राजे के पक्ष में उतरे सीएम गहलोत, कहा: वसुंधरा के साथ भाजपा जो कर रही वो ठीक नहीं

Front-Page Politics Rajasthan

Jaipur : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी भवन में हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं ने मतदान किया। मतदान के बाद मुख्यमंत्री गहलोत ने मीडिया से खुलकर बात की।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बारे में एक सवाल के जवाब में गहलोत ने कहा कि विपक्ष में होने से हमारी निन्दा करना उनका काम है। लेकिन वसुंधरा के साथ भाजपा जो कर रही है उसे ठीक नहीं कहा जा सकता। बड़े नेता उनसे मिलते नहीं, अपाॅइंटमेंट नहीं देते यह सब ठीक नहीं है।

वहीं गहलोत ने गांधी परिवार के प्रति अपना समर्पण जताया। उन्होंने विनोबा भावे को उद्धृत किया और कहा कि जैसे भावे कहते थे कि उनके और गीता माता के संबंध तर्क से परे हैं। वैसे ही उनके और गांधी परिवार के संबंध भी तर्क से परे हैं। उन्होंने कहा कि 19 अक्टूबर को अध्यक्ष चुनाव के नतीजे आने के बाद भी परिवार से वैसे ही संबंध रहेंगे जैसे 50 साल से हैं।

कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि इनकी रगड़ाई नहीं होने से ये फितूरबाजी कर रहे हैं। ये लोग जितनी जल्दबाजी करेंगे, उतनी ही ठोकर खाएंगे। दो साल पहले जब विधायकों की बगावत हुई थी, उस समय गहलोत का सचिन पायलट की रगड़ाई नहीं होने वाला बयान खासा चर्चा में आया था। मुख्यमंत्री ने इस बार सचिन का नाम लिए बिना रगड़ाई वाला बयान दोहराया। उन्होंने नसीहत दी कि युवाओं को काम करना चाहिए। अनुभव लेना चाहिए। अभी पार्टी के बुरे दिन हैं, अच्छे दिन आएंगे तो उन्हें मौका दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *