पंचतत्व में विलीन हुए ‘नेताजी’ , राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार , अखिलेश यादव ने दी मुखाग्नि , कई दिग्गज राजनेता हुए अंतिम संस्कार में शामिल

Front-Page National Uncategorized

सैफई ( उत्तर प्रदेश ) : समाजवादी पार्टी के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का मंगलवार को उनकै पैतृक निवास स्थान सैफई में अंतिम संस्कार हो गया। उनके बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार को हो गया था। वे कई बीमारियों से ग्रसित थे और लगभग एक महीने पहले भर्ती कराए गए थे। 

समाजवादी पार्टी के संस्थापक पूर्व रक्षामंत्री धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव को श्रद्धाजंलि देने के लिए सैफई में जनसैलाब उमड़ पड़ा। डेढ़ लाख से ज्यादा लोग पहुंचे ।सभी अपने नेता के अंतिम दर्शन करने के लिए उतावले दिखाई दिए। लोगों में एक-दूसरे को धकेलकर आगे बढ़ने की होड़ मची रही। मंच पर सांसद से लेकर विधायक और यहां तक कि बड़े नेता भी लाइन में लगे। दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, राज्य मंत्री असीम अरुण, सांसद रीता बहुगुणा जोशी, देवेंद्र सिंह भोले, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी श्रद्धाजंलि अर्पित की।

अभिनेता अभिषेक बच्चन ने भी मुलायम सिंह के दर्शन किए। वहीं उद्योगपति अनिल अंबानी ने भी नेता जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सैफई पहुंचे। यहां गहलोत मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और नेता जी को श्रद्धांजलि दी। वह दोपहर एक बजकर 45 मिनट के करीब सैफई पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *