BJP से पहले सीधे मुकाबले में I.N.D.I.A हारा:चंडीगढ़ मेयर चुनाव में 8 वोट इनवैलिड;भाजपा 4 वोट से जीती,AAP-कांग्रेस बोली-सरेआम धक्केशाही

Front-Page National Politics

चंडीगढ़:-भाजपा के पार्षद मनोज सोनकर चंडीगढ़ नगर निगम के नए मेयर बन गए हैं। उन्होंने आप-कांग्रेस के I.N.D.I.A अलायंस के कैंडिडेट कुलदीप टीटा को 4 वोटों से हरा दिया। सीनियर डिप्टी मेयर कुलजीत संधू और डिप्टी मेयर राजेंद्र शर्मा चुने गए हैं। मेयर चुनाव के लिए सांसद और 35 पार्षदों ने वोट डाला।

भाजपा के मनोज को 16 और आप-कांग्रेस के कैंडिडेट को 12 वोटें मिली, जबकि अलायंस की 8 वोटें इनवैलिड कर दी गईं। इसके विरोध में AAP ने हाईकोर्ट का रुख किया है।

चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन की खास बात यह रही कि भाजपा और विपक्षी दलों के I.N.D.I.A का देशभर में यह पहला सीधा मुकाबला था। जिसे जीतने में BJP कामयाब रही।

यहां देखिए किसको कितने मिले वोट
भाजपा के चंडीगढ़ मेयर प्रत्याशी मनोज सोनकर को कुल 16 वोट मिले। यानी पार्टी के सभी 14 पार्षदों के साथ एक सांसद और एक अकाली पार्षद का वोट मिला, जबकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के मेयर उम्मीदवार कुलदीप कुमार को 12 वोट ही मिले। इनके 8 वोटों को इन्वैलिड करार कर दिया गया। जिससे 4 वोटों से भाजपा प्रत्याशी को विजयी घोषित कर दिया गया।

आप-कांग्रेस बहुमत के बाद भी हारी
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आप और कांग्रेस बहुमत होने के बाद भी हार गई। दोनों पार्टियों ने I.N.D.I.A गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा। गठबंधन के बाद दोनों पार्टियों के 20 (AAP के 13+ कांग्रेस के 7) वोट हुए थे, जबकि भाजपा के 14 पार्षद और एक सांसद किरण खेर का मिलाकर 15 वोट बने थे। शिरोमणि अकाली दल (SAD) का एक पार्षद है।