हिमाचल में राज बदला, रिवाज कायम:कांग्रेस 39 सीटों पर जीती, 26 पर भाजपा; 5 मंत्री भी हारे, CM जयराम ठाकुर का इस्तीफा

Front-Page Politics

Shimla :

हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग जारी है। रुझानों में एक बार फिर पहाड़ का राज बदलता दिख रहा है, रिवाज नहीं। यानी 5 साल के बाद सरकार बदलने का सिलसिला इस बार भी नजर आ रहा है। कांग्रेस रुझानों में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है।

कांग्रेस पार्टी ने अब तक 35 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 4 पर आगे चल रही है। भाजपा 14 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, 12 पर आगे है। अन्य कैंडिडेट्स ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है और एक पर आगे चल रहे हैं। MCD में जीत दर्ज करने वाली AAP यहां अभी तक खाता भी नहीं खोल पाई है।

इधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने चुनावी नतीजों पर कहा- हम जनता का फैसला स्वीकार करते हैं। पांच साल तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व से मिले सहयोग के लिए धन्यवाद करता हूं। राज्य के विकास के लिए हम सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।

कांग्रेस के CM चेहरे को लेकर मंथन शुरू
सूत्रों के मुताबिक, हिमाचल में जीत के बाद कांग्रेस में CM चेहरे को लेकर मंथन शुरू हो गया है। इसमें हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर विचार किया जा रहा है। प्रतिभा सिंह हिमाचल के मंडी से सांसद हैं। वह हिमाचल के पूर्व CM वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं।

जयराम ठाकुर के 11 मंत्रियों से 5 चुनाव हारे

  • जयराम सरकार में मंत्री रहे डॉ. रामलाल मारकंडा लाहौल-स्पीति सीट से कांग्रेस के रवि ठाकुर से चुनाव हार गए हैं।
  • कांगड़ा जिले की शाहपुर सीट से जयराम सरकार में मंत्री रहीं सरवीण चौधरी कांग्रेस के केवल सिंह पठानिया से चुनाव हार गईं।
  • जयराम कैबिनेट में शहरी विकास मंत्री रहे सुरेश भारद्वाज शिमला जिले की कसुम्पटी सीट पर कांग्रेस के अनिरुद्ध सिंह से चुनाव हार गए। सुरेश भारद्वाज पिछला चार चुनाव शिमला शहरी सीट से जीते थे। BJP हाईकमान ने इस बार भारद्वाज की सीट बदलते हुए उन्हें कसुम्पटी सीट से टिकट दिया था।
  • सोलन जिले की कसौली सीट से चुनाव लड़ने वाले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल को कांग्रेस के विनोद सुल्तानपुरी ने हरा दिया है।
  • शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर भी चुनाव हार गए। मनाली सीट पर गोविंद सिंह ठाकुर को कांग्रेस के भुवनेश्वर गौड़ ने हराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *