कैबिनेट बनते ही OPS पर फैसला:सुक्खू बोले- मंत्रिमंडल का गठन जल्द; विधानसभा से पहले टूटीकंडी बाल आश्रम जाएंगे CM

Front-Page Himachal Elections 2022 Politics

शिमला :- हिमाचल के मुख्यमंत्री बनते ही सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। वहीं CM बनते ही सबसे पहले उन्होंने टूटीकंडी बाल आश्रम जाने का फैसला लिया। 4 बजे विधानसभा पहुंचने से पहले CM सुक्खू आश्रम जाएंगे, जहां उनके बच्चों से मिलने का कार्यक्रम है।

CM पद की गोपनीयता की शपथ लेने के बाद मीडिया से बाचतीत करते हुए सुक्खू ने कहा कि अभी कैबिनेट का गठन होना है। मंत्रिमंडल बनने के बाद हिमाचल के लिए किए जाने वाले कामों पर बात होगी। किए गए सभी वादे पूरे होंगे। जनता ने भरोसा जताया है, आंच नहीं आने देंगे।

इस बीच प्रदेश सचिवालय में नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के दफ्तर तैयार हो गए हैं। सीएम दफ्तर में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम वाली नेमप्लेट लगा दी गई है। यहां लगी पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नाम वाली नेमप्लेट हटा दी गई।

वहीं डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री प्रदेश सचिवालय के कमरा नंबर 215 में बैठेंगे। उनका दफ्तर भी तैयार हो गया है। वर्ष 2012 से 2017 तक वीरभद्र सिंह की सरकार में उद्योगमंत्री रहते हुए मुकेश अग्निहोत्री इसी कमरे में बैठते थे। इस बार उपमुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने अपने दफ्तर के लिए यही कमरा चुना है। कमरे के बाद उनके नाम वाली नेमप्लेट लगा दी गई है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज शाम ही अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। नए मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए प्रदेश सचिवालय कर्मचारी महासंघ के तमाम सदस्य सचिवालय के गेट पर ही खड़े हैं।

यह जोड़ी सुपरहिट है: मुकेश अग्निहोत्री
हिमाचल के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद मुकेश अग्निहोत्री काफी जोश में नजर आए। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार बहुत अच्छे ढंग से चलेगी। पूरा तालमेल होगा। हमारी जोड़ी नंबर वन है। जब सुखविंदर सुक्खू हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष थे तो मैं उस वक्त मंत्री था। प्रदेश की जनता ने जिस जोड़ी को चुना है, वह सुपरहिट है।

अग्निहोत्री ने कहा कि हम प्रदेश की जनता से किए सभी वादे पूरे करेंगे। मिलकर काम करेंगे। अपने घर में किसी को चोंच नहीं मारने देंगे। जनता ने हम पर जो भरोसा जताया है, उस पर आंच नहीं आने देंगे। OPS की गारंटी जरूर पूरी होगी, जल्द से जल्द से लागू करेंगे। पहले लोग कहते थे कि कांग्रेस किसी राज्य में सत्ता में नहीं आएगी, लेकिन अब इसकी शुरुआत हो चुकी है। सबसे पहले देवभूमि में भाजपा का रथ रोका गया है।

राहुल ने प्रतिभा को दी बधाई
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी से कहा कि हमने चुनाव से पहले वादा किया था कि हम कांग्रेस को वापस सत्ता में ले आएंगे और हमने ऐसा कर दिखाया। इस पर राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए उनसे कहा- बधाई।

प्रियंका बोली- सरकार वादे पूरे करेगी
प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल चुनाव के नतीजों से वह बेहद खुश हैं। यहां के लोगों ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है। अब नई सरकार पार्टी की ओर से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *