मोदी बोले-छत्तीसगढ़ को ATM समझती है कांग्रेस:गंगा जी की झूठी कसम खाकर 36 वादे किए,हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया

Front-Page National

रायपुर:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह 10:45 बजे रायपुर पहुंचे और साइंस कॉलेज ग्राउंड से 7 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री के साथ मंच पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनसुख मांडविया भी मौजूद थे। इस बीच पीएम ने बिलासपुर में बस हादसे में भाजपा के तीन कार्यकताओं के निधन पर श्रद्वांजलि भी दी।

प्रधानमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा- आज जिन योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया गया है, उससे छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और बेहतर होगी। प्रधानमंत्री ने इसके बाद साइंस कॉलेज ग्राउंड में ही भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया।

PM ने कहा- छत्तीसगढ़ का निर्माण भाजपा ने किया है। यहां के लोगों को भाजपा ही समझती है। पिछले चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने गंगा जी की झूठी कसम खाई। शराबबंदी समेत 36 वादे किए, लेकिन वादे पूरे नहीं किए, बल्कि हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार और कुशासन का मॉडल है।

उन्होंने कहा- आज सुबह यहां रैली में आ रहे छत्तीसगढ़ की तीन संतानों की एक बस हादसे में दुःखद मृत्यु हो गई। इस हादसे में कुछ लोग जख्मी भी हुए हैं। जिनका निधन हुआ है मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं और जो लोग जख्मी हुए हैं, उनके इलाज में भी हरसंभव मदद की जा रही है।

कांग्रेस का पंजा छत्तीसगढ़ को लूट-लूट कर बर्बाद कर देगा
छत्तीसगढ़ वह राज्य है, जिसके निर्माण में भाजपा की प्रमुख भूमिका रही है। भाजपा ही छत्तीसगढ़ के लोगों को समझती है, उनकी जरूरतों को जानती है। छत्तीसगढ़ के विकास के सामने एक बहुत बड़ा पंजा दीवार बनकर खड़ा हो गया है। ये कांग्रेस का पंजा है, जो आपसे आपका हक छीन रहा है। इस पंजे ने ठान लिया है कि वह छत्तीसगढ़ को लूट-लूट कर बर्बाद कर देगा।

गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है
गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है। गंगा जी की कसम खाकर इन्होंने एक घोषणा-पत्र जारी किया था और उसमें बड़ी-बड़ी बातें की थीं। आज उस घोषणा-पत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त ही चली जाती है। कांग्रेस के कोर-कोर में करप्शन है। करप्शन के बिना कांग्रेस सांस भी नहीं ले सकती है। करप्शन, कांग्रेस की सबसे बड़ी विचारधारा है।

कांग्रेस ने अपने वादे पूरे नहीं किए, हजारों करोड़ के घोटाले हुए
PM ने कहा- छत्तीसगढ़ से 36 वादे जो कांग्रेस ने किए थे, उसमें एक ये था कि राज्य में शराब बंदी की जाएगी। 5 साल बीत गए, लेकिन सच ये है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया है और इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है। कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक ATM की तरह है।

भ्रष्टाचार और कुशासन का मॉडल बन चुकी है छत्तीसगढ़ सरकार
मोदी ने छत्तीसगढ़ सरकार को कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बताया। उन्होंने कहा, कोल माफिया, सैंड माफिया और लैंड माफिया, न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल-फूल रहे हैं। यहां सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पर घोटाले के गंभीर से गंभीर आरोप लगते रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ सरकार, कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है।

मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है
PM ने खुद की आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए कहा, ‘ये लोग मेरे पीछे पड़े हैं। मेरी कब्र खोदने की धमकी देंगे, मेरे खिलाफ साजिशें रचेंगे। लेकिन उन्हें पता नहीं है, जो डर जाए वह मोदी नहीं हो सकता है। देश के हर भ्रष्टाचारी को एक बात कान खोलकर सुन लेनी चाहिए। वो अगर भ्रष्टाचार की गारंटी है, तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है।’

विपक्ष की एकजुटता पर बोले
PM ने विपक्षी एकता पर कहा- जिनके दामन दागदार हैं, वे आज एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। जो एक-दूसरे को पानी पी-पीकर कोसते थे, वे आज साथ आने के बहाने खोजने लगे हैं।

कांग्रेस सिर्फ किसानों को धोखा दे रही है
PM मोदी ने कहा- ये भाजपा ही है जो किसानों की मेहनत को समझती है और उनके लिए काम कर रही है, जबकि कांग्रेस सिर्फ और सिर्फ किसानों को धोखा दे रही है और उनसे झूठ बोल रही है। पिछले 9 साल में केंद्र की भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ के धान किसानों को 1 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक दिए हैं। इस साल भी यहां के धान किसानों को 22 करोड़ रुपए से अधिक दिए गए हैं।

रायपुर में PM ने 7000 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री ने रायपुर में 7 हजार करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उनके भाषण के 6 पॉइंट…

  1. PM ने कहा- आज की योजनाएं इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के लिए हैं। ये उपहार छत्तीसगढ़ के लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए है। यहां रोजगार के अनेकों नए अवसर भी बनेंगे।
  2. धान किसानों, खनिज संपदा से जुड़े उद्यमियों और टूरिज्म को भी इन प्रोजेक्ट्स से बहुत लाभ मिलेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इनसे आदिवासी क्षेत्रों में सुविधा और विकास की नई यात्रा शुरू होगी।
  3. भारत में हम सभी का दशकों पुराना अनुभव यही है कि जहां इंफ्रास्ट्रक्चर कमजोर रहा, वहां विकास भी देरी से पहुंचा। आज भारत वहां अधिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा है, जो पीछे थे।
  4. 9 साल पहले छत्तीसगढ़ के 20% से अधिक गांवों में किसी तरह की मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं थी, आज ये घटकर लगभग 6% रह गई है। इनमें से अधिकतर जनजातीय और नक्सल हिंसा से प्रभावित गांव हैं।
  5. गांवों को भी अच्छी 4G कनेक्टिविटी मिले, इसके लिए भारत सरकार 700 से अधिक मोबाइल टॉवर लगवा रही है। इनमें से करीब 300 टॉवर का काम करना शुरू कर चुके हैं।
  6. आज छत्तीसगढ़ 2-2 इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ रहा है। रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर और रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर इस क्षेत्र का भाग्य बदलने वाले हैं।