सीएम गहलोत के पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर:नुकीली चीज चुभने से मुड़ा पांव,SMS हॉस्पिटल में चल रहा इलाज

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ है। उनका इलाज सवाई मान सिंह हॉस्पिटल (SMS) में किया गया है, जहां एक घंटे जांच, इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनको छुट्‌टे देते हुए एक सप्ताह तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। बताया जा रहा है कि घर पर ही मुख्यमंत्री के बांये पैर में नुकीली चीज चुभने के बाद पैर मुड़ गया था, जिसके कारण उस पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ने के साथ ही हेयर लाइन फैक्चर हो गया। चोट के बाद के अब संभावना है कि मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रम और दौरे जो अगले एक सप्ताह में होने है उनको रद्द किया जा सकता है।

गुरुवार शाम करीब छह बजे सीएम हाउस में गहलोत के पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें फौरन SMS हॉस्पिटल की इमरजेंसी में लाया गया। यहां डॉक्टरों ने एक्सरे, ईसीजी समेत तमाम रूटीन चेकअप किए। बताया जा रहा है कि नाखून भी जख्मी हो गया है। उनको चलने में तकलीफ हो रही है।

खून बहने के बाद की ड्रेसिंग
मुख्यमंत्री के नुकीली चीज चुभने के बाद पैर से हल्का खून बहने लगा था। हॉस्पिटल स्टाफ व्हील चेयर पर ड्रेसिंग रूम लेकर गया और खून निकलने वाली जगह डॉक्टरों ने सबसे पहले ड्रेसिंग की। उसके बाद पैर का एक्सरे करवाया। ओएसडी लोकेश शर्मा ने बताया कि सीएम बिल्कुल ठीक हैं। पैर में मामूली चोट आई है। इस दौरान एसएमएस के प्रिंसिपल डॉ. राजीव बगरहट्टा, हड्‌डी रोग विशेषज्ञों और जनरल फिजिशियन की टीम मुस्तैद रही।

मुख्यमंत्री के साथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पीएचईडी मंत्री महेश जोशी समेत अन्य नेता भी एसएमएस पहुंचे। गहलोत की पत्नी सुनीता गहलोत, पुत्रवधू हिमांशी गहलोत और पौत्री भी हॉस्पिटल पहुंचीं।

एक घंटा हॉस्पिटल रहने के बाद घर रवाना

हॉस्पिटल से रात करीब 8 बजे गहलोत घर के लिए रवाना हो गए। उन्हें अब डॉक्टरों ने पूरी तरह ठीक बताया। साथ ही, एक सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी है। हफ्ते दिन बाद फिर उनका चेकअप किया जाएगा। एसएमएस के प्रिसिंपल राजीव बगरहट्टा ने सीएम के हैल्थ बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि उनके बाये पैर का जो नाखुन उखड़ा था उसे प्लास्टिक सर्जन राकेश जैन ने ठीक करके जोड़ा है और उस पैर में पट्‌टा बांधा है। सीएम ने दांये पैर में भी चोट बताई है, जिसे ऑर्थोपेडिक को दिखाया है। उन्होंने एक्स-रे के बाद मुख्यमंत्री को 7 दिन तक आराम करने की सलाह दी है। सात दिन बाद दोबारा मुख्यमंत्री का चैकअप किया जाएगा और जांचे की जाएगी उसके बाद आगे का ट्रीटमेंट दिया जाएगा।