मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू बोले:विक्रमादित्य सिंह मंत्री बनेंगे; दिल्ली से सभी कांग्रेस विधायक राजस्थान रवाना; कल भारत जोड़ो यात्रा में होंगे शामिल

Front-Page Himachal Elections 2022

शिमला :- हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। जिस तरह चुने हुए विधायक मंत्री पद के लिए लॉबिंग कर रहे हैं। उससे मंत्रियों का चयन कठिन हो सकता है, क्योंकि धनीराम शांडिल जैसे वरिष्ठ नेता अभी भी उपमुख्यमंत्री पद पर अड़े गए हैं। अन्य विधायक मंत्री पद मांग रहे हैं, जबकि CM सुखविंदर सुक्खू कैबिनेट में अब अधिकतम 10 लोगों को ही शामिल कर पाएंगे।

इस बीच मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने दिल्ली में फिर से दोहराया है कि शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह मंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार पहली ही कैबिनेट में अपनी 10 गारंटियां पूरी करेंगी।

मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले कांग्रेस के सभी विधायक

कांग्रेस के सभी विधायकों ने गुरुवार को दिल्ली में मुख्यमंत्री व प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अगुवाई में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की और चुनाव का फीडबैक दिया। इस दौरान दिल्ली में राजीव शुक्ला द्वारा विधायकों के लिए डिनर रखा गया था। बाद में डिनर की जगह लंच देने का निर्णय लिया गया।

कांग्रेस के सभी विधायक दिल्ली से राजस्थान के लिए रवाना हो गए हैं। देर तक इनके राजस्थान के अलवर पहुंचने की उम्मीद है। कल सभी विधायक राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में पैदल चलेंगे। दिल्ली से विधायक वोल्बों बस में राजस्थान गए। परसो सभी वापस दिल्ली लौटेंगे।

कैबिनेट को लेकर घमासान

वहीं कांग्रेस में कैबिनेट को लेकर छह दिन से घमासान मचा हुआ है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने कैबिनेट के लिए 18 से 19 नाम शॉर्ट लिस्ट कर रखे हैं। आज भी इस पर मुख्यमंत्री ने राजीव शुक्ला के साथ चर्चा की है। 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री के राजस्थान से लौटने के बाद वह राजीव शुक्ला के साथ इस पर चर्चा करेंगे और फाइनल मंजूरी के लिए हाईकमान को भेजेंगे।

शिमला जिले के ये MLA, मंत्री की रेस में

फिलहाल शिमला जिले से रोहित ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह, अनिरुद्ध सिंह, कुलदीप राठौर और मोहनलाल ब्राक्टा मंत्री की रेस में हैं। हालांकि शिमला से 2 ही मंत्री चुने जाने हैं। जिस तरह की खींचतान शिमला जिले को लेकर चल रही है, उससे यहां 2 मंत्री और एक को स्पीकर या डिप्टी स्पीकर बनाया जा सकता है।

कांगड़ा में इनको चाहिए मंत्री पद
कांगड़ा से अधिकतम 3 मंत्री तय माने जा रहे हैं। चंद्र कुमार और सुधीर शर्मा का नाम तय माना जा रहा है, लेकिन संजय रत्न, केवल सिंह पठानिया, आशीष बुटेल में से भी किसी एक को मंत्री पद मिल सकता है।

हर्षवर्धन का मंत्री बनना भी तय
चंबा जिले से कुलदीप पठानिया, सोलन से धनीराम शांडिल व राम कुमार में से एक, किन्नौर से जगत सिंह नेगी, लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर, सिरमौर से हर्षवर्धन चौहान, घुमारवीं से राजेश धर्माणी, हमीरपुर से राजेंद्र राणा, कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री पद मिल सकता है। इन्हीं में से स्पीकर या डिप्टी स्पीकर की तैनाती की जानी है।

12 मंत्री चुने जाने का प्रावधान
हिमाचल में CM सहित अधिकतम 12 मंत्री बनाए जा सकते हैं। CM और डिप्टी CM की तैनाती के बाद अब अधिकतम 10 मंत्री चुने जाने हैं। बताया जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार के वक्त गुट, जातीय व क्षेत्रीय संतुलन बिठाने का प्रयास किया जाएगा।

डिप्टी CM के लिए अड़ सकते हैं शांडिल
कांग्रेस सरकार में सबसे वरिष्ठ MLA धनीराम शांडिल डिप्टी CM पद के लिए अड़ सकते हैं। सुधीर शर्मा भी अपने लिए बेहतर पद की मांग कर रहे हैं। हालांकि उनका मंत्रिमंडल में स्थान लगभग तय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *