नड्डा बोले-गहलोत राज में भ्रष्टाचार की खुली छूट:कहा-कांग्रेस का मतलब लूट-भ्रष्टाचार,अत्याचार और कुशासन

Jaipur Politics Rajasthan

जयपुर:-राजस्थान में बीजेपी की परिवर्तन संकल्प यात्रा का शुभारंभ सवाई माधोपुर से हो रहा है। कुछ देर में इस यात्रा को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वे खुद कुछ किलोमीटर तक रथ पर सवार होकर यात्रा में भाग लेंगे।

यात्रा से पहले सवाई माधोपुर के दशहरा मैदान में जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। अपने संबोधन में नड्‌डा बोले- गहलोत राज में भ्रष्टाचार की खुली छूट है। उन्होंने इसरो को बधाई देते हुए अपने भाषण की शुरुआत की। कहा, गहलोत सरकार के कुशासन‌ से आम जनता त्रस्त हो गई है। इसलिए भाजपा कार्यकर्ता को इस कुशासन खत्म करने के लिए कमर कस लेनी चाहिए। यह गहलोत सरकार नहीं, गृह लूट सरकार है। इसे राजस्थान की सुख, शांति, अमन चैन की कोई परवाह नहीं है। इस सरकार विधायकों को खुली छूट दी है। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस सरकार का मतलब लाल डायरी है। जो मंत्री इसके खिलाफ आवाज उठाता है। उसे बर्खास्त‌ कर दिया जाता है। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए।

राजे ने ईआरसीपी को लेकर लगाया आरोप

इससे पहले पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने मंच से अपनी पहली परिवर्तन यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2003 में चारभुजा मंदिर के दर्शन करके हमने परिवर्तन यात्रा शुरू की थी।

इसके बाद पहली बार भाजपा को 120 सीट मिली थी। आज भी मैं यहां आई हूं तो चारभुजा का आशीर्वाद लेकर आई हूं। इस दौरान राजे ने राजस्थान में अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर बात की। ईआरसीपी को लेकर वसुंधरा राजे ने कहा कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह कर रही है। मेरे कार्यकाल में हमने इन 13 राज्यों की पेयजल और सिंचाई की समस्या को देखते हुए योजना बनाई थी। लेकिन सरकार प्रपोजल नहीं बना कर भेज रही है, जबकि हमने 50% निर्भरता पर प्रपोजल बनाया था।

प्रदेश अध्यक्ष जोशी बोले- बाबरी के नाम पर सरकार गिराई थी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कांग्रेस सरकार खामियां गिनाते हुए जनता से इसे उखाड़ फेंकने का आव्हान‌ किया। जोशी ने कहा कि 6 दिसंबर को कांग्रेसनीत नरसिम्ह राव सरकार ने बाबरी मस्जिद के नाम पर भाजपा की सरकार गिरा दी थी। अब फिर से दिसंबर में यह जनता भाजपा की सरकार बनाई और दिसंबर तक अयोध्या में राम मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा।

इससे पहले सभा को केंद्रीय राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा और अन्य दिग्गज नेताओं से संबोधित किया।

परिवर्तन संकल्प यात्रा के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह के अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत प्रदेश के बड़े भाजपा नेता सवाई माधोपुर में जुटे हैं। परिवर्तन संकल्प यात्रा में आसपास पूरे राजस्थान के कई जिलों से लोग भारी संख्या में लोग आए हैं।

जनसभा में सत्ता परिवर्तन का संकल्प

सवाई माधोपुर के दशहरा मैदान में परिवर्तन संकल्प यात्रा को लेकर जनसभा के बाद बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा परिवर्तन संकल्प रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस मौके पर परिवर्तन संकल्प यात्रा के पोस्टर का विमोचन भी किया।

यात्रा से पहले लिया त्रिनेत्र गणेश जी का आशीर्वाद

यात्रा के शुभारंभ से पहले प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, विपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़, यात्रा संयोजक अरुण चतुर्वेदी, टोंक सवाई माधोपुर सांसद जौनापुरिया ने‌ त्रिनेत्र गणेश की पूजा अर्चना की।

दरअसल, बीजेपी सितंबर महीने में प्रदेश से चार परिवर्तन यात्राएं निकालने जा रही है। पहली यात्रा त्रिनेत्र गणेश मंदिर (सवाई माधोपुर) से निकल रही है। इसके बाद पश्चिम में रामदेवरा (जैसलमेर), उत्तर में गोगामेड़ी मंदिर (हनुमानगढ़) और दक्षिण में बेणेश्वर धाम (डूंगरपुर) से निकाली जाएगी।

चारों दिशाओं से निकलने वाली ये यात्राएं प्रदेश की कुल 200 विधानसभा सीटों को कवर करेंगी। इस दौरान चारों यात्राएं कुल 8,982 किलोमीटर का सफर तय करेंगी।

18 दिन में 1847 किलोमीटर की यात्रा होगी
यात्रा के संयोजक पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा- यह यात्रा 18 दिन में भरतपुर व जयपुर संभाग और टोंक जिले से होते हुए 1,847 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यात्रा का समापन जयपुर शहर में होगा। पहली यात्रा प्रदेश की 47 विधानसभा सीटों से होकर गुजरेगी।

यात्रा के रथ पर पांच नेताओं के फोटो
इन रथों पर पांच नेताओं के फोटो हैं। इसमें एक तरफ पीएम नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की फोटो होगी। वहीं दूसरे छोर पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ की फोटो लगी है।

सभी रथ एक जैसे हैं। एक रथ वही है, जिसमें कभी वसुंधरा राजे के नेतृत्व में प्रदेश में गौरव यात्रा निकली थी। इसके अलावा तीन रथ ओर तैयार करवाए जा रहे हैं। जो यात्रा से एक दिन पहले शुभारंभ स्थल पर पहुंच जाएंगे।

सभी सुविधाओं से लैस हैं मुख्य रथ
भाजपा की यात्रा के रथों पर परिवर्तन संकल्प यात्रा लिखा है। 1800 से ज्यादा किलोमीटर का सफर कर सवाई माधोपुर से जयपुर पहुंचने वाले रथ में सभी सुविधाएं दिखाई दी। रथ में सोफे लगे हैं जिन पर 5 से 6 लोग आरामदायक सफर कर सकते हैं।

इसके अलावा रथ में एसी लगा है। साथ ही चार्जिंग पॉइंट, वॉशरूम और टीवी की सुविधा भी है। इस कमरे नुमा केबिन से बाहर निकलकर अगले हिस्से में जाने के लिए दरवाजा है, जहां रेलिंगशुदा ओपन एरिया बनाया गया है। यहां नेता खड़े होकर जनता का अभिवादन करेंगे। रथ में साउंड सिस्टम भी लगा है ताकि माइक पर अपनी बात रख सभा को संबोधित किया जा सके।

यात्राओं में होगी 72 सभाएं
राजस्थान में सत्ता परिवर्तन के लिए शुरू हो रही बीजेपी की परिवर्तन यात्राओं में करीब 72 सभाएं व कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर दिन किसी ना किसी एक यात्रा में बड़ी सभा आयोजित होगी। इसे केंद्रीय मंत्री, केंद्रीय नेता व प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य संबोधित करेंगे। सभी यात्राओं में इन नेताओं के एक से दो दिन के प्रवास रहेंगे। इनके अलावा अलग-अलग बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी समय-समय पर यात्रा में शामिल होंगे।

पहली यात्रा : जेपी नड्डा कर रहे शुभारंभ
यह यात्रा रणथंभौर (सवाई माधोपुर) के त्रिनेत्र गणेश मंदिर से शुरू हो रही है। इस यात्रा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्‌डा हरी झंडी दिखाएंगे। यह यात्रा सवाई माधोपुर, जयपुर व भरतपुर क्षेत्र की मालपुरा, टोंक, निवाई, खंडार, बयाना, वैर, नदबई, लालसोट, चाकसू, बस्सी, जमवारामगढ़, विराट नगर, शाहपुरा, आमेर, कामां, देवली सहित कुल 47 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। यह यात्रा 18 दिन चलेगी और लगभग 1847 किलोमीटर का इलाका कवर करेगी।

दूसरी यात्रा : 3 सितंबर से, अमित शाह आएंगे
दूसरी यात्रा 3 सितंबर को बेणेश्वर धाम (डूंगरपुर) से शुरू होगी। इसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रवाना करेंगे। यह यात्रा 19 दिन में 2433 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए कुल 52 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। इसके मार्ग में डूंगरपुर, उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, कोटा, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, बूंदी, बारां, झालावाड़ जिलों की विधानसभा सीटें शामिल हैं।

तीसरी यात्रा : 4 सितंबर से, राजनाथ सिंह आएंगे
तीसरी यात्रा 4 सितंबर को रामदेवरा (जैसलमेर) से शुरू होगी। इसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रवाना करेंगे। यह यात्रा सबसे बड़ा इलाका कवर करेगी। यह 18 दिन तक लगभग 2574 किलोमीटर चलेगी। इस यात्रा में जैसलमेर, जोधपुर, पोकरण, मेड़ता, डेगाना, शेरगढ़, बिलाड़ा, अजमेर, पुष्कर, नागौर सहित करीब 51 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जाएगा।

चौथी यात्रा : 5 सितंबर से, नितिन गडकरी आएंगे
चौथी यात्रा गोगामेड़ी (हनुमानगढ़) से शुरू होगी। इसे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी रवाना करेंगे। यह 18 दिन तक चलेगी और 50 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। 2128 किलोमीटर चलने वाली इस यात्रा के मार्ग में बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर व अलवर जिलों की विधानसभा सीटें आएंगी।