ERCP आभार सभा : सोनिया और गहलोत को बेटों की चिंता, मोदी ने गरीबी हटाई : CM भजनलाल

Politics Rajasthan

धौलपुर : राहुल गांधी की न्याय यात्रा को जवाब देने के लिए भाजपा पूर्वी राजस्थान के इलाकों में आभार सभा कर रही है। रविवार को धौलपुर के बाड़ी में आभार सभा में सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा-सोनिया गांधी को बेटे राहुल और अशोक गहलोत को वैभव गहलोत की चिंता है। उनको जनता से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस में परिवारवाद है जो किसी दिन कांग्रेस को ले डूबेगा। भाजपा का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इसमें बूथ से लेकर मंडल और प्रदेश तक कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जाता है।

बता दें, सीएम तय समय 11:30 बजे से दो घंटे की देरी से दोपहर करीब 1:30 बजे बाड़ी में हेलीपैड पर पहुंचे। जहां से सड़क मार्ग से सभा स्थल महाराणा प्रताप स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह और जवाहर बेडम भी उनके साथ रहे। मंच पर करौली धौलपुर सांसद मनोज राजोरिया, पूर्व विधायक गिर्राज मलिंगा, जिलाध्यक्ष सतेंद्र पाराशर, प्रदेश महामंत्री मोतीलाल मीणा, अनिल गोयल, पूर्व विधायक रानी सिलोटिया, पूर्व जिला प्रमुख दुर्ग सिंह अन्दना, पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली, चेयरमैन कमलेश देवी, प्रधान अजय सिंह परमार सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री भजनलाल ने स्थानीय देवताओं के जयकारे के साथ संबोधन शुरू किया। ईआरसीपी सहित केंद्र की विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में राजस्थान की 25 की 25 सीट भारतीय जनता पार्टी को दें। जिससे 10 वर्षों से हो रहा विकास और तेजी से गति पकड़ सके और देश विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल हो। इस बार हर लोकसभा से 5 लाख से अधिक वोटों से जीत मिलनी चाहिए।