IPL मिनी ऑक्शन:जम्मू-कश्मीर के ऑलराउंडर विव्रांत को बेस प्राइस से 13 गुना ज्यादा कीमत मिली, हैदराबाद ने खरीदा

Front-Page Sports

कोच्चि :- इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की नीलामी के इतिहास में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। कोच्चि में चल रहे IPL मिनी ऑक्शन में 24 साल के करन को पंजाब किंग्स ने 18.50 करोड़ रुपए देकर खरीदा। पहले वे चेन्नई की टीम में थे।

IPL नीलामी इतिहास में एक और रिकॉर्ड बना। विकेटकीपर के तौर पर अब तक सबसे महंगे बिकने वाले वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन हैैं। उन्हें 16 करोड़ में हैदराबाद ने खरीदा। इससे पहले सबसे ज्यादा कीमत पाने वाले विकेटकीपर मुंबई के ईशान किशन (15.25 करोड़) थे।

बॉलिंग ऑलराउंडर्स पर सबसे ज्यादा बोली लगी। 30 मिनट में इन ऑलराउंडर्स ने 59 करोड़ बटोर लिए। अनकैप्ड यानी जिन्होंने इंटरनेशनल नहीं खेला है, उनमें अब तक सबसे ज्यादा बोली जम्मू-कश्मीर के ऑलराउंडर विव्रांत की लगी। उन्हें 20 लाख बेस प्राइस से 13 गुना ज्यादा कीमत पर हैदराबाद ने खरीदा। उन्हें 2.60 करोड़ मिले।

IPL मिनी ऑक्शन के 3 बड़े अपडेट्स

1. फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर्स पर रिकॉर्ड बोली
उम्मीद के मुताबिक मिनी ऑक्शन में फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर्स सबसे ज्यादा डिमांड में रहे। पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सैम करन को सबसे ज्यादा 18.50 करोड़ रुपए में पंजाब ने खरीदा। ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ रुपए में अपने नाम किया। इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स को 16.25 करोड़ रुपए मिले। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा। जेसन होल्डर को राजस्थान रॉयल्स ने 5.75 करोड़ रुपए में खरीदा।

2. सबसे महंगे सैम करन, क्रिस मॉरिस का रिकॉर्ड तोड़ा
सैम करन IPL ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। पंजाब ने उन्हें 18.50 करोड़ रुपए में खरीदा। सबसे महंगे प्लेयर का पिछला रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के क्रिस मॉरिस के नाम था। उन्हें 16.25 करोड़ रुपए मिले थे। हालांकि करन IPL इतिहास में सबसे अधिक रकम पाने वाले खिलाड़ी नहीं हैं।

3. ब्रूक पर राजस्थान ने सारे पैसे लगा दिए, खरीदा SRH ने

हैरी ब्रूक के लिए सनराइजर्स और राजस्थान के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। राजस्थान के पास 13 करोड़ रुपए का ही पर्स बचा था और उसने पूरे 13 करोड़ ब्रूक के लिए लगा दिए, लेकिन सनराइजर्स ने 13.25 करोड़ की बोली लगाकर राजस्थान को रेस से बाहर कर दिया और ब्रूक को अपने नाम कर लिया।

IPL मिनी ऑक्शन के 3 पॉइंट्स…

1. इंग्लैंड के रूट, साउथ अफ्रीका के रुसो और बांग्लादेश के शाकिब नहीं बिके

इंग्लैंड के जो रूट और साउथ अफ्रीका के विस्फोटक बैटर राइली रुसो को ऑक्शन में कोई भी खरीदार नहीं मिला। रूट की बेस प्राइस एक करोड़ रुपए और रुसो की बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए थी। रूट पहली बार ऑक्शन में थे। रुसो 2014 और 2015 के IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम का हिस्सा थे। बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन को किसी ने नहीं खरीदा। वे 2021 में हैदराबाद की टीम में थे। बांग्लादेश के दाएं हाथ के बैटर लिटन दास भी नहीं बिके।

ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा, साउथ अफ्रीका के तब्रैज शम्सी, अफगानिस्तान के मुजीब-उर रहमान और वेस्टइंजडीज के अकील हुसैन को कोई खरीदार नहीं मिला। इनके अलावा इंग्लैंड के क्रिस जॉर्डन और न्यूजीलैंड के एडम मिल्न भी नहीं बिके। विकेटकीपर में बांग्लादेश के लिटन दास, श्रीलंका के कुसल मेंडिस और इंग्लैंड टॉम बैंटन भी अनसोल्ड रहे।

2. इंग्लिश-ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर्स पूरा सीजन खेलेंगे
बेन स्टोक्स, कैमरून ग्रीन और सैम करन जैसे टॉप इंग्लिश और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी IPL 2023 के पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे। BCCI ने IPL टीमों को भेजे एक पत्र में कहा है कि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों के IPLके पूरे सीजन में उपलब्ध रहने की पुष्टि की है।

3. पांच भारतीय बॉलर्स पर लग सकता है बैन
BCCI ने कहा है कि ऑक्शन के लिए शामिल किए गए 5 भारतीय गेंदबाजों पर उनके संदिग्ध एक्शन के लिए बैन लग सकता है। जिसमें मुंबई के स्पिनर तनुष, केरल के रोहन, विदर्भ के अपूर्व वानखेड़े, गुजरात के चिराग गांधी और महाराष्ट्र के रामकृष्णन घोष शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *