महाराष्ट्र:भंडारा में सेना की फैक्ट्री में धमाका,5 की मौत,रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Front-Page National

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह सेना की ऑर्डनेंस फैक्ट्री में धमाका हुआ, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि इसकी आवाज 5 किलोमीटर तक सुनी गई और उठता धुआं दूर से नजर आया। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

भंडारा के कलेक्टर संजय कोलते ने बताया कि धमाका सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। फैक्ट्री की छत गिर गई, जिसके मलबे में 12 लोगों के दबे होने की आशंका है। अब तक 2 लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में JCB और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। डिफेंस PRO के मुताबिक, फैक्ट्री में एंबुलेंस और दमकल गाड़ियां मौजूद हैं।

घटना ऑर्डनेंस फैक्ट्री के RKR ब्रांच सेक्शन में हुई, जहां RDX का निर्माण किया जाता है। विस्फोट के समय यहां 14 कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें से तीन को सुरक्षित बचा लिया गया है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

फैक्ट्री में एसिड और अन्य विस्फोटक तैयार किए जाते हैं। यहां छोटी हथियारों में इस्तेमाल होने वाला स्पेरिकल पाउडर भी बनाया जाता है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने इस हादसे के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

रेस्क्यू अभियान अभी जारी है, जबकि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।