हरियाणा में इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष को गोली मारी:​​​​​​​नफे सिंह राठी और उनके 3 सुरक्षाकर्मी घायल; कार सवार बदमाशों ने किया हमला

National

Chandigarh : हरियाणा के बहादुरगढ़ में रविवार को कुछ बदमाशों ने इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी पर जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना बहादुरगढ़ में बराही फाटक के पास हुई।

एक कार में आए हमलावरों ने नफे सिंह राठी और उनके सुरक्षाकर्मियों पर गोलियां चला दीं। शुरूआती जानकारी के मुताबिक इसमें राठी समेत कुल 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राठी के 3 सुरक्षाकर्मियों को भी गोलियां लगी हैं।

घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। घायलों को ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके से गोलियों के खाली खोल और दूसरे सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।

हमलावर किस तरफ से आए और घटना के बाद किधर गए? यह चेक करने के लिए इलाके में रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक करने की तैयारी है। नफे सिंह राठी खुद बहादुरगढ़ से इनेलो के विधायक रहे हैं।