हरियाणा में खड़गे बोले- मोदी झूठों के सरदार:हम बताएंगे देश कैसे चलाते हैं; भूपेंद्र हुड्‌डा ने कहा- हम 10 की 10 सीटें जीतेंगे

Front-Page Loksabha Election National Politics

ऑल इंडिया कांग्रेस (AICC) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार को हरियाणा पहुंचे। यहां उन्होंने यमुनानगर के जगाधरी में रैली को संबोधित किया। इस दौरान खड़गे ने पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री झूठा है। ऐसे प्रधानमंत्री को अगर मैं झूठों का सरदार बोलूंगा तो क्या गलत है। खड़गे ने कहा हमारे लोगों को चुनो। हम बता देंगे कि देश कैसे चलता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हुड्‌डा साहब ने हमको कहा है हम हरियाणा में ज्यादा से ज्यादा सीट लाएंगे। इस पर मंच पर बैठे पूर्व सीएम हुड्‌डा ने कहा- हम 10 की 10 सीटें लाएंगे।

इस रैली के बाद खड़गे चंडीगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा, हरियाणा पार्टी अध्यक्ष चौधरी उदयभान के साथ मीटिंग करेंगे। शाम चार बजे के करीब वह एक प्रेंस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

कल राहुल गांधी हरियाणा में आएंगे
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के 22 मई को हरियाणा रहेंगे, यहां उनके तीन बड़े कार्यक्रम रखे गए हैं। सबसे पहले वह चरखी दादरी में एक रैली को संबोधित करेंगे, जो भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट का एक हिस्सा है, और बाद में सोनीपत लोकसभा में कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी के लिए वोट मांगेंगे।

शाम को राहुल गांधी पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में ‘संविधान सम्मान सम्मेलन’ की अध्यक्षता करेंगे। सभी कार्यक्रमों में राहुल गांधी के साथ हुड्डा भी मौजूद रहेंगे।

खड़गे ने कहा-हरियाणा को हम नंबर वन बनाएंगे

खड़ने ने कहा कि हरियाणा को हम नंबर वन बनाएंगे। मोदी नहीं बना पाए, इनके चेले भी नहीं बना पाए। हम करेंगे। ये सोचते ही रहेंगे।

मोदी कभी महंगाई के बारे में बात नहीं करते। बेरोजगारी इतनी बढ़ी है, उस पर नहीं बोलते। पेट्रोल 2014 में 66 रुपए था, मोदी साहब आपके जमाने में 102 रुपए है, डीजल हमारे जमाने में 52 रुपए था, आज 90 रुपए है। यही हाल एलपीजी का भी है।

भाजपा वाले गांधी फैमिली को गाली देते:खड़गे

कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि हम जो ये लड़ाई लड़ रहे हैं वह संविधान बचाने की लड़ाई है। इसमें सब कुछ है, सबको बचाने के अधिकार हैं। इसको बचाने के लिए राहुल गांधी भी लड़ रहे हैं। आप लोग भी लड़ रहे हैं। लड़ाई उनके साथ है जो इसे मिटाना चाहते हैं। आखिर दम तक लड़ेंगे। आरएसएस और बीजेपी संविधान को खत्म करना चाहती है। हमारे साथ आप हैं, हम आपके साथ हैं। कोई हमें मिटा नहीं सकता। दिल्ली की गलियों में फिर रहे हैं, पहले नहीं फिरते थे। हर जगह रोड शो कर रहे हैं। पहले बाहर ही नहीं निकलते थे। पहले दूरदर्शन था, दिखते नहीं थे। दूर से दिखते थे। अब जीप से घूम रहे हैं। राहुल गांधी पर जब तक नहीं बोलते, तब तक उनका खाना हजम नहीं होता। गांधी फैमिली को गाली देते हैं। भाई सत्ता तुम्हारे पास है I

हमारा घोषणा पत्र सब के लिए हैं: खड़गे

उन्होंने कहा कि ये नौकरी ही नहीं देना चाहते हैं। बातें ऐसी ऐसी करेंगे, एक बार तो बोले कि मैं बुलेट ट्रेन चलाऊंगा। पहले एक लाख करोड़ रुपए बताए, अब दो लाख करोड़ रुपए उसकी कीमत हो गई, लेकिन बुलेट ट्रेन नहीं ला पाए। अब गठबंधन की सरकार आने वाली है। मैं ये दावे के साथ कह रहा हूं। हमारा घोषणा पत्र सबके लिए है। किसी एक कौम, किसी एक वर्ग के लिए नहीं। 140 करोड़ लोगों के लिए यह घोषणा पत्र है। फिर मोदी ये कहते हैं कि यह मुसलिम लीग का पत्र है। अगर तुम्हें पढ़ना नहीं आता तो हम एक बंदा भेजेंगे, वह तुम्हें पढ़कर सुनाएगा।

मोदी किसी को पक्की नौकरी नहीं देता: खड़गे

उन्होंने कहा कि मोदी की हमेशा की आदत है कि वह किसी को पक्की नौकरी नहीं देते हैं। बेरोजगार ही रखना चाहते हैं। बहुत से सरकारी नौकरी में निकलते हैं, जब वह कंपटीशन पास कर लेते हैं, फिर पेपर लीक हो जाता है। हरियाणा में 1 लाख 82 हजार नौकरियां खाली हैं, उनके चेले यहां नौकरी नहीं दे रहे हैं। वह इसलिए नहीं दे रहे हैं क्योंकि वह नौकरी दलितों को जाएंगी, पिछड़ों को जाएंगी। उन्होंने एक नया सिस्टम शुरू किया, अग्निवीर शुरू कर दिया।

25 को अगर तुम जिता कर लाए तो रियल चौधरी बनेगा। अग्निवीर जैसी योजनाओं के कारण यहां के लोग जमीनें बेंच कर अपने बच्चों को रोजगार के लिए विदेश भेज रहे हैं।

मोदी ने सबका सत्यानाश कर दिया: खड़गे

खड़गे ने कहा कि उन्होंने यहीं तक नहीं छोड़ा। दिल्ली के बॉर्डर पर हरियाणा के किसान, पंजाब के किसान 14 महीने तक बैठे रहे। आंदोलन चला, लेकिन मोदी ने इस पर कोई बात नहीं की। तीनों कृषि कानूनों के जरिए किसानों के हक को खत्म करने का काम किया। जब हम लोग उठे, आप लोग उठे तो उन्होंने तीनों कानूनों को खत्म किया। बॉर्डर पर 750 किसान मर गए।

कभी उनके बारे में उन्होंने सोचा नहीं। केंद्रीय मंत्री के बेटे ने अपनी जीप लाकर चार लोगों को कुचल दिया। ऐसे लोगों को पार्टी ने टिकट दिया। जो किसानों के खिलाफ हैं, उन्हें मोदी ने बचाया। इसके बाद भी यही कहता है कि सबका साथ सबका विकास किया। अरे तुमने सबका साथ तो दिया, लेकिन सबका सत्यानाश कर दिया।

प्रधानमंत्री झूठ बोलता है: खड़गे

खड़गे ने कहा कि पहले इलेक्शन में उन्होंने बोला कि कांग्रेस वाले बहुत धन कमाए हैं, और बड़े बड़े अमीर लोग कालाधन रखकर स्विस बैंक में रखे हैं। वह पैसा लाकर मैं हर परिवार को 15-15 लाख रुपए दूंगा, लेकिन क्या वह मिला आपको। दूसरा बोला कि 15-16 में मैं अपने हर युवा को नौकरी दूंगा, लेकिन नौकरी नहीं दी। क्या ऐसा कहीं होता कि प्रधानमंत्री झूठ बोलता है।

तीसरी बात, उन्होंने कहा कि मैं किसानों की आमदनी डबल करके दूंगा, क्या आपकी आमदनी डबल हुूई। ये क्या है, क्या ये झूठा आदमी है या सच्चा आदमी है। तो प्रधानमंत्री झूठा है। ऐसे प्रधानमंत्री को अगर मैं झूठों का सरदार बोलूंगा तो क्या गलत है।

हम काम करके दिखाते हैं: खड़गे

उन्होंने कहा कि हम मोदी की तरह बात नहीं करते हैं, काम करके दिखाते हैं, लेकिन फिर भी बीजेपी के लोग बार बार ये कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने 55 साल में क्या किया। मैं बार बार बोलता हूं ये बात मत बोलिए। मोदी अपने साथियों को कहो, कि कांग्रेस ने क्या किया। ये पूछिए कांग्रेस ने क्या नहीं किया। हमने इतना काम किया कि आप प्रधानमंत्री बने, नहीं तो आपको पूछने वाला कोई नहीं था।

जब पंडित, बाबा साहब ने मिलकर संविधान बनाया, उसी से ही आप प्रधानमंत्री बने हो। ये किसकी देन है, ये देश के संविधान की देन है। फिर भी आज बीजेपी पूछती है कि आपने क्या किया। हमनें बहुत कुछ किया। दस साल पहले हरियाणा में जो विकास हुआ था, तब यहां का उद्योग कितना आगे था।

खड़गे ने राजीव गांधी को याद किया

खड़गे ने कहा कि सबसे पहले मैं भारत रत्न राजीव गांधी के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आप सभी जानते हैं कि अब तक सबसे भारी बहुमत में कांग्रेस को 414 सीटें मिली थीं। उस समय पार्टी का नेतृत्व राजीव गांधी कर रहे थे। एंटी डिफेक्शन लॉ, आज जो चीजें हमारी जीवन पर असर डाल रही हैं, जैसे संचार, उन्होंने ही रखी थी। आधुनिक पंचायत विकास की बुनियाद भी उन्होंने रखी। जिसके कारण तीस लाख पैंतालीस हजार पंचायतों का विकास हुआ। ऐसा मौका सिर्फ राजीव गांधी ने दिया। आज महिलाएं सरपंच हैं, दलित सरपंच हैं, ओबीसी सरपंच हैं। आज सभी वर्गों को राजनीति में मौका मिला है, ये कांग्रेस की वजह से ही मिला है।

राजीव गांधी आप तमाम वोटर्स को वोटिंग का अधिकार देने के लिए उम्र को 21 से घटाकर 18 साल कर दिया।