BJP का 44वां स्थापना दिवस:मोदी ने कहा- भाजपा हनुमानजी के ‘कैन डू’ एटीट्यूड की तरह काम करती है, सबकी मदद करती है

Front-Page National

नई दिल्ली:-भाजपा ने गुरुवार को अपना 43वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को 45 मिनट तक संबोधित किया। आज हनुमान जयंती है तो उनके कामों का उदाहरण देकर भाजपा की कार्यशैली का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा हनुमानजी के ‘कैन डू’ एटीट्यूड की तरह काम करती है और सबकी मदद करने की कोशिश भी करती है।

पीएम ने जनसंघ और आज की भाजपा की बात की। कहा कि कार्यकर्ता अतिआत्मविश्वास में ना रहें। लोगों से जुड़ें। कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों पर निशाना साधा। कहा कि ये दल भाजपा के काम को पचा नहीं पा रहे हैं। ये हताश लोग कह रहे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। उन्होंने भाजपा के फ्यूचर प्लान को भी कार्यकर्ताओं के साथ शेयर किया।

मोदी ने कहा, ‘आज तक जिन महान लोगों ने पार्टी को संवारा है, समृद्ध और सशक्त किया है, उन कार्यकर्ताओं और नेताओं को शीश झुकाकर प्रणाम करता हूं।’ 43 साल पहले 6 अप्रैल 1980 को भाजपा का गठन हुआ था।

मोदी के स्पीच की 5 बड़ी बातें, कहा- कई लोगों को भाजपा के काम पच नहीं रहे

1. भाजपा हनुमानजी से प्रेरणा लेती है: ‘हनुमानजी सब कुछ कर सकते हैं, सबके लिए करते हैं, लेकिन अपने लिए कुछ नहीं करते। यही भाजपा की प्रेरणा है। एक और प्रेरणा है। जब हनुमानजी को राक्षसों का सामना करना पड़ा तो वो कठोर हो गए। जब भ्रष्टाचार, परिवारवाद, कानून-व्यवस्था की बात आती है तो भाजपा उतनी ही संकल्पबद्ध हो जाती है मां भारती को मुक्त कराने के लिए।

हनुमानजी का पूरा जीवन देखें तो उनके भीतर का कैन डू एटीट्यूड और संकल्पशक्ति हर प्रकार की सफलता में बहुत बड़ी भूमिका अदा करती है। कौन सो काज कठिन जग माही, जो नहिं होइ तात तुम पाहीं। ऐसा कोई भी काम नहीं है, जो हनुमान नहीं कर सकते। लक्ष्मण पर संकट आया तो हनुमान संजीवनी पर्वत ले आए। भाजपा भी लोगों की समस्या हल करने के लिए ऐसा प्रयास करती रही है, करती रहेगी। राम काज किन्हें बिनु मोहि कहां विश्राम।

2. हताश विपक्ष कह रहा- मोदी तेरी कब्र खुदेगी: ‘जब हमारा मजाक उड़ाकर सफल नहीं हुए तो बादशाही मानसिकता वाले लोगों की नफरत और बढ़ गई। दशकों से हिंसा झेल रहे कश्मीर और नॉर्थ ईस्ट में शांति का सूरज उगेगा, ये उन्होंने सोचा नहीं था। आर्टिकल 370 इतिहास हो जाएगा, ये उन्होंने कल्पना नहीं की थी। जो काम दशकों तक नहीं हुए, वो भाजपा कैसे कर रही है, वो इन्हें पच नहीं रहा है।’
‘नफरत से भरे ये लोग झूठ बोले जा रहे हैं। अपने भ्रष्ट कर्मों का खुलासा होते देख ये बेचैन हैं और हताशा से भर गए हैं। इतने निराश हैं कि एक ही रास्ता दिख रहा है। खुलकर कह रहे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। वो कब्र खोदने की धमकी दे रहे हैं

3. आज आम लोग भाजपा की ढाल बनकर खड़े हैं: ‘बादशाही मानसिकता वाले इन लोगों को और पार्टियों को एक बात पता नहीं है। आज देश का गरीब, आम आदमी, युवा, माताएं-बहनें, शोषित-वंचित हर कोई भाजपा के कमल को खिलाने और रक्षा करने के लिए ढाल बनकर खड़ा है। लेकिन हमारा जोर विकास, देशवासियों के कल्याण पर है।’

4. एक सांस में जितना बोल पाया, बोल दिया: मैं आंकड़े देता रहता हूं। 15-20 दिन की बात बताता हूं। जीएसटी के बाद किसी एक वित्तीय वर्ष में 18 लाख करोड़ रुपए का कलेक्शन, 16 लाख करोड़ का टैक्स दिया गया, यूपीआई से 14 लाख करोड़ ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड बना, 750 अरब के पार एक्सपोर्ट पहुंचा, 16 हजार करोड़ का डिफेंस एक्सपोर्ट हुआ, रेलवे ने डेढ़ हजार मीट्रिक टन से अधिक फ्रेट लोडिंग की। ये रिकॉर्ड दिखाते हैं कि देश कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक सांस में जितना बोल पाया मैं, उतना बोल दिया।

भाजपा के लिए फ्यूचर पॉलिटिक्स के 6 मंत्र दिए
1. टेक्नोलॉजी में अव्वल रहें

मोदी ने कहा, “हम पार्टी में टेक्नोलॉजी को हर स्तर पर आगे लेकर आएं। विभिन्न स्तरों पर टेक्नोलॉजी सेल बना सकते हैं, जो आधुनिक टेक्नोलॉजी को मॉनीटर कर ये बताएं कि ये जनता तक कैसे पहुंचेगी। सोशल मीडिया में नए तरीकों पर सोचना होगा। आजकल रील, यू-ट्यूब, फीचर, इंस्टाग्राम के जमाने में युवा पीढ़ी में प्रोफेशनल्स से जुड़ने के लिए नए आयामों को विकसित करना है। कम्युनिकेशन और इन्फर्मेशन भाजपा के विस्तार में नई भूमिका निभाएंगे।

2. MP-MLA कार्यकर्ताओं से जानकारी साझा करें
उन्होंने कहा, “पंचायत से पार्लियामेंट तक प्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं की ट्रेनिंग के नए प्लेटफॉर्म बनाने होंगे। संगठन शक्ति और कार्यकर्ता हमारी प्राण शक्ति हैं। उन्हें ये जानकारियां दें। सांसदों पर प्रेशर रहता है, लेिकन उनके पास जानकारियों के जरिए भी बहुत हैं। वो कार्यकर्ताओं से साझा कर सकते हैं।”

3. दुनिया की दूसरी पार्टियों से भी सीखें
PM बोले, “दूसरों से सीखने के लिए हमें हर तरफ नजर रखनी होगी। विश्व की दूसरी लोकतांत्रिक पार्टियों से संवाद बनाने होंगे। महिला और यूथ विंग दूसरे देशों की पार्टियों से सीखें।”

4. सेलीब्रेशन करें, साथ ही कमर भी कसें
मोदी ने कहा, “जब हमारे सामने 2047 के विकसित भारत का लक्ष्य है तो ये जिम्मेदारी है िक परिश्रम में कोई कमी नहीं छोड़ेगा। सेलीब्रेशन करना है, पर चुनौतियों के लिए कमर भी कसनी है। संविधान की सीमाओं में रहना है।”

5. BJP को भविष्य की पार्टी बनना है
उन्होंने कहा, “मुद्दे उठाने के साथ भविष्य के नजरिए के साथ उनकी तकलीफों से मुक्ति के आधुनिक तरीके क्या हों। समाधान उधार की सोच से नहीं, भारत की जड़ों, परंपराओं, लोगों के अनुभव के अमृत से निकालने हैं। भाजपा को 21वीं सदी की भविष्य की पार्टी बनाना है।”

6. अतिआत्मविश्वास का शिकार न हों, चुनाव में परिश्रम करें
वे बोले, “हमें अति आत्मविश्वास का शिकार नहीं होना है। लोग अभी से कह रहे हैं कि 2024 में भाजपा को कोई नहीं हरा सकता। यह बात सही है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता के नाते हर नागरिक का दिल जीतना होगा। हर चुनाव उसी परिश्रम से लड़ना है, जैसा 80 के दशक से लड़ते आए हैं।”