PM मोदी की अंबाला रैली:बोले-मैंने हरियाणा की रोटी खाई,धाकड़ सरकार चलाई,4 चरण में इंडी गठबंधन चारों खाने चित

Front-Page Loksabha Election National Politics

अंबाला:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा पहुंच गए हैं। सबसे पहले वह अंबाला में पहुंचे। यहां पूर्व CM मनोहर लाल खट्‌टर ने उन्हें फसल का गुच्छा दिया। इसके बाद पीएम ने रैली को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने I.N.D.I.A गठबंधन पर निशाना।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को महिलाओं से, किसानों से, युवाओं से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस को केवल वोट से मतलब है। दिल्ली और हरियाणा में हाथ में झाड़ू लेकर घूम रहे हैं और पंजाब में कह रहे हैं कि झाड़ू वाला चोर है।

अब थोड़ी देर में पीएम सोनीपत के गोहाना में रैली करेंगे। यह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा का गढ़ है। PM मोदी यहां से भाजपा उम्मीदवार मोहन लाल बड़ौली के लिए वोट की अपील करेंगे।

बहुत जल्द अंबाला से दूसरे देशों के लिए जहाज पकड़ सकेंगे: मोदी

पीएम ने कहा कि अंबाला से दिल्ली की कनेक्टिविटी के लिए सरकार काम कर रही है। बहुत जल्द ही अंबाला से दूसरे देशों के लिए हवाई जहाज पकड़ सकेंगे। पहले पूर्व सीएम की सरकार में अब नायब सरकार में हरियाणा बड़ा इंडस्ट्रियल हब बन रहा है। यह चुनाव भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए, यह चुनाव भारत को विकसित बनाने के लिए, यह चुनाव देश का प्रधानमंत्री कौन हो, इसके लिए हो रहा है। अंबाला से बंतो कटारिया, करनाल से मनोहर लाल, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल चुनाव लड़ रहे हैं, आप इन्हें भारी वोटों से विजयी बनाएं।

इंडी गठबंधन के नेता राम मंदिर के लिए अपमानजनक बाते करते हैं: मोदी

उन्होंने कहा कि 500 सालों की तपस्या के बाद अयोध्या में राम मंदिर आ गया है। पूरा देश राममय हो चुका है। पूरा देश राम मंदिर से इतना खुश है, जिसे लोग समझ नहीं पाते, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता मंदिर के लिए अपमानजनक बाते करते हैं।

कांग्रेस को केवल वोट से मतलब है: मोदी

PM ने कहा कि आज हरियाणा के किसानों की फसलों को देश की सरकार विदेश में लेकर जा रही है। आज वह सुपर फूड बन चुका है। ये हरियाणा, राजस्थान के किसानों के लिए सरकार बड़ा अवसर लेकर आई है। हम दो साल से ज्यादा गोडाउन बनाने पर काम कर रहे हैं। देश में अनाज के भंडारण की दिशा में काम कर रहे हैं। आने वाले समय में आलू, प्याज, टमाटर पैदा करने वाले किसानों के लिए हम कलस्टर बनाने जा रहे हैं।

साथियों खेलों की दुनिया में आज हरियाणा का इतना नाम है तो उसके पीछे हमारी बेटियों की ताकत है। मोदी ने बेटियों के लिए सैनिक स्कूलों के भी दरवाजे खोल दिए है। अब एनडीए के लिए महिलाओं का पहला बैच ट्रेनिंग ले रहा है, उसमें बड़ी संख्या में हरियाणा की बेटिया हैं। कांग्रेस को महिलाओं से, किसानों से, युवाओं से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस को केवल वोट से मतलब है। दिल्ली और हरियाणा में हाथ में झाड़ू लेकर घूम रहे हैं और पंजाब में कह रहे हैं कि झाड़ू वाला चोर है।

कांग्रेस ने हमारे पूर्व सैनिकों के साथ भी विश्वासघात किया: मोदी

उन्होंने कहा कि आज भारत दूसरे देशों को हथियार बेच रहा है। साथियों कांग्रेस ने हमारे पूर्व सैनिकों के साथ भी विश्वासघात किया। चार दशक तक कांग्रेस पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन के लिए तरसाती रही। जब 2013 में उनको लगा मोदी एक चुनौती बन गया तो उन्होंने जाते जाते वन रैंक वन पेंशन के लिए 500 करोड़ रुपए का बजट में प्रावधान किया। अब वह इस कागज को लेकर गए। राज्यों में जाकर वह सैनिकों के सम्मेलन करते थे, कागज दिखाते थे। इनकी झूठ बोलने की इतनी आदत है कि बड़े-बड़े पत्रकार भी भ्रम में रहते हैं। जब आपने मुझे सेवा का अवसर दिया तो मोदी ने डंके की चोट पर वन रैंक वन पेंशन का वायदा पूरा किया।

गांव-गांव में पूर्व सैनिक परिवारों को बताइए कि कांग्रेस कितना झूठ बोलती है। उन्होंने 500 करोड़ का खेल खेला था, अब तक वन रैंक वन पेंशन में एक लाख 20 करोड़ रुपया हर परिवार तक पहुंच चुका है।

मेरी यात्रा में हरियाणा के भी संस्कार: PM

उन्होंने कहा कि हरियाणा सत्य की धरती है, इस धरती पर कांग्रेस ने झूठ बोला। मोदी सरकार ने हर परिवार की चिंता की। इसलिए ऐसे संवेदनशील निर्णय मोदी लेता है। साथियों मोदी विकसित भारत का संकल्प लेकर निकला है। ऐसे में हरियाणा का बहुत अधिकार मेरे पर है, क्योंकि मेरी इस यात्रा में हरियाणा के भी संस्कार हैं। मैं आपको यह गारंटी देता हूं कि आपका सपना ही मेरा संकल्प है।

पल पल आपके नाम, पल पल देश के नाम। 24 वाई सेवन फॉर 24 वाई 47।

ये किसानों के नाम पर राजनीति करते हैं, दस साल में बीस करोड़ रुपए का एमएसपी में हमने किसानों से अनाज खरीदा है। यानी तीन गुना अनाज किसानों से खरीदा गया है। पहले तो पैसा मिलने में भी कई महीने लगते थे। अब पैसा सीधे किसान के नाम पर बैंक के खाते में जमा हो जाता है। कांग्रेस ने गन्ना किसानों को सिर्फ और सिर्फ धोखा दिया है।

पाकिस्थान के हाथ में आज भीख का कटोरा: PM

पीएम ने कहा कि साथियों जब देश में एक धाकड़ सरकार होती है तो दुश्मन भी कुछ करने से पहले सौ बार सोचता है। आज आप देखिए जो पाकिस्तान 70 सालों से भारत को परेशान कर रहा था, जिसके हाथ में बम का गोला रहता था, आज उसके हाथ में भीख का कटोरा है। जब धाकड़ सरकार होती है तो ऐसे ही दुश्मन कांपता है। साथियों क्या कोई कमजोर सरकार जम्मू कश्मीर में हालात बदल सकती थी, वह जमाना याद करिए कि कांग्रेस की सरकार थी। हरियाणा की वीर माताएं दिन रात चिंता में रहती थी कि कब किस आतंकी का गोला फट जाए, कब किसी पत्थर से हमारे फौजियों का सिर फट जाए।

आज दस साल हो गए सब कुछ बंद हो गया। मोदी की धाकड़ सरकार ने 370 की दीवार गिराई और कश्मीर विकास के रास्ते पर चल पड़ा। भाइयों और बहनों कांग्रेस का इतिहास हमारी सेनाओं को फौजियों को धोखा देने का रहा है। देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने भारत की सेना में ही किया था। इस ट्रैक रिकॉर्ड को कांग्रेस जब तक सत्ता में रही हमेशा नए नए घोटाले करके उसे उसने बनाए रखा। बोफोर्स घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, हेलिकॉप्टर घोटाला, कांग्रेस भारत की सेनाओं को कमजोर बनाकर रखते थे। जानते हैं क्यों, ताकि विदेश से हथियार मंगवाने के नाम पर घोटाले कर सकें।

हमारे सैनिकों को कपड़े, जूते, बुलेटप्रूफ जैकेट भी नहीं मिलती थी, उनके पास अच्छी राइफलें तक नहीं थी। उन्हें लाठी देकर कहा जाता था कि आतंकियों का मुकाबला करो। जब मोदी सरकार आई तो उसने कहा कि अब ये नहीं चलेगा। मैंने भारत की सेनाओं को आत्मनिर्भर बनाने का अभियान शुरू किया। आज सेना को मेड इन इंडिया के हथियार मिल रहे हैं।

कांग्रेस को जनता ने पटखनी दी: मोदी

उन्होंने कहा कि भाइयो और बहनों चार जून में अब सिर्फ 17 दिन बचे हैं, चार चरणों के चुनाव में कांग्रेस और इंडी गठबंधन मैं उनके सारे साथी दल चार चरण में चारों खाने चित हो चुके हैं। इंडी वालों ने देश के खिलाफ जो भी दांव पेंच चले थे, उन्हें चुनाव के मैदान में जनता ने खुद पटखनी दे दी है। हरियाणा तो वह राज्य है जिसकी रगो में देश भक्ति है। देश विरोधी ताकतों को हरियाणा अच्छी तरह जानता है। पहचानता है। इसलिए हरियाणा का गांव-गांव, घर-घर एक ही आवाज में बोल रहा है, फिर एक बार मोदी सरकार।

पीएम बोले- पूरे हरियाणा को राम राम

पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत माता की जय के साथ अपना संबोधन शुरू किया। मां अंबिका, माता मनसा देवी की भूमि, अंबाला की धरती से पूरे हरियाणा को राम राम।

हरियाणा यानी हिम्मत, हरियाणा यानी हौसला, तभी तो हरियाणा धाकड़ है धाकड़। मोदी ने तो कई सालों तक हरियाणा की रोटी खाई है। हरियाणा की तरह ही मोदी ने दस साल तक सरकार भी धाकड़ चलाई है।

खट्‌टर बोले- पूर्व CM के नाते पीएम का स्वागत करता हूं

पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर ने कहा कि आज कल पूरे हरियाणा में चुनाव प्रचार के लिए घूम रहा हूं। प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री की तरफ से राम राम लोगों से करता हूं। लोग भी कहते हैं कि जब वह मिलें तो हमारी भी राम राम भी कहना। मैं अब पूर्व मुख्यमंत्री हूं, मुझे कई बार मुख्यमंत्री रहते हुए भी आपका स्वागत करने का सौभाग्य मिला, लेकिन आज मैं मोदी परिवार और करनाल लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी के रूप में स्वागत कर रहा हूं।पहले की तरह इस बार भी लोकसभा चुनाव में लोग आपके साथ खड़े हैं। दुनिया आपकी तारीफ कर रही है। भारत की जनता आपकी तारीफ कर रही है, लेकिन न जाने कांग्रेस आपकी आलोचना क्यों कर रही है। इस प्रश्न का उत्तर मुझे एक गांव में मिला। जब कांग्रेस का कोई व्यक्ति गांव में किसी गरीब के घर जाता है तो वहां उसे घर के बाहर लिखा मिलता है प्रधानमंत्री आवास योजना। जब वह घर के अंदर जाता है तो वह गरीब व्यक्ति उसे पानी पूछता है, जो वह जल लेकर आता है वह भी हर घर जल से पानी लेकर आता है। घर में पंखा और बल्ब जल रहा होता है तो भी वह उसको देखता है। आखिर में वह परेशान हो जाता है, जब वह जाने लगता है तो वह गरीब भाई कांग्रेस नेता से कहता है कि राम राम भाई।