सैनेटाइजर से हाथ साफ कर बीड़ी जलाई तो लगी आग:जयपुर की फैक्ट्री में भी लग गई आग;पांच लोग चपेट में आए,40 प्रतिशत झुलसे

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-जयपुर के हरमाड़ा थाना इलाके में आज दोपहर एक फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में मौजूद पांच मजदूर आग में फंस गए। जिन्हें मौके पर पहुंची सिविल डिफेंस की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। जांच में सामने आया कि एक मजदूर के हाथ को सैनेटाइजर से साफ करने के बाद बीड़ी जलाते हुए आग लगी। आग के कारण सभी मजदूर 30 से 40 प्रतिशत झुलस गए।

स्थानीय लोगों ने बताया- फैक्ट्री में पुराना स्क्रैप का माल रखा हुआ था। जो अवैध तरीके से चल रही थी। इसकी शिकायत कई बार हरमाड़ा थाना पुलिस की गई, लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। आज सुबह करीब 10.45 बजे यहां काम करने वाले एक मजदूर ने सैनेटाइजर से हाथ धोए। बीड़ी जलाई। इससे सैनेटाइजर ने आग पकड़ ली।

आग से बचने के लिए फैक्ट्री के अंदर गए मजदूर

देखते ही देखते आग अन्य मजदूरों तक भी फैल गई। शोर शुरू हो गया। आग से बचने के लिए ये मजदूर फैक्ट्री के अंदर चले गए। आग ने विकराल रूप ले लिया। लोगों ने पुलिस और दमकल को सूचना दी। आग लगने की जानकारी मिलने पर टीमें मौके पर पहुंची।

30 से 40 प्रतिशत तक झुलसे मजदूर

मौके पर पहुंची पुलिस टीम को स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ मजदूर आग की चपेट में हैं। इस पर सिविल डिफेंस की टीम को मौके पर बुलाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पांच मजदूरों को आग की चपेट से बाहर निकला। जिन्हें सीआई हरमाड़ा अपनी गाड़ी से कांवटिया अस्पताल लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मजदूरों को एसएमएस रैफर कर दिया। ये सभी मजदूर 30 से 40 प्रतिशत झुलस गए हैं।