के पश्चात यह अवसर आया है।

गलता गेट से शोभायात्रा निकाली जाएगी

गलता गेट से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में राम, लक्ष्मण और सीता की सजीव झांकी सजाई जाएगी। शोभायात्रा का मार्ग में अनेक जगहों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। जो शाम 5 बजे अल्बर्ट हॉल पहुंचेगी। अल्बर्ट हॉल पर भगवान श्री राम सीता और लक्ष्मण की तीर्थराज पुष्कर से आए 51 पंडित वैदिक मंत्रोच्चार करेंगे। इसके साथ एक लाख 11 हजार दीपों से महाआरती की जाएगी। महाआरती में मंत्रोच्चार के साथ पुराने वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि रोमांचित करने वाली होगी।

रामगंज व्यापार मंडल ने निकाली शोभायात्रा

रामगंज व्यापार मंडल की ओर से राम जी की शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में व्यापारियों ने अपने परिवार के साथ पीले साफे बांधकर नाचते झूमते राम लला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का जश्न मनाया। शोभायात्रा में ऊंट, घोड़े, बग्गी बैंड बाजों के साथ भव्य आतिशबाजी भी की गई। जो बड़ी चौपड़ से लेकर रामगंज चौपड़ तक निकाली गई।

जयपुर में ये कार्यक्रम भी खास

  • मोती डूंगरी गणेश मंदिर को फूलमाला व रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। भक्तों को मोदक प्रसादी वितरित की जाएगी।
  • सिटी पैलेस की ओर से त्रिपोलिया गेट पर राम दरबार सजाया गया है। सिटी पैलेस के पास चांदनी चौक स्थित प्रतापेश्वर महादेव मंदिर और बृजनिधि मंदिर के सामने शाम 6 बजे मोतीडूंगरी गणेश मंदिर ट्रस्ट की ओर से आतिशबाजी होगी।
  • खोले के हनुमान जी मंदिर में शिखर पर स्थित सियाराम मंदिर में सुबह 7.30 बजे राम जी का सरयू और गंगोत्री के जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान को नई गरम पोशाक धारण कराकर, फूल बंगला की झांकी सजाई गई।
  • चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में सुबह गणेश जी महाराज को पंचामृत व औषधीय जल से स्नान कराया गया। यहां शाम 6 बजे तक भजनों का आयोजन किया जा रहा है।
  • गोविंद देवजी मंदिर में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के एक दिन पहले रविवार से पांच ब्राह्मण संगीतमय अखंड रामचरितमानस का पाठ कर रहे हैं। इसके साथ ही 11 ब्राह्मण बटुक वेद पाठ करेंगे। सोमवार को सुबह 9 बजे इसका समापन और हवन पूर्णाहुति हुई।
  • गोविंद देवजी मंदिर को बानदरवाल, फूलों से सजाया गया है। मंदिर पर विशेष रोशनी की गई है। मंदिर में संध्या झांकी में 3100 दीपकों से मंदिर में सजाया जाएगा। महाआरती की जाएगी। इसके बाद शाम को भव्य आतिशबाजी होगी।
  • घाट के बालाजी मंदिर में श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक अवसर पर मंदिर प्रांगण में शाम 7 बजे रामलला उत्सव विग्रह और बालाजी की 2100 दीपकों से महाआरती की जाएगी। इसके बाद मंदिर परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा और सुदरकांड के पाठ किए जाएंगे।
  • गढ़ गणेश मंदिर पर रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर भगवान गणेश के शिखर पर नई ध्वजा लगाई गई। भगवान का सुबह पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद नए वस्त्र घारण कराने के बाद माला पुष्प से भव्य श्रृंगार किया गया है।
  • चांदी के टकसाल स्थित काले हनुमान मंदिर पर रविवार को दोपहर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। इसके बाद आज सुबह हनुमान जी महाराज का अभिषेक कराकर नए वस्त्र धारण कराए गए। मंदिर के आस पास विशेष लाइटों से सजाया गया है।

जानिए आज जयपुर में क्या रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

  • जेएलएन मार्ग से आने वाले वाहनों को आरोग्य पथ तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा। अगर यातायात का दबाव बढ़ा तो त्रिमूर्ति सर्किल से भी डायवर्ट किया जा सकता है।
  • कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों को रामनिवास बाग की तरफ जाने की अनुमति रहेगी। कार्यक्रम के दौरान एमडी रोड व आरोग्य पथ को आवश्यकतानुसार वन वे किया जाएगा।
  • रामनिवास बाग में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सभी रास्तों के यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा।
  • अजमेरी गेट से एसएमएस, आरोग्य पथ, त्रिमूर्ति सर्किल से रामनिवास बाग के पिछले गेट तक, यादगार से मिनर्वा सर्किल तक और सांगानेरी गेट की तरफ से रवीन्द्र रंगमंच पार्किंग निषेध रहेगी।
  • रामनिवास बाग में केवल पासधारक वाहन ही जा पाएंगे। उन सभी वाहनों की पार्किंग निर्धारित पार्किंग स्थल पर होगी।