हिमाचल विस प्रोटेम स्पीकर आज लेंगे शपथ:राजभवन में समारोह; राज्यपाल आर्लेकर दिलाएंगे शपथ, डिप्टी CM अग्निहोत्री रहेंगे मौजूद

Front-Page Himachal Elections 2022 Politics

शिमला :- हिमाचल विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता चंद्र कुमार आज शपथ लेंंगे। शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 5:30 बजे राजभवन में होगा।

कोरोना पॉजिटिव होने के कारण मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस कार्यक्रम में शिरकत नहीं करेंगे, लेकिन डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री समारोह में मौजूद रहेंगे।वहीं मुख्यमंत्री की गैर-मौजूदगी में ही राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर चंद्र कुमार को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाएंगे।

इस अवसर पर मुख्य सचिव RD धीमान और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पहले यह शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे होना था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिल्ली से देरी से लौटने के कारण शपथ ग्रहण समारोह को शाम 5:30 बजे किया गया।

छठी बार ज्वाली से चुनाव जीते चंद्र कुमार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक चंद्र कुमार जिला कांगड़ा के जवाली विधानसभा क्षेत्र से छठी बार चुनाव जीत कर आए हैं। चंद्र कुमार सबसे पहले 1982 में विधायक बने थे, जब ठाकुर रामलाल हिमाचल के मुख्यमंत्री थे। इसके बाद उन्होंने 1985, 1993, 1998 और 2003 में भी विधानसभा के चुनाव जीते। इस बार उन्हें कैबिनेट में शामिल किए जाने की चर्चा है।

विधायकों को शपथ दिलाते प्रोटेम स्पीकर
बता दें कि जब भी विधानसभा गठित होती है तो विधानसभा में सबसे ज्यादा समय गुजारने वाले सदस्य या निर्वाचित सबसे वरिष्ठ सदस्य को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए चंद्र कुमार को विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है, जो नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *