कांग्रेस ERCP पर पांच साल राजनीति करती रही-सीएम:कहा-वसुंधरा राजे इस योजना को लेकर आई,अब हम आगे बढ़ा रहे

Jaipur Rajasthan

कोटपूतली:-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आलू से सोना तो नहीं बन सकता, लेकिन अगर किसान को पानी मिले तो वह मिट्टी से सोना जरूर उगा सकता है। हमारी पिछली सरकारों ने भी ईआरसीपी पर काम किया, लेकिन पिछले पांच साल में कांग्रेस सरकार ने केवल राजनीति की। उन्होंने किसानों की कभी चिंता नहीं की। यमुना के पानी के लिए कांग्रेस ने कई बार मुहूर्त किए, लेकिन किसी भी सरकार या पक्ष को एक पत्र तक नहीं भेजा।

दरअसल मुख्यमंत्री आज कोटपूतली जिले की विराटनगर विधानसभा क्षेत्र के गांव भांकरी पहुंचे थे। यहां कोटपूतली-विराटनगर क्षेत्र के 3 बांधों छितोलीं, जवानपुरा धाबाई और बुचारा को ईआरसीपी योजना में जोड़ने पर धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दोपहर एक बजे उनका हेलिकॉप्टर यहां के सरकारी स्कूल में उतरे और करीब 10 मिनट बाद मंच पर पहुंचे।

कांग्रेस ने ईआरसीपी पर केवल राजनीति की-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- राजस्थान का किसान पानी के लिए परेशान है। पानी का स्तर नीचे चला गया। अब तो कई जगह पीने का पानी भी नहीं है। कांग्रेस नेता आलू से सोना बनाते है। आलू से सोना तो नहीं बन सकता, लेकिन किसानों को पानी दिया जाए तो किसान जमीन से सोना उगा सकते है। किसानों ने कभी किसानों की चिंता नहीं की। वसुंधरा राजे की सरकार ने ईआरसीपी को आगे बढ़ाने का काम किया। लेकिन पांच साल कांग्रेस ने ईआरसीपी पर केवल राजनीति की। उन्होंने किसान की कभी चिंता नहीं की।

किसान जब बीज लेकर खेत पर जाता है तो हमारी माता-बहन कहती है कि आप जाइए खेत पर, ईश्वर हमारी मदद करेगा। किसान खेत पर जाकर पहले भारत माता का नमन करता है और सभी को भरपेट भोजन की कामना के साथ बीज बोता है। पानी मिलेगा तो किसान मनचाही फसल उगा सकेगा। ईआरसीपी को लेकर पानी बिजली को लेकर पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से बात की।

अटल सरकार, मोदी सरकार में बड़े परिवर्तन हुए

पूर्व प्रधानमंत्री अटल वाजपेयी ने किसानों की समस्याओं को समझा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से हर गांव में पक्की सड़क से जुड़ा। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड देकर उनका सम्मान अटल बिहारी वाजपेयी ने किया। 2014 के बाद नरेंद्र मोदी सरकार ने बहुत बड़े परिवर्तन करने का काम किया। हर क्षेत्र के लिए मोदी सरकार ने किया है। देश में सड़क, रेलवे, चिकित्सा समेत हर क्षेत्र में काम हुआ है।

2014 से पहले हमारी सैनिकों के सरकारों ने हाथ बांध रखे थे, दुश्मन सैनिकों के सिर काट ले जाते थे। मोदी सरकार के आने के बाद मोदी सरकार ने हमारी सीमाओं को सुरक्षित करने का काम किया है। उधर से एक गोली आएगी, तो इधर से भी प्रतिक्रिया होगी। सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन स्कीम लाई।

13 जिलों के ज्यादा से ज्यादा बांध, तालाब भरेंगे

दो दिन पहले तय हुआ कि भोपाल जाना है। मध्यप्रदेश की ईआरसीपी पर डीपीआर तैयार हो चुकी है। हमारी भी लगभग तैयार है। थोड़ा काम बाकी था वो भी कल हमने पूरा कर लिया है। पर्यटन के दृष्टि से विराटनगर को विकसित करने का काम करेंगे। यहां पौराणिक मंदिर है, यहां बहुत बड़ा इतिहास रचा गया है। 13 जिलों में ज्यादा से ज्यादा तालाब और बांध को भरने का काम करेंगे।

राजस्थान की जमीन उपजाऊ है। कांग्रेस ने यमुना के जल को लेकर कई बार मुहूर्त कर दिया, लेकिन पानी नहीं आया। यमुना जल को लेकर कांग्रेस सरकार ने किसी से पत्र व्यवहार तक नहीं किया। 1994 में एक पत्र लिखा गया वो भाजपा के मुख्यमंत्री भैंरोसिंह शेखावत ने हरियाणा और केंद्र सरकार को लिखा।

जनता के बीच आकर काम बताए बयान देने वाले नेता

मीडिया में आने के लिए बड़े-बड़े बयान कांग्रेस के नेता देते है। जनता के बीच आइए और हम दोनों सरकारों के काम बताते है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर खट्टर और जलशक्ति मंत्री से ईआरसीपी और यमुना जल को लेकर मांग की और कहा कि ये दो योजनाएं हमें मिल जाएगी तो हमारा किसान मिट्टी से सोना उगाएगा। 17 फरवरी को पहली मीटिंग में हरियाणा से हमारी सहमति बन गई। नहरों को लेकर केंद्र से हमने 1400 करोड़ रुपए मंजूर करवाया है। मोदी सरकार के नेतृत्व में राजस्थान की सबसे बड़ी पानी की समस्या का समाधान भाजपा सरकार करेगी। हमें विकसित राजस्थान के लिए काम करना है। पहली कैबिनेट बैठक में 125 रुपए बढ़ाकर गेहूं की एमएसपी 2400 रुपए कर दी। एक जनवरी से हमने ये लागू कर दिया। कल किसानों के खातों में मुख्यमंत्री सम्मान निधि का पैसा दिया। हमने अपने वादों पर काम करना शुरू कर दिया है। ये तो पहला चरण है, आगे और भी बहुत कुछ काम होंगे।

नई तकनीक सीखने के लिए किसानों को भेजेंगे विदेश

परंपरागत खेती में हमें बदलाव लाना होगा। मुनाफे की खेती हमें करनी है। आने वाले समय में हमारे किसानों, कृषि वैज्ञानिकों को उन देशों में भेजेंगे, जहां उन्नत खेती होती है। वे यहां आकर बताएंगे कि उन्नत खेती कैसे होती है।

पेपर लीक में गिरफ्तारी का आंकड़ा 100 पार

कांग्रेस सरकार बहकाती थी, युवाओं के सपने को तोड़ती थी, भर्ती निकालती थी, फॉर्म भरवाती थी, पैसा इकट्ठा होता था, लेकिन बाद में पेपर लीक हो जाता है। 19 पेपर में से 17 पेपर उस सरकार में लीक हुए। जिन्होंने युवाओं के साथ धोखाधड़ी की है, वे गिरफ्तार हो रहे है। गिरफ्तारी का आंकड़ा 100 को पार कर गया है। आज से देश में नए कानून लागू हो गए है। अंग्रेजों के शासन काल के कानूनों को मोदी सरकार ने बदला है। किसानों का काम प्राथमिकता से होगा।

कार्यक्रम में राज्यवर्धन राठौड़, बानसूर विधायक देवी सिंह, विराटनगर विधायक कुलदीप, शाहपुरा के पूर्व विधायक आलोक बेनीवाल, यूडीएच मंत्री झाबरमल खरा मौजूद है। लोगों के बैठने के लिए 3 डोम बनाए गए। वहीं सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए एसपी, दो एडिशनल एसपी, 7 डिप्टी, सब इंस्पेक्टर लेवल के अधिकारी समेत 500 पुलिसकर्मी तैनात है।