लखनऊ में केजरीवाल बोले-योगी का सीएम पद से हटना तय:दिल्ली CM की कार में नजर आए स्वाति मालीवाल से मारपीट के आरोपी बिभव कुमार

Front-Page Loksabha Election National Politics

लखनऊ:-लखनऊ में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर सीएम योगी को पद से हटाए जाने का दावा किया। सपा प्रमुख अखिलेश के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा- मैंने दिल्ली में जो कहा था उस पर किसी भी भाजपा नेता की टिप्पणी नहीं आई। योगी का पद से हटना अब लगभग तय है।

राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से बदलसूकी के सवाल का केजरीवाल ने जवाब नहीं दिया। वह चुप हो गए। अखिलेश ने टालते हुए कहा कि इससे भी ज्यादा जरूरी और बड़े मुद्दे हैं। आप सांसद संजय सिंह ने कहा- पार्टी ने इस मामले पर रुख साफ कर दिया है। इस पर राजनीति खेल न खेला जाए।

केजरीवाल की कार में नजर आए बिभव कुमार
गुरुवार को सपा कार्यालय में जब केजरीवाल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, उस वक्त उनकी कार में बिभव कुमार बैठे थे। स्वाति मालीवाल से मारपीट में बिभव का नाम चर्चा में आया था। करीब 45 मिनट केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस चली। लेकिन बिभव गाड़ी से बाहर नहीं निकले। कॉन्फ्रेंस खत्म होने के बाद केजरीवाल इसी गाड़ी से रवाना हो गए।

केजरीवाल ने कहा-भाजपा आरक्षण खत्म करेगी
केजरीवाल ने कहा- पिछले कुछ समय से इन्होंने (भाजपा) हल्ला मचाया हुआ था। 400 पार सीटें चाहिए। ये लोग कहते थे कि पीएम मोदी कुछ बड़ा काम करना चाहते हैं। लोगों ने अंदर से पता कराया तो मालूम हुआ कि ये लोग आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। संघ और भाजपा शुरू से ही आरक्षण के खिलाफ रही है। ये संविधान को तार-तार करना चाहते हैं।

अब पूरे देश में इनके खिलाफ माहौल बन चुका है। यूपी, हरियाणा, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब आर महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में इनकी सीटें कम हो रही हैं। 4 जून को इंडी गठबंधन की सरकार बन रही है। हम देश को प्रगति के रास्ते पर लेकर जाएंगे।

कहा- पीएम अमित शाह को वारिस बनाएंगे
उन्होंने कहा- जब मैंने यह कहा कि मोदी 75 साल की उम्र में इस्तीफा देंगे। क्योंकि उन्होंने ही यह नियम बनाया है। इस पर अमित शाह और भाजपा नेताओं के बयान आए, कहा कि वे आगे भी प्रधानमंत्री रहेंगे। मोदी अभी रिटायर नहीं हो रहे हैं। लेकिन पीएम मोदी ने ये बात नहीं कही।

उन्होंने कहा-पीएम मोदी ने तय कर लिया है कि अमित शाह को वारिस बनाएंगे। इसके लिए 2-3 साल से लगे भी हैं। इसमें जो नेता बाधा बन सकता है। उन्हें हटा दिया गया। जैसे- शिवराज सिंह, वसुंधरा राजे। अब एक ही शख्स बचे हैं, जो पीएम मोदी की राह का कांटा बन सकते हैं, वो हैं योगी आदित्यनाथ। उन्हें हटाने का मन बना लिया है। अगर चुनाव जीतते हैं, तो उन्हें 2-3 महीने में हटा दिया जाएगा। इस लोकसभा चुनाव में केजरीवाल का यह पहला यूपी दौरा है।

अखिलेश बोले- जनता भाजपा को 140 सीटें भी नहीं देगी
अखिलेश यादव ने कहा- जो देश का माहौल है, भाजपा 4 चरणों में चारों खाने चित्त हो गई। अब वह स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि 143 सीटों से ज्यादा नहीं जीत रहे हैं। 140 करोड़ की जनता इनको 140 सीटों के नीचे पहुंचा देगी।

यह यूपी, दिल्ली और पंजाब की 99 सीटों पर ही उलझ के रह गए हैं। यहां सबसे बड़ी हार भाजपा की होने जा रही है। रोटी कपड़ा और मकान के साथ-साथ हम संविधान बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।भाजपा ब्रह्माण्ड की सबसे झूठी पार्टी है। इनके झूठ दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन अब जनता इनके झूठ को जान गई है और उन्हें स्वीकार नहीं किया जा रहा है।

पिछले चार-पांच महीनों से इन्होंने शोर मचा रखा है 400 पार, तो इन्हें 400 पार चाहिए। क्योंकि ये रिजर्वेशन खत्म करना चाहते हैं। बाबा साहब ने जो संविधान बनाया है उसको खत्म करना चाहते हैं।

संजय सिंह ने कहा- मालीवाल को पुलिसवालों ने घसीट-घसीटकर पीटा
आप सांसद संजय सिंह ने कहा- मणिपुर में एक कारगिल योद्धा की पत्नी को निर्वस्त्र करके घुमाया गया। हजारों महिलाओं के साथ प्रज्वल रेवन्ना ने दरिंदगी की। प्रधानमंत्री कहते हैं ये (प्रज्वल रेवन्ना) भारत का भविष्य है। पहलवान बेटियां जब जंतर-मंतर पर लड़ रही थीं, तो यही स्वाति मालीवाल, जो महिला आयोग की अध्यक्ष थीं, रात को उनके समर्थन में गईं। पुलिस ने उन्हें घसीटकर मारा था।

AAP हमारा परिवार है। पार्टी ने अपना रुख साफ कर दिया है, जितने विषय मैंने आपके सामने रखे हैं। देश के प्रधानमंत्री और भाजपा को उस पर जवाब देना चाहिए। वे (भाजपा) स्वाति मालीवाल के मामले पर ही जवाब दें, स्वाति मालीवाल जब जंतर-मंतर पर पहलवान बेटियों के लिए न्याय मांगने गई थीं, तो उस समय उन्हें पुलिस वालों ने घसीट-घसीटकर मारा है। इस पर राजनीतिक खेल न खेलें, हमारा बस इतना कहना है।