जापान के PM के साथ मोदी ने लस्सी बनाई:किशिदा के साथ दिल्ली में गोलगप्पे भी खाए; मोदी को G7 समिट का न्योता दिया

Front-Page International National

नई दिल्ली:-जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा 2 दिन के भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने राजघाट पहुंच कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद हैदराबाद हाउस में किशिदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मोदी ने PM किशिदा को चंदन से बनी बुद्ध की प्रतिमा गिफ्ट में दी।

मोदी और किशिदा का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें जापान के प्रधानमंत्री मोदी के साथ लस्सी बनाने वाली मथनी को घुमाते और गोलगप्पे खाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो दिल्ली के बुद्ध जयंती पार्क का है। मोदी और किशिदा ने पार्क घूमा और लकड़ी की बेंच पर बैठकर बातचीत भी की।

किशिदा का भारत में स्वागत

जापानी प्रधानमंत्री किशिदा ने कहा- मैंने आज PM मोदी को हिरोशिमा में होने वाले G-7 समिट के लिए न्योता दिया और उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है। मैं भारत की धरती से आजाद इंडो-पैसिफिक को लेकर अपना विजन साझा करूंगा। वहीं PM मोदी ने कहा- मैं PM किशिदा का भारत में स्वागत करता हूं। मेरी उनसे पिछले एक साल में कई बार मुलाकात हुई है। इस दौरान मुझे हमेशा दोनों देशों के बीच संबंध को लेकर पॉजिटिविटी महसूस हुई। आज मैंने उनसे हमारे G-20 अध्यक्षता की प्राथमिकताओं के बारे में बात की। हमारा लक्ष्य सभी को साथ लेकर चलना है।

वैश्विक समस्याओं से निपटने पर चर्चा होगी
इस साल जापान G7 और भारत G20 की अध्यक्षता कर रहा है। जापानी प्रधानमंत्री की यात्रा से दोनों देशों को G20 और G7 के बीच सहयोग लाने का मौका मिलेगा। दोनों लीडर्स इस बारे में चर्चा कर सकते हैं कि कैसे फूड एंड हेल्थ सिक्योरिटी, एनर्जी ट्रांजिशन और इकोनॉमिक सिक्योरिटी पर G20 और G7 देश एक साथ काम कर सकते हैं।

2022 में 3 बार हुई थी मोदी और किशिदा की मुलाकात

  • मार्च 2022 में जापानी प्रधानमंत्री किशिदा दोनों देशों के बीच होने वाली ऐनुअल समिट में हिस्सा लेने भारत आए थे। उस दौरान किशिदा ने भारत में अगले पांच साल तक 3,20,000 करोड़ रुपए का निवेश करने की बात कही थी।
  • मई 2022 में PM मोदी QUAD बैठक में शामिल होने जापान की राजधानी टोक्यो गए थे। उस दौरान मोदी ने कहा था- भारत और जापान नैचुरल पार्टनर हैं। इंटरनेशनल सोलर अलायंस के लिए हम साथ हैं।
  • सितंबर 2022 में मोदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए टोक्यो गए थे। इस दौरान किशिदा ने मोदी से मुलाकात की थी।