एल्विश यादव बने बिग बॉस OTT-2 के विनर:अभिषेक मल्हान को हराया;BB के इतिहास में पहला वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट शो जीता

Entertainment Front-Page

फेमस यूट्यूबर एल्विश यादव बिग बॉस OTT सीजन-2 के विनर बन गए हैं। उन्होंने अभिषेक मल्हान को हराकर खिताब जीता। लगभग 40 दिन घर में बिताने के बाद वे शो के विनर बने। उन्हें बिग बॉस की तरफ से 25 लाख रुपए कैश और एक चमचमाती ट्रॉफी मिली। एल्विश यादव, बिग बॉस के इतिहास के पहले कंटेस्टेंट हैं, जिन्होंने वाइल्ड कार्ड एंट्री लेकर शो जीता है।

बिग बॉस को पांच फाइनलिस्ट रविवार को ही मिल गए थे। टॉप-5 में एल्विश यादव, अभिषेक मल्हान, पूजा भट्ट, मनीषा रानी और बेबिका धुर्वे थे। पांचों में सबसे पहले पूजा भट्ट बाहर हुईं। कुछ देर बाद सलमान ने बेबिका को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया।

अब टॉप-3 में एल्विश, अभिषेक और मनीषा बचीं। इस पूरे सीजन में मनीषा ने अपने बिहारी अंदाज से लोगों को खूब एंटरटेन किया। हालांकि वे भी कुछ देर बाद ट्रॉफी की रेस से बाहर हो गईं। एल्विश और अभिषेक में से विनर कौन बनेगा, इसके लिए लाइव वोटिंग शुरू हुई। इसमें एल्विश यादव ने बाजी मारी और सीजन 2 के विनर बन गए।

विनर एल्विश यादव के बारे में जानिए
एल्विश यादव एक फेमस यूट्यूबर हैं। उनके 10 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। इंस्टाग्राम पर भी उनके 6 मिलियन फॉलोवर्स हैं। एल्विश गुरुग्राम के वजीराबाद गांव के रहने वाले हैं। वे सिर्फ 25 साल के हैं। उनके पिता टीचिंग प्रोफेशन में हैं, जबकि मां हाउस वाइफ हैं।

एल्विश यादव ने अपनी पढ़ाई एमिटी इंटरनेशनल स्कूल से की है। उन्होंने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से बीकॉम में ग्रेजुएशन किया। उन्होंने 2016 में यूट्यूब वीडियो बनानी शुरू की थी।

कुछ ही समय में उन्हें दर्शकों से काफी प्यार मिलने लगा। वे अपनी वीडियो में हरियाणवी लहजे के लिए लोकप्रिय हुए। फरवरी 2018 तक यूट्यूब पर उनके 10 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हो गए। इसके अलावा 2019 तक दूसरे चैनल पर भी 4 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर हो गए थे।

सलमान को भी रोस्ट कर चुके हैं एल्विश
एल्विश अपने यूट्यूब चैनल पर बिग बॉस और सलमान खान को भी रोस्ट कर चुके हैं। बिग बॉस में एंट्री लेने के बाद उन्होंने सलमान खान की रोस्ट की हुई वीडियो अपने चैनल से हाइड कर दी थी। शो में एक बार सलमान ने उन्हें खराब भाषा का प्रयोग करने के लिए काफी फटकारा भी था।