रोहतक पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह:बोले-महात्मा गांधी ने कहा था कांग्रेस को भंग कर दें,सभी मिलकर उनकी बात पूरी करें

Front-Page Loksabha Election National Politics

रोहतक:-रोहतक में शुक्रवार को भाजपा के उम्मीदवार डॉ. अरविंद शर्मा अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उनका नामांकन पत्र दाखिल कराने के लिए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम नायब सिंह सैनी रोहतक पहुंच चुके हैं।

कांग्रेस हिंदू-मुसलमानों को बांटती है

रैली को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस हिंदू मुसलमान में बांटना चाहती है। लेकिन भाजपा धर्म जाति की राजनीति नहीं करती। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति महात्मा गांधी की इच्छा को आज सभी मिलकर पूरा करें। आजादी के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि आप कांग्रेस को भंग कर दें। लेकिन कांग्रेस वालों ने उनकी बात को नहीं माना, आज सभी मिलकर उनकी बात को पूरा करें।

आज भारत कमजोर देश नहीं

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज भारत देश कमजोर नहीं रहा। आज सीमा पर दुश्मनों को धूल चटाता है तो वहीं दुश्मन देश में जाकर भी मार गिराता है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव ठीक ढंग से निपट जाएगा और कांग्रेस भी ठीक ढंग से निपट जाएगी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह चुनाव की घोषणा के बाद हरियाणा में पहला कार्यक्रम करने आए हैं। इससे पहले में देश के विभिन्न प्रदेशों में कार्यक्रम करते रहे हैं, लेकिन हरियाणा में पहली बार आए। उन्होंने कहा कि डॉ अरविंद शर्मा लोकसभा में सबसे प्रभारी ढंग से अपने क्षेत्र की समस्याएं उठाते हैं। उन्होंने गुजरात में भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुने जाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेसी कहते हैं कि यह लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह नहीं पता कि इससे पहले 28 बार प्रत्याशी निर्विरोध सांसद बने हैं। इनमें से 20 बार कांग्रेस के सांसद निर्विरोध जीते हैं। क्या उस समय संसद लोकतंत्र खतरे में नहीं था।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसा और कहा कि अमेठी को राहुल गांधी ने छोड़ दिया है। वहां से कोई उम्मीदवार कांग्रेस को नहीं मिल रहा है। पिछली बार भी राहुल गांधी ने भाजपा के डर के कारण वायनाड से चुनाव लड़ा था। अगर इसी तरह राहुल गांधी रण छोड़ते रहे तो कहीं उनका नाम ही ना बदल जाए। मैं खुद के मुंह से नहीं कहना चाहता, लेकिन सब जानते हैं कि रणछोड़ को क्या कहा जाता है।

कांग्रेस ने प्रदेश में कराए दंगे : सीएम

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस के शासनकाल का अंतर देखें तो कांग्रेस में सिर्फ भ्रष्टाचार ही दिखाई देता है। हरियाणा में जहां नौकरियों को लेकर कांग्रेस सरकार में बोलियां लगती थी, वही आज गरीब का बच्चा बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी लग रहा है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में दंगे कराने का काम किया है।

हरियाणा में मिलता है फसलों पर एमएसपी : शर्मा

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा उम्मीदवार डॉक्टर अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य जहां पर 14 फसलों पर एमएसपी मिलता। 2014 व 2024 में फसलों के भाव में दिन रात का अंतर है। देश ही नहीं प्रदेश में भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेंगी। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समक्ष अहीर रेजिमेंट बनाने की मांग रखी। साथ ही सैनिक स्कूल व सीएसडी कैंटीन बनाने की मांग की‌। अरविंद शर्मा ने कहा कि अगर वे इस बार मैट्रो को सांपला व रोहतक तक तथा झज्जर तक नहीं ला पाए तो वे राजनीति छोड़ देंगे। 2019 का चुनाव नहीं लड़ेंगे, यह उनका निजी फैसला है।

आपको बता दें कि, 2019 चुनाव में भी रोहतक सीट पर भाजपा व कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी और डॉ. अरविंद शर्मा ने जीत दर्ज की थी। भाजपा ने इस बार भी उन्हीं पर विश्वास जताया और दांव खेला है।

रोहतक लोकसभा के रिटर्निंग अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार लोकसभा के 6 चरण के चुनाव के लिए 6 मई तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं। हालांकि 5 मई को रविवार होने के कारण नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। निर्धारित दिवस में सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक ही नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। आयोग के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 7 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 9 मई को उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे।