हरियाणा की नई सरकार का फ्लोर टेस्ट आज:CM सैनी ने बहुमत का दावा किया,बोले-48 विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा

Front-Page National Politics

हरियाणा में नई सरकार आज विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पास करेगी। इसके लिए विधानसभा में विशेष सत्र बुलाया गया है। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह 11 बजे से विधानसभा का सत्र शुरू होगा।

इससे पहले नए CM नायब सैनी ने विधायक दल की मीटिंग बुलाई है। इसमें भाजपा के 41 विधायकों के साथ 7 निर्दलीय विधायक भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सैनी ने दावा किया है कि उनके पास 48 विधायकों का समर्थन है। इसमें 7 निर्दलीय विधायक शामिल हैं।

अभी तक भाजपा, जजपा के साथ मिलकर हरियाणा में सरकार चला रही थी, लेकिन लोकसभा सीटों में बंटवारे पर बात नहीं बनने के कारण मंगलवार (12 मार्च) को भाजपा ने गठबंधन तोड़कर निर्दलीयों के सहारे नई सरकार बना ली है।

अब कल हुआ पूरा घटनाक्रम पढ़ें
मंगलवार सुबह मनोहर लाल ने BJP और जननायक जनता पार्टी (JJP) का गठबंधन टूटने के बाद मंगलवार सुबह 11.50 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

इसके बाद चंडीगढ़ के हरियाणा निवास में विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सैनी को नेता चुना गया। फिर 54 साल के नायब सिंह सैनी ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

शाम 5 बजे हरियाणा के गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय ने नायब सैनी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद सैनी हरियाणा के 11वें मुख्यमंत्री बने। शपथ से पहले उन्होंने मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर के पैर छुए।

CM के साथ छछरौली से भाजपा विधायक कंवर पाल गुर्जर, बल्लभगढ़ से विधायक मूलचंद शर्मा, रानियां से निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह चौटाला, लोहारु से भाजपा विधायक जेपी दलाल और बावल से भाजपा विधायक डॉ. बनवारी लाल ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।

शपथ के बाद नायब सैनी सचिवालय पहुंचे और पदभार संभाला। इस दौरान मनोहर लाल भी मौजूद रहे। उन्होंने नायब सैनी को मिठाई खिलाई। इसके बाद नई सरकार की कैबिनेट मीटिंग हुई। जिसमें विधानसभा सेशन बुलाने पर फैसला हुआ।

नए CM नायब सैनी बोले- सभी 10 लोकसभा सीटें जीतेंगे
नायब सैनी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उस पर 100 फीसदी खरा उतरूंगा। बड़ी जिम्मेदारी मिली है। सूबे की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार जीतेंगे।

वहीं नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी ने पति के CM बनने पर कहा कि हमें नहीं पता था कि ऐसा होगा। उन्होंने इसके लिए पूरा श्रेय पूर्व CM मनोहर लाल खट्‌टर को दिया।

मनोहर लाल के करीबी सैनी
नए CM सैनी मनोहर लाल के करीबी हैं। 27 अक्टूबर 2023 को ही मनोहर लाल की पैरवी पर उन्हें हरियाणा भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था।

हिसार में जजपा की रैली आज
उधर, भाजपा से गठबंधन टूटने के बाद जजपा आज हिसार में नवसंकल्प रैली करने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला आगामी रणनीति का ऐलान कर सकते हैं।