MP में मंत्रिमंडल का विस्तार कल:दोपहर साढ़े 3 बजे शपथ ग्रहण समारोह;25 से 28 मंत्री ले सकते हैं शपथ

Front-Page National Politics

मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल का पहला विस्तार कल होगा। मंत्रियों का शपथ ग्रहण सोमवार (25 दिसंबर) दोपहर साढ़े 3 बजे से होगा। CM डॉ. मोहन यादव ने 2 दिन तक दिल्ली में रहकर BJP के तमाम बड़े नेताओं से मुलाकात की। जिसके बाद मंत्रियों के नाम फाइनल हुए।

मंत्रिमंडल में कितने और कौन-कौन से विधायक शामिल होंगे, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं आई है, लेकिन ऐसी संभावना है कि 25 से 28 मंत्री शपथ ले सकते हैं।

सीएम यादव ने रविवार शाम को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात भी की। जिसके बाद उन्होंने कहा- सोमवार को दोपहर 3.30 बजे मध्यप्रदेश के नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा के नेतृत्व में हम फिर से विकास के लिए डबल इंजन सरकार चलाएंगे।

राजभवन के सूत्रों ने पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री यादव सोमवार सुबह 10:30 बजे के पहले राज्यपाल से मिलने पहुंचेंगे। उन्हें वे नाम सौंपेंगे जो मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण राजभवन में होगा। जिसकी तैयारियां चल रही हैं।

मंत्रियों की शपथ से पहले इंदौर जाएंगे CM यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह से पहले सोमवार को इंदौर जाएंगे। जहां वे कनकेश्वरी धाम परिसर में हुकुमचंद मिल के मजदूरों के बकाया भुगतान कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे। वे श्रमिकों को संबोधित भी करेंगे।

7 दिन के अंदर सीएम यादव का तीसरा दिल्ली दौरा

पहला दौरा- सीएम पद की शपथ के बाद पिछले रविवार को सीएम डॉ. मोहन यादव पहली बार दिल्ली पहुंचे थे। जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर अमित शाह की मौजूदगी में बैठक हुई थी। इसमें मंत्रिमंडल को लेकर विचार मंथन हुआ था।

दूसरा दौरा- सीएम डॉ. यादव दूसरी बार गुरुवार को दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री शुक्रवार रात को दिल्ली से भोपाल लौट गए।

तीसरा दौरा- सीएम यादव शनिवार शाम को तीसरी बार दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में हिस्सा लिया। रविवार को वे लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से मिले। सीएम डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात की।

लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मिले डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से मुलाकात की। सीएम ने केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात पर कहा- ’12 जनवरी को युवा दिवस है। इस अवसर पर खेल और युवाओं को लेकर कई कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। खेल मंत्री ने भरोसा दिया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार मध्य प्रदेश सरकार को पूरा सहयोग करेगी।’

13 दिसंबर को डॉ. मोहन यादव ने ली थी CM पद की शपथ
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर बुधवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। उनके साथ ही जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने डिप्टी CM के रूप में शपथ ग्रहण की थी। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा समेत बीजेपी शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए थे।

शपथ लेने से पहले मोहन यादव ने कहा, ‘सभी को साथ लेकर चलूंगा और सुशासन सुनिश्चित करूंगा।’