ERCP पर बोले गहलोत- मंत्री निकम्मापन क्यों दिखा रहा है:जलशक्ति मंत्री पर तंज; कहा- परियोजना पर क्यों नहीं अड़ते

Bharatpur Rajasthan-Others

भरतपुर :- पूर्वी राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ERCP) को केंद्र सरकार से मंजूरी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भरतपुर में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईआरसीपी योजना के लिए मोदीजी को कन्वेंस करेंगे। मोदीजी के ही शब्द हैं। जब केंद्र में भाजपा सरकार है और प्रदेश में 25 सांसद हैं तो परियोजना क्यों रुकी हुई है। पता नहीं मंत्री के दिमाग में क्या है। पानी का मंत्री अपने राज्य का है। देश में 16 परियोजनाएं चल रही हैं तो क्या एक परियोजना मंत्री पास नहीं करा सकता। उन्हें पीएम से बात करनी चाहिए, पीएम को 25 काम होते हैं, उनकी प्रायोरिटी बदल सकती है। वे राजस्थान की बात करते तो क्या पीएम मना करते। मंत्री अपना निकम्मापन क्यों दिखा रहा है। वह क्यों नहीं अड़ता कि मेरे प्रदेश का मामला है। प्रदेश से 25 सांसद हैं। परियोजना का लाभ 13 जिलों को मिलेगा। उन तक मैसेज जाना चाहिए कि परियोजना मंजूर नहीं की तो आने वाले चुनाव में नुकसान होगा।

भरतपुर के जाट शासक महाराजा सूरजमल के बलिदान दिवस के उपलक्ष में दो दिन (शनिवार-रविवार) के स्मृति समारोह में शामिल होने रविवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भरतपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने इशारों में उन बसपा विधायकों का आभार भी जताया जिन्होंने सरकार बचाने में मदद की। मुख्यमंत्री ने यहां यह भी कहा कि राजस्थान में एंटी इन्कमबैंसी नहीं है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा हेलिकॉप्टर से दोपहर 12 बजे भरतपुर के पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे थे। यहां से वे नजदीक ही ट्रैफिक चौराहा पहुंचे और सर्किल पर स्थित महाराजा सूरजमल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। महाराजा सूरजमल के वंशज और मंत्री विश्वेंद्र सिंह यहां मुख्यमंत्री के अगवानी के लिए मौजूद थे।

इसके बाद सड़क मार्ग से मुख्यमंत्री दोपहर 12.15 बजे भरतपुर कॉलेज ग्राउंड पहुंचे, जहां महाराजा सूरजमल स्मृति समारोह मनाया जा रहा था। मुख्यमंत्री ने यहां 28 मिनट तक लोगों को संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री विश्वेन्द्र सिंह, मंत्री सुभाष गर्ग, मंत्री भजन लाल जाटव व अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

फ्लैगशिप योजनाएं गिनाईं, कहा- सोशल सिक्योरिटी दी

मुख्यमंत्री ने यहां मंच से ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) को लेकर कहा कि सरकार ने कर्मचारियों को सौगात दी है। अब दूसरे राज्य भी इसे लागू कर रहे हैं। सरकार इसके अलावा बुजुर्गों-विधवाओं को भी पेंशन दे रही है।

उन्होंने कहा- राज्य सरकार ने सोशल सिक्योरिटी दी है। देश में जबरदस्त महंगाई है। महंगाई की मार कम हो सके इसके लिए जनता तो पैकेज देंगे। 500 रुपए में सिलेंडर देंगे। राहुल गांधी का मैसेज यही है, देश में महंगाई कम हो, बेरोजगारी कम हो, हिंसा न हो, सभी लोग प्यार मोहब्बत से रहें। ऐसे में राजनेताओं को समाज सेवा करनी है, समाजिक सरोकार निभाने हैं।

भरतपुर संभाग को मिला सरकार में उचित प्रतिनिधित्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि भरतपुर संभाग में सरकार ने खूब विकास किया है। चार साल में रिकॉर्ड कॉलेज खोले गए हैं। संभाग आगे बढ़ रहा है। भरतपुर संभाग आगे बढ़े इसके लिए पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया गया है। आजादी के बाद पहली बार भरतपुर संभाग का सरकार में शानदार रिप्रजेंटेशन है। विश्वेंद्र सिंह, सुभाष गर्ग, परसादी लाल, ममता भूपेश, जीआर खटाना, भजनलाल जाटव, जाहिदा खान, मुरारीलाल मीणा कितने ही मंत्री और प्रमुख पदों पर बैठे लोग संभाग को आगे बढ़ रहे हैं। इस दौरान लोगों ने आवाज लगाई कि बजट कम मिलता है। इस पर सीएम ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार संभाग को सबसे ज्यादा बजट इसी सरकार में मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा – सरकार की ओर से पानी बिजली शिक्षा स्वास्थ्य सड़कों के लिए काम किया गया है। छात्र छात्राओं को फ्री कोचिंग, स्कूटी, साइकिल वितरण की गई है। अस्पतालों में इलाज महंगा था उसे फ्री किया गया है, जांचें फ्री की गई हैं।

महापुरुष सभी का होता है, सबको साथ लेकर चलता है

महाराजा सूरजमल की प्रतिमा को लेकर सीएम ने कहा कि महापुरुषों और शहीदों की मूर्ति इसलिए लगाई जाती हैं कि आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा और संस्कार लें। महापुरुष जो देश के लिए कुछ कर गुजरते हैं, इसलिए हमारे यहां उनकी मूर्ति लगाने की परंपरा है, उनके त्याग तपस्या के बारे में चर्चा करनी चाहिए, जिसकी कमी मैं भरतपुर में महसूस करता हूं। महाराजा सूरजमल का जीवन अलग तरह का था, वे सिर्फ जाट समाज के महापुरुष नहीं, महापुरुष सबका होता है, गांधी किसी जाति धर्म के नहीं हैं, वे सभी के हैं। सूरजमल भी जाट समाज के नहीं थे, सबके थे।

महापुरुष पूरे समाज को साथ लेकर चलते हैं। विश्वेंद्रजी महाराजा सूरजमल की चौथी पीढ़ी हैं, वे भी व्यक्तित्व के धनी हैं।

मंच से संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री व अन्य नेताओं ने कॉलेज ग्राउंड में सजी सेंड आर्ट को देखा। यह आर्ट यहां महाराजा सूरजमल स्मृति समारोह के पहले दिन शनिवार को बनाई गई थी। सेंड आर्ट के जरिए महाराजा सूरजमल की प्रतिमा और लोहागढ़ दुर्ग की प्रतिकृति तैयार की गई है।

भरतपुर कॉलेज ग्राउंड में सेंड आर्ट प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दोपहर 1 बजे के करीब उच्चैन के लिए रवाना होने के लिए निकल गए। वे कार से पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे और हेलिकॉप्टर से उच्चैन के लिए रवाना हुए।

उच्चैन में 1500 करोड़ की 50 से ज्यादा सौगात

दोपहर सवा बजे के करीब मुख्यमंत्री उच्चैन में विधायक जोगिंदर सिंह अवाना के खेत में बने हेलिपैड उतरे। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया और नदबई विधानसभा में 1500 करोड़ की 50 से ज्यादा योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। यहां दोपहर 3 बजे तक कार्यक्रम चला। जिसमें मुख्यमंत्री ने 40 मिनट तक संबोधित किया।

विरोधियों पर इशारों में हमला

सीएम गहलोत ने यहां इशारों में विरोधियों पर हमला किया। कहा कि बसपा से कांग्रेस में आए विधायक अगर साथ नहीं होते तो सरकार नहीं बचती। बयान से सीएम ने अपने गुट के विधायकों को मजबूती देने का काम किया। जोगिंदर सिंह अवाना को लेकर सीएम ने कहा -इन लोगों ने हमारा साथ दिया। सरकार बचाई। ये साथ नहीं देते तो आज मैं मुख्यमंत्री के रूप में आपके सामने खड़ा नहीं होता।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी हाईकमान मुझ पर बहुत भरोसा करती है। इसलिए तीन बार केंद्रीय मंत्री रहा, 3 बार प्रदेश अध्यक्ष और तीसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बना हूं। सीएम अशोक गहलोत ने कहा -मैं भले ही अपनी जाति का एकमात्र विधायक हूं, लेकिन फिर भी मैं तीसरी बार मुख्यमंत्री हूं, क्योंकि मुख्यमंत्री किसी एक जाति से नहीं बनता। बता दें कि उच्चैन गुर्जर बहुल क्षेत्र है। ऐसे में राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह कहकर सीएम ने अपनी ही पार्टी के नेता सचिन पायलट पर तंज कसा।

सीएम ने कहा- मुख्यमंत्री बनने के लिए 36 कौम का साथ होना चाहिए। कहा- मैं बहुत भाग्यशाली हूं, मुझे जनता ने प्यार दिया और हाईकमान ने विश्वास जताया। मेरे लिए सभी जाति समान हैं। मैं अपनी अंतिम सांस तक जनता की सेवा करता रहूंगा।

डोटासरा बोले- राजस्थान मॉडल चर्चा में

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि किसानों के लिए सरकार काम कर रही है, सभी सेक्टर के अंदर सरकार अच्छा काम रही है, कोरोना में राजस्थान के मॉडल की चर्चा रही। कोरोना काल में कितने लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा- राइट टू हेल्थ, मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना की देश में चर्चा है। आने वाला बजट युवाओं को समर्पित करने वाले हैं। आपने सभी कैंडिडेट जिताकर भेजें। राहुल गांधी ने आदेश जारी किया है, महीने में एक बार सभी मंत्री 15 किलोमीटर चलेंगे और जनता की समस्या सुनेंगे।

उच्चैन में दोपहर 3 बजे तक जनसभा हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री 3.30 बजे के करीब हेलिकॉप्टर से पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे। जहां से सड़क मार्ग से वे लक्ष्मण मंदिर चौराहा स्थित हिंदी साहित्य समिति भवन पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री लगभग 15 मिनट रुके।

इसके बाद वे सेवर के लिए रवाना हुए। जहां उन्होंने वयोवृद्ध कांग्रेस नेता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिर्राज प्रसाद तिवारी से उनके फार्म हाउस पर मुलाकात की। दस मिनट की बातचीत के बाद मुख्यमंत्री यहीं से लोहागढ़ फोर्ट स्थित बिहारी मंदिर पहुंचे। शाम सवा चार बजे के करीब वे पुलिस परेड ग्राउंड लौटे और हेलिकॉप्टर से जयपुर के लिए रवाना हो गए।

3 दिन में भरतपुर का दूसरा दौरा

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 23 दिसंबर को भरतपुर आए थे। 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर किसान सभा का आयोजन किया गया था। आज महाराजा सूरजमल के बलिदान दिवस के रूप में मनाए गए दो दिवसीय महाराजा सूरजमल स्मृति समारोह में उन्होंने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *