22 राज्यों के 235 जिलों में बाढ़ जैसे हालात:19 जुलाई तक भारी बारिश से 747 मौतें;महाराष्ट्र में लैंडस्लाइड से पूरा गांव तबाह,16 मौतें

Front-Page National

देशभर में 22 राज्यों के 235 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। 10 हजार मकान तबाह हो गए हैं। बाढ़ के चलते 2.50 लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद हो चुकी है। वहीं, मरने वाले जानवरों की संख्या 21 हजार से ज्यादा हो चुकी है। यह जानकारी ABP न्यूज ने दी है।

इधर, महाराष्ट्र के रायगढ़ में लैंडस्लाइड की वजह से पूरा गांव तबाह हो गया। इसमें 16 लोगों की मौत हो गई। रायगढ़ में 6 में से 3 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इनमें अंबा, सावित्री और पातालगंगा शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुंडलिका, गढ़ी और उल्हास नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

बाढ़ जैसे हालात के बीच महाराष्ट्र में NDRF की 12 टीमें तैनात की गई हैं। वहीं गुजरात में भारी बारिश को देखते हुए 6 जिलों में NDRF की तैनाती की गई हैं।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…
इन राज्यों में तेज बारिश होगी:
 जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्यप्रदेश, पूर्वी मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, गोवा, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश।

इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम से जुड़े अपडेट्स…

  • मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के ठाणे, रायगढ़, पुणे और पालघर जिले में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया।
  • महाराष्ट्र के नांदेड़ के 12 गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने के कारण लगभग 1,000 लोगों को निकाला गया।
  • दिल्ली में बाढ़ पीड़ितों को 10 हजार रुपए की सहायता देने पर केजरीवाल कैबिनेट ने मुहर लगा दी है।
  • UP में 14 जिलों के 406 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इससे 38,996 लोग प्रभावित हैं।
  • भारी बारिश के चलते पालघर में आज और पुणे में दो दिन सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद किया गया है।
  • जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में बुधवार को बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण आठ लोगों की मौत हो गई।
  • SBI की रिसर्च रिपोर्ट इकोरैप के अनुसार, बिपरजॉय और मानसूनी बाढ़ की वजह से देश को 10,000-15,000 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ।