कर्नाटक में केजरीवाल बोले, डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ गया अब ‘नए इंजन’ की चाहिए सरकार

Front-Page National Politics

नई दिल्ली:-कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए आम आदमी पार्टी ने कमर कस ली है। अपने कील कांटे दुरूस्त कर लिए हैं। चुनाव इस मई तक होने की पूरी संभावना है। कर्नाटक के दावणगेरे में दिल्ली सीएम व आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहाकि, डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ गया है, हमें ‘नए इंजन’ की सरकार चाहिए। हिंदू मठों में जो दान जा रहा है, उसमें भी कमीशन मांगा जा रहा है। इसको लेकर पीएम नरेंद्र मोदी को बताया जाता है, लेकिन वो कुछ नहीं बोलते। कर्नाटक में सब कुछ बिकता है। यहां हर चीज का रेट चल रहा है। लेक्चर बनने के लिए 25 लाख रुपए चाहिए है। पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहाकि, त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय चुनाव परिणाम के बाद पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय जाते हैं और अपने भाषण में AAP का जिक्र करते है। लेकिन हम तो इन तीनों राज्यों में चुनाव ही नहीं लड़े। पीएम मोदी को डर लगता है, कहते हैं कि कट्टर ईमानदार लोगों से बचकर रहना। सही कह रहे हैं कि बचकर ही रहना, जितनी तेजी से AAP बढ़ रही है, उससे पीएम मोदी जल रहे हैं।

मनीष सिसोदिया के घर पर रेड मारी कुछ नहीं मिला

कर्नाटक के दावणगेरे शहर में एक जनसभा में कहा कि, BJP के एक नेता का बेटा 8 करोड़ रुपए के साथ पकड़ा गया। उसे गिरफ़्तार नहीं किया है, हो सकता है अगले साल उसको पद्म भूषण दे दें। 8 करोड़ रुपए उसके घर से मिले और गिरफ़्तार मनीष सिसोदिया को किया। मनीष सिसोदिया के घर पर रेड मारी कुछ नहीं मिला।

कर्नाटक में 40 प्रतिशत कमीशन की सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत

हुबली पहुंचने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, कर्नाटक में 40 प्रतिशत कमीशन की सरकार है। इसे उखाड़ फेंकने की जरूरत है। लोग जानते हैं कि हमने नई दिल्ली में क्या हासिल किया है। हमारा उद्देश्य राज्य में ईमानदार और स्वच्छ सरकार प्रदान करना है। केजरीवाल ने आगे कहा कि हम कर्नाटक में आम आदमी पार्टी (आप) को मजबूत कर रहे हैं।

किसानों की समस्याएं हल करेगी AAP – भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि, कर्नाटक में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। हमने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू की है। लेकिन, कर्नाटक सरकार ने ओपीएस को लागू करने की परवाह नहीं की है। आम आदमी पार्टी किसानों की समस्याओं का समाधान करेगी। हम राज्य में स्वच्छ और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार लाएंगे।