आम आदमी की तरह अचानक निरीक्षण करने पहुंचे वन मंत्री:जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में जानवरों को परोसा जा रहा था बदबूदार खाना

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-राजस्थान में चुनाव आचार संहिता हटने के बाद बीजेपी सरकार के मंत्री एक्शन मोड में आ गए हैं। गुरुवार को वन मंत्री संजय शर्मा नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में आम आदमी बनकर औचक निरीक्षण करने पहुंचे। जहां उन्होंने बिना वन विभाग के कर्मचारियों को बताए आम आदमियों की तरह लाइन में लगकर टिकट लिया। गाड़ी की रसीद कटवाकर बायोलॉजिकल पार्क पहुंचे। यहां बड़ी अनियमिताएं सामने आई है। इसके बाद शर्मा ने आला अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, वन मंत्री संजय शर्मा गुरुवार को बिना बताए अपनी निजी गाड़ी से दोपहर 1 बजे नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क पहुंचे। इस दौरान आम पर्यटक की तरह शर्मा ने लाइन में लगकर टिकट लिया। अपनी गाड़ी की एंट्री टिकट भी कटवाया। इसके बाद वन मंत्री ने जैसे ही बायोलॉजिकल पार्क में एंट्री ली, तो वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा वहां कोई चेकिंग नहीं की गई।

जगह-जगह कचरे का ढेर मिला

बायोलॉजिकल पार्क में भी जगह-जगह कचरे के ढेर और प्लास्टिक की बोतल नजर आई। इसके बाद वन मंत्री संजय शर्मा वन विभाग के स्टाफ ऑफिस पहुंचे। जहां उन्होंने अटेंडेंस रजिस्टर्ड चेक किया। इसके मिलान में उस वक्त काफी कर्मचारी नदारद मिले। इसके साथ ही स्टाफ ऑफिस में भी प्रतिबंध के बावजूद प्लास्टिक की बोतल रखी हुई नजर आई। इस पर शर्मा ने आपत्ति दर्ज करते हुए भविष्य में प्लास्टिक बोतल का इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।

वन्य जीवों के खाने से आ रही थी बदबू

इसके बाद शर्मा बायोलॉजिकल पार्क के निरीक्षण पर निकले, तो दोपहर 1:30 बजे वन्य जीवों को भोजन परोसा जा रहा था। जबकि वन्य जीवों को भोजन परोसने का निर्धारित वक्त सुबह 11 बजे था। ऐसे में शर्मा ने वन्य जीवों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को जांचा, इसमें काफी बदबू आ रही थी। इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ जांच के आदेश दिए।

टूरिस्ट के लिए सिर्फ एक इलेक्ट्रॉनिक व्हीकर

इस दौरान वन मंत्री ने नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क आने वाले ही पर्यटकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। पता चला कि नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में पर्यटकों को सफारी करने के लिए सिर्फ एक ही इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल है। इसकी वजह से बड़ी संख्या में यहां आने वाले पर्यटकों को पैदल ही परेशान होना पड़ रहा था। इस पर मंत्री ने जल्द नई गाड़ी उपलब्ध कराने के साथ ही पार्क में प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और वन्य जीवों को निर्धारित वक्त पर उच्च गुणवत्ता युक्त भोजन देने के आदेश दिए।

वन मंत्री संजय शर्मा ने बताया- जयपुर बायोलॉजिकल पार्क में आज औचक निरीक्षण किया था। जहां कर्मचारियों और अधिकारियों की अनियमितताएं और लापरवाही सामने आई हैं। इसे जल्द से जल्द दुरुस्त जाएगा। इसको लेकर अधिकारियों को भी दिशा निर्देश दे दिए हैं।

अतिरिक्त मुख्य सचिव को जाच के आदेश दिए

मामले में वन मंत्री संजय शर्मा ने अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र लिख नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में मिली अनियमित्ताओं पर नाराजगी जाहिर की है। इसके साथ ही दोषी अधिकारियों के खिलाफ जांच के आदेश भी दिए हैं।