जयपुर में रोड शो के बाद मोदी-मैक्रों ने चाय पी:जंतर-मंतर में गले मिले दोनों नेता,राजस्थान की कला-संस्कृति से रूबरू हुए फ्रांसीसी राष्ट्रपति

Front-Page International Jaipur Rajasthan

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों दो दिन (25-26 जनवरी) की भारत विजिट पर हैं। वो गुरुवार दोपहर 2:30 बजे राजस्थान के जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मैक्रों आमेर फोर्ट पहुंचे।

आमेर किला पर मैक्रों के साथ विदेश मंत्री जयशंकर और राजस्थान की डिप्टी CM दीया कुमारी भी मौजूद रहीं। इस दौरान उन्होंने राजस्थान का पारंपरिक कच्छी घोड़ी लोक नृत्य देखा। साथ ही स्कूल-कॉलेज के छात्रों से मुलाकात की।

जंतर-मंतर पर मोदी से मिले
इस बीच शाम 4:30 प्रधानमंत्री जयपुर पहुंचे। यहां से वो जंतर-मंतर गए। शाम करीब 6 बजे राष्ट्रपति मैक्रों से उनकी मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया और जंतर-मंतर घूमा। यहां दोनों ने सम्राट यंत्र को देखा। यह जंतर-मंतर पर सबसे बड़ा यंत्र है। इसकी ऊंचाई 90 फीट है।

मोदी-मैक्रों ने रोड शो किया
शाम करीब 6:45 बजे PM मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों का रोड शुरू हुआ। डेढ़ किलोमीटर लंबे इस रोड शो के दौरान राष्ट्रपति मैक्रों और PM मोदी ने हवा महल देखा। इसे देखते समय मैक्रों ने 2 सवाल भी पूछे। पहला- हवा महल में कितनी खिड़कियां हैं। दूसरा- इसमें लगे शीशे का रंग नीला क्यों है।

मैक्रों ने जयपुर की गलियों में शॉपिंग की
रोड शो खत्म करने के बाद दोनों नेताओं ने जयपुर की गलियों में शॉपिंग की। इस दौरान मोदी ने मैक्रों को UPI पेमेंट डिजिटल सिस्टम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने 500 रुपए में राम मंदिर का मॉडल खरीदा और UPI पेमेंट किया। इसे तुरंत राष्ट्रपति मैक्रों को गिफ्ट कर दिया। इसके बाद दोनों नेताओं मे चाय पी। इसका पेमेंट राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने UPI से किया।

गणतंत्र दिवस परेड में चीफ गेस्ट होंगे मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत के गणतंत्र दिवस परेड में यानी 26 जनवरी को बतौर चीफ गेस्ट शामिल होंगे। ​ऐसा छठी बार है जब कोई फ्रांसीसी राष्ट्रपति भारत की गणतंत्र दिवस परेड में चीफ गेस्ट बन रहा है।