बुंदेलखंड में सीएम की हुंकार:बोले-पाकिस्तान से प्यार तो वहां जाकर भीख मांगें,बोझ न बनें;हमारा एटम बम फ्रिज में रखने के लिए नहीं

Front-Page Loksabha Election National Politics

सीएम योगी हमीरपुर लोकसभा सीट पर प्रचार के लिए बुधवार को महोबा पहुंचे। रैली का आयोजन शहर के डाक बगला मैदान में किया गया। नेताओं ने माला पहनाकर मंच पर उनका भव्य स्वागत किया। रैली में सीएम योगी विपक्ष पर हमलावर दिखे। बीजेपी प्रत्याशी को भारी से भारी मतों से जिताने की मतदाताओं से अपील की।

सीएम योगी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बिना नाम लिए पाकिस्तान का समर्थन करने वाले लोगों को पाकिस्तान जाने और भीख मांगने की नसीहत दे डाली। बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव को जानवरों का भूसा खाने वाला बताया।

महोबा वाले बहुत लड़इया इनकी मार सही न जाए

सीएम योगी ने कहा- मेरे लिए महोबा अपनी भूमि है। मैं जब भी बुंदेलखंड आता हूं, तब मुझे ऐसा लगता है पिछली सरकारों ने यहां के लोगों के साथ कितना गलत किया। उन लोगों ने यहां माफिया पैदा किए और यहां की जनता का शोषण किया।

उनके विकास के लिए कोई विकास योजना नहीं बनाई। महोबा के लिए कहा जाता है, महोबा वाले बहुत लड़इया इनकी मार सही न जाए। लेकिन मुझे समझ नहीं आता आप लोगों ने पिछली सरकार पर अपनी मार की चोट क्यों नहीं दी?

माफियाओं का क्या हाल किया आप जानते ही हो

भाजपा की सरकार बनते ही हमने सोच लिया था, हम बुंदेलखंड के लिए विकास करेंगे। आज मैं यहां हाईवे देखता हूं तो अच्छा लगता है। यहां घर-घर आर ओ का पानी पहुंचाएगें, जिससे कोई प्यासा न मरे। मेरे बुंदेलखंड के खेत भी अब प्यासे नहीं रहेंगे। अब यहां पलायन नहीं होगा, माफियाओं का हमने क्या हाल किया आप जानते ही हो। हमने कोई काम चेहरा, गांव और क्षेत्र देखकर नहीं किया है।

बुंदेलखंड की तोप से पाकिस्तान की पैंट भीगती है

मोदी जी ने मुझसे कहा था, सीएम बनने के बाद सबसे पहले बुंदेलखंड जाना। वहां के लोगों का विकास करना है। हमें बुंदेलखंड की प्यास को दूर करना है। जब बुंदेलखंड की तोप बॉर्डर पर गरजती है तो पाकिस्तान वालों की पैंट सबसे पहले भीगती है। उनकी हालत खराब होती है।

मोदी जी का दो लोग ही विरोध कर रहे हैं। जो राम विरोधी हैं और दूसरे जो पाकिस्तान के समर्थक हैं। जो विकास का समर्थक है, जो गरीबों का समर्थक है, जो व्यापारी-बेटियों की सुरक्षा का समर्थक है वो मोदी जी का समर्थक है। परसों मोदी जी आ रहे हैं आपसे मिलने। तैयार रहिएगा।

बुंदेलखंड का नौजवान पलायन नहीं करेगा

सपा-बसपा-कांग्रेस ने केवल माफिया दिए थे, सुरक्षा खतरे में थी। व्यापार ठप पड़ा था। आज यहां डिफेंस कॉरिडोर है। बुंदेलखंड को हमने नोएडा की तर्ज पर विकसित करने का प्लान बनाया है। अब हमारे बुंदेलखंड का नौजवान यहां से पलायन नहीं करेगा। एक बार काम पूरा हो जाए, उसके बाद दुनिया से लोग यहां नौकरी मांगने आएंगे।

सपा-बसपा ने बस यहां पर लूट मचाई थी। ये चुनाव हमारे लिए केवल चुनाव नहीं है। मोदी जी की वजह से दुनिया में हमारा सम्मान बढ़ा है। विकास के बड़े-बड़े काम हुए, धारा 370 हटाई गई। सीमा सुरक्षित की गई। आतंकवाद को खत्म किया।

पाकिस्तान में 1 किलो आटे के लिए छीना-झपटी हो रही

सपा सरकार में गरीब भूख से मरता था, आज गरीबों को फ्री राशन मिल रहा है। 80 करोड़ गरीब फ्री में राशन पा रहा है। पाकिस्तान की आबादी 23 करोड़ है, भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी से उभरे हैं। सोचिए यहां कितना सुधार हुआ है।

पाकिस्तान में रोज आंदोलन हो रहे हैं। 1 किलो आटे के लिए वहां छीना झपटी हो रही है। यहां कुछ लोग हैं जो पाकिस्तान का राग अलाप रहे हैं, उनसे बोलो पाकिस्तान से इतना प्यार है तो जाओ न पाकिस्तान भारत पर बोझ क्यों बने हो? वहां जाकर कटोरा लेकर भीख मांगो।

इंडी वाले धमकाते हैं, पाकिस्तान के खिलाफ न बोलो

इंडी गठबंधन के लोग धमकी देते हैं, पाकिस्तान के खिलाफ न बोलो, उनके पास एटम बम है। अब आप लोग बताओ हमारा एटम बम फ्रिज में रखने के लिए बना है क्या? पाकिस्तान की आबादी तो इतनी भी नहीं है जितनी यूपी की है।

देश तो बहुत बड़ा है, पाकिस्तान क्या निपट पाएगा। जब भी उसने दुस्साहस किया है, हमारे नौजवान ने उसको चित किया है। जब हमारे बुंदेलखंड का नौजवान सीमा पर जाता है तो पाकिस्तान बेहाल हो जाता है।

राम मंदिर का निर्माण इटली में होगा क्या?

सपा-कांग्रेस-बसपा विकास, सुरक्षा में बाधा बने थे। ये आस्था के साथ खिलवाड़ करते थे। समाजवादी का महासचिव कहता है, अयोध्या में राम मंदिर बेकार बना है। क्या आप लोग इनके बयानों का समर्थन करेंगे। कांग्रेस के एक नेता ने कहा, राम मंदिर का निर्माण भारत में न हो।

अब आप बताओ राम मंदिर का निर्माण इटली में होगा क्या। ये वही सपा-कांग्रेस के लोग हैं। ये कहते थे राम हुए ही नहीं। ये लोग कहते थे, अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता। राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं। अब राम भक्तों पर गोली चलाने वालों को वोट दोगे क्या?

सपा के लोग माफिया के लिए मातम मनाते हैं

कांग्रेस सरकार ने राम को नहीं माना। सपा ने राम भक्तों पर गोली चलाई। बिहार में लालूजी पशुओं का ही चारा खा गए। तो इंसान कैसे बचेगा। ये लोग कहते हैं, मुसलमानों को पूरा आरक्षण दो। फिर पिछड़ों का क्या होगा?

सपा के लोग माफिया के लिए मातम मनाते हैं लेकिन कल्याण सिंह की मौत पर इन लोगों ने एक शब्द नहीं बोला। हम आपका समर्थन लेने आए हैं। विपक्ष को आप लोग अपनी मार का वोट दीजिए। ऐसी मार दीजिए कि इनकी जमानत जब्त हो जाए। जय हिंद, भारत माता की जय I