क्राइस्टचर्च टेस्ट में कीवियों की वापसी:पहली पारी में 373 रन बनाए, मिचेल ने जड़ा शतक; दूसरी पारी में श्रीलंका का स्कोर 83/3

Sports

क्राइस्टचर्च:-श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में पहला टेस्ट खेला जा रहा है। शनिवार को तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका ने दूसरी पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 83 रन बना लिए हैं। वहीं न्यूजीलैंड ने वापसी करते हुए पहली पारी में 373 रन बनाए। इससे पहले तीसरे दिन न्यूजीलैंड अपनी पहली पारी में 5 विकेट पर 165 रन से आगे खेलते हुए 211 रन जोड़कर 5 विकेट खो दिए और पहली पारी में 373 रन का स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने 102 रन की शतकीय पारी खेली।

तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका ने 65 रन की बढ़त ले ली है। एंजेलो मैथ्यूज 20 और प्रभात जयसूर्या 2 रन बनाकर नाबाद हैं। श्रीलंका के तीनों विकेट ब्लेयर टिकनर लिए।

डेरिल मिचेल की शानदार शतकीय पारी
न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने 102, मैट हेनरी 72 और टॉम लाथम ने 67 रन की शानदार पारी खेली। इनके अलावा डेवोन कॉनवे 30, नील वैगनर 27, माइकल ब्रेसवेल और टिम साउदी 25-25 रन का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने 4 और लाहिरू कुमारा ने 3 विकेट झटके।

WTC फाइनल में बने रहने के लिए सीरीज क्लीन स्वीप करना जरूरी
श्रीलंका को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में बने रहने के लिए दो टेस्ट मैचों की सीरीज को न्यूजीलैंड से क्लीन स्वीप करना होगा। वहीं अगर गुरुवार से अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के साथ शुरू हुए चौथे टेस्ट मैच को भारत जीत लेता है तो इस सीरीज का असर नहीं पड़ेगा। श्रीलंका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की होड़ से बाहर हो जाएगा।

दूसरे दिन का खेल
श्रीलंका ने दूसरे दिन 305/6 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया था। टीम 355 रन पर ऑलआउट हो गई थी। शुक्रवार को दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने 5 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। डेवोन कॉन्वे और केन विलियमसन के आउट होने के बाद न्यूजीलैंड के लिए टॉम लाथम 67 रन बनाकर आउट हुए और टीम ने 162 रन बनाए।

फोटोज मे देखे Day 3…..

लाथम का अर्धशतक
न्यूजीलैंड का पहला विकेट 67 रन के स्कोर पर गिर गया था। ओपनर डेवोन कॉनवे 88 गेंदों पर 30 रन बनाकर असिता फर्नान्डो के गेंद पर LBW हो गए। टीम को चार रन के अंदर ही दूसरा झटका लगा। केन विलियमसन 11 गेंदों पर 1 रन बनाकर लाहिरू कुमारा के गेंद पर दिमुथ करुणारत्ने को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। हेनरी निकोलस के रूप में टीम को तीसरा झटका लगा। हेनरी 6 गेंदों पर 2 रन बना कर आउट हो गए। तीन विकेट पर स्कोर महज 76 रन था।

शुरूआती 3 झटके के बाद लाथम ने टीम के लिए बड़ी पारी खेली। उन्होंने 144 गेंदों का सामना कर 67 रन बनाए। श्रीलंका के लिए असिता फर्नान्डो और लाहिरू कुमारा ने 2-2 विकेट लिए, वहीं 1 विकेट कसून रजीथा के हिस्से आया।

श्रीलंका की पहली पारी
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया था। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 355 रन बनाए। श्रीलंका के लिए कुशल मेंडिस और दिमुथ करुणारत्ने के बीच शतकीय और एंजेलो मैथ्यूज- दिनेश चांदीमल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। श्रीलंका के लिए कुशल मेंडिस ने सबसे ज्यादा 87 रन बनाए। उनके अलावा दिमुथ करुणारत्ने 50, एंजेलो मैथ्यूज 47 और धनंजय डिसिल्वा ने 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।