हरियाणा में I.N.D.I.A. ब्लॉक टूटा:AAP बोली-विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेंगे;लोकसभा में कांग्रेस से गठबंधन था

Front-Page National Politics

हरियाणा में I.N.D.I.A.गठबंधन टूट गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने हरियाणा में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि पार्टी पूरी ताकत से हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। दिल्ली और पंजाब में हमारी सरकार है। आधा हरियाणा पंजाब और आधा दिल्ली से टच करता है।

उन्होंने कहा कि बड़ी बात यह है कि केजरीवाल साहब हरियाणा से संबंध रखते हैं। आप के महासचिव संदीप पाठक ने कहा कि हरियाणा में हम हर सीट पर चुनाव लड़ेंगे। हम हरियाणा में अकेले सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाह रही है। हमारा फर्ज है कि जनता की उम्मीदों को पूरा करें। हमारी पार्टी सर्वे में नहीं आती है, जबकि सीधे सरकार बनाती है।

बता दें कि अभी हाल में हरियाणा में AAP और कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के तहत लोकसभा चुनाव लड़ा था। 9 सीटों पर कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारे थे, जबकि एक सीट कुरुक्षेत्र पर AAP का उम्मीदवार मैदान में था। AAP की तरफ से सुशील कुमार गुप्ता कैंडिडेट थे। जिन्हें भाजपा के नवीन जिंदल से हार का सामना करना पड़ा था।

एनएचआई के प्रोजेक्टों को लेकर मीटिंग हुई: भगवंत मान

सीएम भगवंत मान ने कहा कि एनएचआई के जो भी प्रोजेक्ट चल रहे हैं, उसको लेकर मीटिंग हुई। दो तीन जगह पर जमीन अधिग्रहण को लेकर कुछ इश्यू थे। इसके लिए जल्दी ही किसानों से मीटिंग करेंगे। जल्दी ही मामले को निपटाएंगे।

हर चुनाव में अलग परिस्थितियां होती हैं: संजय

संजय सिंह ने बताया कि हर चुनाव में अलग परिस्थितियां होती हैं, उसी के मुताबिक ही चुनाव लड़ा जाता है। इसी तरह भगवंत मान ने कहा कि हर चुनाव के अपने मुद्दे होते हैं। उन्होंने कहा कि हम दस साल पुराने हो गए हैं। हमें चुनाव लड़ने आ गए हैं। अब हर संस्था में हमारी हाजिरी है। यूपी में हमारे सरपंच तक हैं।

AAP सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ेगी: पाठक

आप के महासचिव संदीप पाठक ने कहा कि आप ऐसे चुनाव लड़ेगी कि जिसे दुनिया देखेगी। आप सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ेगी। लगभग साढ़े छह हजार गांवों में बदलाव जनसंवाद हो चुका है। इसी 20 तारीख को एक टाउन हॉल होगा। इसमें केजरीवाल की गारंटियां लॉन्च होंगी। वहीं, प्रधानों का ऐलान होगा।

संजय बोले- अग्निवीर योजना मुद्दा रहेगा

राज्यसभा मेंबर संजय सिंह ने कहा कि पूरे हरियाणा में मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी ने यह निर्णय क्यों लिया है, क्योंकि आपने अब तक सभी पार्टियों की सरकार देखी है। अब हरियाणा में डबल इंजन की सरकार चल रही है। यह बात प्रधानमंत्री खुद कहते हैं। आज हरियाणा फिरौती का गढ़ बन गया है। हरियाणा में बेरोजगारी बड़ी समस्या है। पंजाब व हरियाणा के नौजवान सेना में भर्ती होना गर्व मानते हैं, लेकिन अब सेना को ठेके पर कर दिया। अग्निवीर योजना वापस होनी चाहिए। यह हमारा मुद्दा रहेगा।

हरियाणा में पूरी ताकत से विधानसभा इलेक्शन लड़ेगी पार्टी: पंजाब CM

पंजाब सीएम ने कहा कि पार्टी हरियाणा में पूरी ताकत से विधानसभा इलेक्शन लड़ेगी। दिल्ली और पंजाब में हमारी सरकार है। आधा हरियाणा पंजाब और आधा दिल्ली से टच करता है। हम हरियाणा में कई जगह गए। हरियाणा ने सभी पार्टियों को समय दिया, लेकिन किसी ने भी हरियाणा के लोगों के साफ वफा नहीं किया। हर किसी ने लूटा है। बड़ी बात यह है कि केजरीवाल साहब हरियाणा से संबंध रखते हैं। इस हरियाणा की लॉन्चिंग का पहला दिन है।