हिमाचल-उत्तराखंड में लैंडस्लाइड,नेशनल हाईवे ब्लॉक:मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई शहरों में पानी भरा;तेलंगाना में एक हफ्ते में 8 लोगों की मौत

Front-Page National

नई दिल्ली:-तेलंगाना, महाराष्ट्र समेत देश के 21 राज्यों में शुक्रवार को भारी बारिश का अलर्ट है। शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में बड़ा लैंडस्लाइड हो गया। वहीं, हिमाचल के शिमला और किन्नौर में लैंडस्लाइड के चलते नेशनल हाईवे-5 ब्लॉक हो गया।

पिछले 24 घंटे में तेलंगाना में 97 मिमी, यानी करीब 4 इंच और महाराष्ट्र में 27.8 मिमी बारिश हुई। तेलंगाना के मुलुगु,जयशंकर भूपालपल्ली, जनगांव, भद्राद्रि कोठागुडेम, करीमनगर, हनुमाकोंडा और वारंगल जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। एक हफ्ते में बारिश से संबंधित घटनाओं में 8 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में आज सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।

उधर, महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, कोल्हापुर और नागपुर समेत कई शहरों में भी गुरुवार को तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ। मुंबई में आज भी भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य के नांदेड़ में कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। 50 से ज्यादा परिवारों को शिफ्ट करना पड़ा, वहीं 2 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र में NDRF की 13 टीमों को स्टैंडबाई पर रखा गया है।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश।

इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: झारखंड और मेघालय में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

बारिश की संभावना नहीं: केरल, तमिलनाडु और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है।

मौसम से जुड़े अन्य अपडेट्स..

  • दिल्ली में यमुना का जलस्तर (205.83 मीटर) अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है। अगले 5 दिनों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
  • उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड और पहाड़ों से मलबा गिरने के चलते गंगोत्री-यमुनोत्री नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गया है।
  • देश के 32% जिलों में सूखे के हालात हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, मणिपुर, झारखंड और बिहार के कई जिलों में औसत से भी कम बारिश हुई है।