हरियाणा के मंत्री ने CM भूपेश को बताया राक्षस:कांग्रेस बोली-भाजपा की विचारधारा में पिछड़ों, आदिवासियों, किसानों को सम्मान ही नहीं,यह छत्तीसगढियों का अपमान

Front-Page Politics

रायपुर :- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद पर की गई टिप्पणी के भगवाकरण से विवाद बढ़ता जा रहा है। बघेल के एक बयान पर टिप्पणी करते हुए हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा, हिंदुस्तान की सनातन संस्कृति का अध्ययन करें तो हर युग में देवता भी रहे हैं और राक्षस भी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री आज के राक्षस प्रवृत्ति के महानुभाव हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने विज के इस बयान को छत्तीसगढ़ियों का अपमान बताया है।

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा, भाजपा की विचारधारा में कभी पिछड़ों, आदिवासियों, दलितों और किसानों को लेकर कोई सम्मान रहा ही नहीं है। एक तरफ इनके राज्य प्रभारी नितिन नबीन छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान करते हैं। इनकी पूर्व प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी छत्तीसगढ़ियों पर थूकने की बात करती रहीं हैं। वहीं अब इनके नेता अनिल विज एक छत्तीसगढ़िया किसान को राक्षस कह रहे हैं। यह सिर्फ भूपेश बघेल का ही नहीं, सभी छत्तीसगढ़ियों का अपमान है। इस अपमान में प्रदेश भाजपा के नेताओं की मौन सहमति भी शामिल है। आर.पी. सिंह ने कहा, आने वाले चुनाव में छत्तीसगढ़ की जनता अपने इस अपमान का बदला जरूर लेगी।

भगवा वाले बयान को फिर से सुन लें विज

आरपी सिंह ने कहा, मंत्री अनिल विज को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी का बयान फिर से सुनना चाहिए। उन्होंने भगवा रंग में दोष नजर आने की बात नहीं कही है बल्कि भगवा पहनकर समाज में नफरत फैलाने वाले लोगों के दोष की बात कही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा है, भगवा त्याग और बलिदान का रंग है। अब आरएसएस-भाजपा के नेताओं ने कौन सा त्याग किया है जो इसे पहन रहे हैं।

क्या कहा था मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने

दो दिन पहले फिल्म पठान के एक गीत में भगवा रंग के कपड़ों से छिड़े विवाद पर मीडिया ने सवाल पूछा था। जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “भगवा रंग जो है वह यज्ञ की अग्नि की ज्वाला का रंग है। वह पवित्र है। वह त्याग और बलिदान का रंग है। विश्व हिंदू परिषद-विहिप और बजरंग दल वाले जो भगवा पहनकर घूम रहे हैं उन्होंने कौन सा त्याग किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, रंग किसी का होता है क्या। ये लोग केवल इसके नाम पर समाज में वैमनस्य फैला रहे हैं।’ उसके बाद से विवाद गरमाया हुआ है। सोमवार को फिर से उन्होंने ऐसा ही बयान दिया।

मुख्यमंत्री बोले थे-वसूली करने के लिए भगवा रंग पहन रहे

बघेल ने कहा कि साधु संत भगवा रंग का वस्त्र धारण करते हैं। भगवा रंग ज्वाला या अग्नि का प्रतीक है। ये बजरंगी गुंडे भगवा रंग का गमछा पहनकर निकल रहे हैं। वो तो वसूली करने के लिए भगवा रंग पहन रहे हैं। रंग की ही बात है तो भाजपा बताए कि आज उनके सांसद और विधायक जो हीरो हैं वो हिरोइनों के साथ डांस कर रहे हैं। अलग-अलग रंग का कपड़ा पहन रहे हैं। उनके बारे में उनकी क्या सोच है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *