ममता बनर्जी के माथे पर गंभीर चोट लगी:घर में टहलने के दौरान मुंह के बल गिर गई थीं,टांके लगाए गए

Front-Page National

कोलकाता:-पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी (70 साल) घर में गिरने से गंभीर रूप से चोटिल हो गई हैं। टीएमसी ने बताया कि उनके माथे पर गंभीर और गहरी चोट आई है।

उधर मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ममता गुरुवार को कालीघाट स्थित अपने घर में टहल रही थीं। तभी वह गिर गईं। मुंह के बल गिरने के कारण उनके माथे पर चोट लगी है।

मौके पर मौजूद स्टाफ उन्हें घर के अंदर ले गया। इसके बाद भतीजा अभिषेक बनर्जी उन्हें अस्पताल ले गए। हादसे की वजह अब तक साफ नहीं हुई है।

3 दावे किए जा रहे
पहला: ममता अपने घर पर ट्रेडमिल से गिर गईं।
दूसरा: ममता घर में फिसल कर गिर गई। उनका माथा कमरे में रखी अलमारी से टकरा गया, जिससे उन्हें चोट लग गई।
तीसरा: ममता दरियाहाट से अपने घर लौट रही थीं। तभी राजबिहारी मोड़ पर उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया।

2023 में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग में ममता बनर्जी घायल हुई थीं
ममता बनर्जी को 27 जून को विदेश यात्रा के दौरान बाएं घुटने में चोट लग गई थी। इसी घुटने में उन्हें साल 2023 की शुरुआत में हेलिकॉप्टर से उतरते समय भी चोट लगी थी। उनके घुटनों की जांच SSKM अस्पताल में की गई। इसमें ममता के बाएं पैर के घुटने के लिगामेंट में चोट का पता चला। साथ ही उनके बाएं कूल्हे के जोड़ में भी लिगामेंट की चोट के निशान थे। अस्पताल में उन्हें भर्ती होने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने कहा कि वह घर पर ही रहकर इलाज जारी रखेंगीं।

021 के विधानसभा चुनाव के दौरान पैर में चोट लग गई थी
इसके पहले 10 मार्च 2021 को ममता बनर्जी नंदीग्राम में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के दौरान घायल हुई थीं। ममता के पैर में चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें कोलकाता के SSKM हॉस्पिटल में तीन दिन तक एडमिट रहना पड़ा। डॉक्टरों ने उनके पैर पर प्लास्टर चढ़ाया था। इसके बाद ममता ने व्हीलचेयर पर बैठकर ही विधानसभा चुनाव प्रचार किया था।