मुख्यमंत्री गहलोत ने दी विजयदशमी पर शुभकामनायें

Jaipur News Politics Rajasthan

मंगलवार को गहलोत पहुंचे थे जेकेके , देखा रामचरित मानस का मंचन

जयपुर : विजयादशमी के अवसर पर मुख्यमंत्री गहलोत ने प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी है। इससे पहले मंगलवार शाम को मुख्यमंत्री गहलोत जेकेके पहुंचे जहाँ उन्होंने दशहरा नाट्य उत्सव के चौथे दिन रामचरित मानस नाट्य को देखा। जहाँ हनुमान के सीता से मुलाकात सहित कई दृश्यों का मंचन किया गया।

श्री राम चरित नाट्य की शुरुआत में मनमोहक नृत्य ने दर्शकों में जो ऊर्जा भरी वह अंत तक झलकी। हनुमान ने सिया का संदेश देकर राम की चिंता दूर की। यह मजबूत निर्देशन की बानगी रही कि दोनों की बताचीत के बीच सीता के संवादों ने एकाएक सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

शरणागत रक्षा का संदेश

राम ने राहत की सांस ली उधर अपने अनुज विभीषण से राम का बखान सुनकर रावण आग-बबुला हो उठा। अहंकार वश विभीषण को राज्य से निकाल दिया गया। करुणासिंधु राम ने विभीषण को गले लगाकर शरणागत की रक्षा का संदेश दिया।

राम जी की सेना चली..

समस्त विपत्तियों के बावजूद अब तक विनम्रता और शालीनता से काम ले रहे राम का धैर्य उस वक्त जवाब दे गया जब आग्रह करने के बाद भी समुद्र ने उन्हें रास्ता ना दिया। उनका आक्रोश देख रत्नाकर थर्रा उठे। प्रभु चरणों में वंदन कर उन्होंने सेतु निर्माण की राह दिखायी। वानर सेना ने सेतु बांधा। ‘राम जी को संग ले, वेग ले-उमंग ले, राम जी की सेना चली’ गीत ने सभी में जोश भर दिया।

लक्ष्मण ने रखा ब्रह्म शक्ति का मान

रावण के दरबार में पहुॅंचकर अंगद ने राम नाम का डंका बजा दिया। इस दौरान हांस्य व युद्ध के दृश्यों का बखूबी संयोजन किया गया। अंगद के संवादों में अवधी और हिंदी भाषा का लालित्य भी दिखा। इसके बाद लक्ष्मण और इंद्रजीत के युद्ध को देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। ब्रह्म शक्ति का मान रख सहर्ष उसका सामना करने के बाद मूर्छित हुए लक्ष्मण को देखकर निकले राम के आंसूओं ने सभी की आखें नम कर दी। हनुमान ने संजीवनी बूटी लाकर लक्ष्मण के प्राण बचाए तो मध्यवर्ती में गगनचुंबी घोष सुनाई दिया ‘सिया वर रामचंद्र की जय, पवनसुत हनुमान की जय।’

लाइव प्रसारण भी

गौरतलब है कि दशहरा नाट्य उत्सव के तहत 1 से 5 अक्टूबर तक शाम 7 बजे से वरिष्ठ नाट्य निर्देशक अशोक राही के निर्देशन में ‘श्री रामचरित नाट्य’ का मंचन हो रहा है। प्रवेश पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिया जा रहा है। जवाहर कला केंद्र के फेसबुक व इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसका लाइव प्रसारण भी देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *