महादेव का महापर्व:उज्जैन में 18 लाख से ज्यादा दीये जलाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड; काशी में 7 लाख और महाकाल में 6 लाख भक्त पहुंचे

Front-Page National

उज्जैन/वाराणसी:-शिव-पार्वती के विवाह उत्सव शिवरात्रि पर देशभर के शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। उज्जैन में शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम में क्षिप्रा नदी के तट पर एक साथ 21 लाख दीये जलाए जा रहे हैं। ऐसा करके वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। इसके लिए 52 हजार लीटर तेल, रुई की 25 लाख बाती, 600 किलो कपूर और चार हजार माचिस मंगाई गई हैं। अभी तक अयोध्या में 15.76 लाख दीये जलाने का रिकॉर्ड है।

उज्जैन के शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम की खास बात यह है कि पूरा कार्यक्रम जीरो वेस्ट है। इधर, काशी से लेकर महाकाल तक हजारों शिव के दर्शन कर चुके हैं, तो कई जगह श्रद्धालु कतारों में इंतजार कर रहे हैं। वाराणसी में पांच लाख लोग बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, उज्जैन के महाकाल में भी करीब छह लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

उज्जैन: रात 2.30 बजे खोले गए महाकाल के द्वार, 4 बजे भस्म आरती
महाकाल मंदिर में शुक्रवार रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारों को देखते हुए शनिवार सुबह 2:30 बजे ही पट खोल दिए गए थे। इसके बाद महाकाल की भस्म आरती की गई और सुबह चार बजे से भक्तों को मंदिर में प्रवेश दिया गया। भीड़ मैनेज करने के लिए पास लेने वाले लोगों को गर्भगृह के करीब गणेश मंडपम और बाकी श्रद्धालुओं को छत के रास्ते कार्तिक मंडपम से दर्शन कराए गए।

मंदिर में दर्शन का सिलसिला 19 फरवरी की रात 11 बजे मंदिर के पट बंद होने तक यानी 44 घंटे तक चलता रहेगा। इस दौरान चार प्रहर भगवान महाकाल की पूजा अर्चना की जाएगी। बाबा का दूल्हे के रूप में श्रृंगार किया गया। 19 फरवरी को सुबह 11 बजे महाकाल का सेहरा उतारा जाएगा। उनके स्वर्ण आभूषण लॉकर में रखकर सील किए जाएंगे। दोपहर 12 बजे से भस्म आरती होगी, जो साल में एक बार ही दिन में होती है।

वाराणसी: काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए 3 से 4 किमी लंबी लाइन
काशी विश्वनाथ मंदिर का पट सुबह 3.30 बजे खुल गया था। इसके बाद आरती और पूजा की गई। इसके बाद मंदिर भक्तों के लिए खोल दिया गया। भक्तों की 3 से चार किमी लंबी-लंबी लाइन देखी गई। लाइन में लगने से लेकर दर्शन करने तक में औसतन 30 से 35 मिनट का वक्त लगा।

वेरावल: सोमनाथ में चार घंटे की विशेष पूजा, महामृत्युंजय यज्ञ
गुजरात के द्वारका में स्थित सोमनाथ ज्योतिर्लिंग में शिवरात्रि के मौके पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। साथ ही महामृत्युंजय यज्ञ का आयोजन भी किया गया। सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं को प्रवेश देना शुरू किया गया, जो दिनभर लगातार जारी रहा। हालांकि, प्रशासन ने यहां पहुंचने वाले लोगों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है, लेकिन भीड़ को देखते हुए अनुमान है कि डेढ़ से दो लाख लोग अब तक मंदिर में दर्शन कर चुके हैं।

देवघर: बाबाधाम में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी
बिहार के देवघर में बाबाधाम के नाम से मशहूर वैद्यनाथ धाम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु महादेव के दर्शन करने पहुंचे। यहां शुक्रवार रात से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। प्रशासन ने यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

धर्मपुर, गुजरात: 31 लाख रुद्राक्ष से 31.5 फीट ऊंचा शिवलिंग
गुजरात के धर्मपुर में 31 लाख रुद्राक्षों से 31.5 फीट ऊंचा शिवलिंग बनाया गया। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की 2 किमी लंबी लाइन देखी गई। भीड़ को देखते हुए मंदिर के पट तड़के 3 बजे खोल दिए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *