ठाणे में गर्डर लॉन्चिंग मजदूरों पर गिरी,14 की मौत:समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे पर रात में काम चल रहा था,कई के दबे होने की आशंका

Front-Page National

ठाणे:-महाराष्ट्र के ठाणे में शाहपुर के पास समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे पर सोमवार देर रात हादसा हो गया। सरलांबे में बन रहे पुल से एक गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिरने से 14 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि लोग 3 घायल हो गए।

शाहपुर पुलिस के मुताबिक समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे के तीसरे चरण के कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। जिसमें मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था।

पुलिस और फायर बिग्रेड मिलकर बचाव अभियान में लगे हुए हैं।

बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या
रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहपुर सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में करीब 15 शव लाए जा चुके हैं। वहीं तीन से चार लोग घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है। मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। अंधेरा होने के कारण यह कहना संभव नहीं था कि मशीन के गार्डर के नीचे और कितने लोग दबे हैं।

तिलक अवॉर्ड लेने आ रहे हैं PM मोदी
यह हादसा PM मोदी के महाराष्ट्र दौरे से चंद घंटों पहले हुआ है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (1 अगस्त) को सुबह 11 बजे महाराष्ट्र के पुणे पहुंचेंगे। सबसे पहले पीएम दगड़ूशेठ मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद, वो एसपी कॉलेज मैदान में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस दौरान वे नई मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही कई विकास परियोजनाओं का इनोग्रेशन और शिलान्यास भी करेंगे। 

पूर्व CM का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे
देवेन्द्र फडणवीस की महत्वाकांक्षी परियोजना समृद्धि राजमार्ग के दो फेज शुरू हो चुके हैं। फिलहाल समृद्धि हाईवे नागपुर से इगतपुरी तक चल रहा है। समृद्धि राजमार्ग का आखिरी और तीसरा चरण दिसंबर 2023 तक पूरा होने की संभावना है। यह सौ किलोमीटर का चरण है।

समृद्धि महामार्ग जिसका नाम हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग है। यह मुंबई और नागपुर को जोड़ने वाला 701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है। जो नागपुर, वाशिम, वर्धा, अहमदनगर, बुलढाणा, औरंगाबाद, अमरावती, जालना, नासिक और ठाणे समेत दस जिलों से होकर गुजरता है।

समृद्धि महामार्ग का निर्माण कार्य महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम कर रहा है। दिसंबर 2022 में, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरडी और नागपुर के बीच 520 किलोमीटर लंबे समृद्धि राजमार्ग के पहले चरण का उद्घाटन किया।

इसके बाद परियोजना के दूसरे चरण का उद्घाटन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने किया था। नागपुर से इगतपुरी तालुका के भारवीर गांव तक कुल 600 किलोमीटर की सड़क खोल दी गई है।