मुख्य सचिव सुधांश पंत ने किया RHB का औचक निरीक्षण, कमिश्नर-सचिव के चेंबर मिले खाली

Jaipur Rajasthan

Jaipur : मुख्य सचिव सुधांश पंत गुरुवार सुबह अचानक हाउसिंग बोर्ड मुख्यालय पहुंच गए। सुबह करीब 9.15 बजे मुख्यालय पहुंचे सुधांश पंत ने सबसे पहले पहली मंजिल पर चीफ इंजीनियर, कमिश्नर समेत अन्य ऑफिसर्स के चेंबर का दौरा किया। इस दौरान उनको कमिश्नर इंद्रजीत सिंह और सचिव सीमा कुमारी अपने चेंबर में नहीं मिले। मुख्य सचिव के दौरे की सूचना मिलने पर कमिश्नर करीब 9.35 बजे मुख्यालय पहुंचे। सचिव सीमा कुमारी भी मुख्य सचिव के पहुंचने के 15 मिनट बाद मुख्यालय पहुंचीं। पंत मुख्यालय की तीसरी मंजिल तक बने चेंबर और सेक्शन में गए। वहां कर्मचारियों की उपस्थिति देखी और फाइलों की पेंडेंसी देखी। पंत के दौरे की सूचना मिलने के बाद एक-एक करके अधिकारियों और कर्मचारियों का बोर्ड मुख्यालय पहुंचना शुरू हो गया। देरी से पहुंचने पर कमिश्नर खुद मुख्य सचिव के साथ एक-एक सेक्शन में गए और वहां की कार्यप्रणाली के बारे में मुख्य सचिव को बताया। इस दौरान मुख्य सचिव ने एक-एक सेक्शन में कर्मचारियों से रेंडमली फाइलों को मांगा और उनकी स्टेट्स रिपोर्ट देखी। मुख्य सचिव ने वहां मौजूद कर्मचारियों से उनके काम के बारे में पूछा और उनकी काम की डिस्पोजल टाइमिंग पर भी बात की।